The Lallantop

पंजाब और मुंबई के बीच पोलार्ड के अलावा दो अच्छी परफॉरमेंस और थीं

पोलार्ड ने खेली कैप्टंस इनिंग्स.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
आईपीएल 2019. मैच नंबर 24. वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियन्स और किंग्स इलेवन पंजाब एक दूसरे के सामने थीं. ये दोनों टीमें इससे पहले मोहाली में खेल चुकी थीं और उस मैच में मुंबई इंडियन्स हार गई थी. उस मैच में केएल राहुल ने शानदार बैटिंग की थी और बिना आउट हुए 71 रन बनाए थे. इस मैच में भी केएल राहुल ने शानदार बैटिंग की और सेंचुरी मारी. अपनी पहली आईपीएल सेंचुरी. लेकिन इसके बावजूद मुंबई इंडियन्स पंजाब से बेहतर साबित हुई और उसने आख़िरी गेंद पर मैच जीत लिया. पंजाब ने पहले बैटिंग करते हुए 197 रन बनाए. ये डिफेंड करने के लिहाज़ से एक अच्छा स्कोर होता है. लेकिन मुंबई ने इस पहाड़ को चढ़ लिया और पॉइंट्स टेबल में भी एक लम्बी छलांग लगा दी. मैच के दौरान कुछ अच्छी परफॉरमेंस देखने को मिलीं. उनके बारे में बात करते हैं -

1. पोलार्ड

Pollard MI vs KXIP IPL 2019 insta कीरोन पोलार्ड. मुंबई इंडियन्स की ओर से खेलने वाला ऑल राउंडर जो कि पिछले काफ़ी वक़्त से बॉलिंग करता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है. साल 2018 पोलार्ड के लिए एक निराश करने वाला साल रहा. लेकिन 2019 में शुरुआती धीमी इनिंग्स के बाद पोलार्ड ने गज़ब का कम-बैक किया है. मुंबई इंडियन्स की बैटिंग की वो रीढ़ बन गए हैं. अपने पिछले मैच में सनराइज़र्स हैदराबाद को हराने  बाद इस मैच में भी उन्होंने ही मुख्य भूमिका निभाई और अपनी टीम को जीत के दरवाज़े तक ले गए. पोलार्ड ने इस मैच में खुद को प्रमोट किया और ताबड़तोड़ बैटिंग की. उनकी बैटिंग का आलम ये था कि उन्होंने 31 गेंदों में 267.74 के स्ट्राइक रेट से 83 रन बनाए. अपनी इस इनिंग्स में पोलार्ड ने 10 छक्के मारे और 3 चौके लगाए. पोलार्ड ने चूंकि खुद को प्रमोट किया था इसलिए उनके पास इनिंग्स बनाने का भरपूर टाइम था और फ़िनिश करने का कोई दबाव नहीं था. उन्होंने शुरुआत से ही मारना शुरू किया और पंजाब के मेन बॉलर सैम करन को खूब पीटा. पंजाब सैम की बॉलिंग पर काफ़ी निर्भर रहती है और ऐसे में जिस तरह से पोलार्ड ने उन्हें अच्छे शॉट्स लगाए, पंजाब की मुसीबतें वहीं से शुरू हो गई थीं.

2. मोहम्मद शमी

Md Shami IPL 2019 KXIP vs MI भले ही पंजाब की टीम हारी और उनके ख़िलाफ़ एक बड़े टार्गेट को चेज़ भी लर लिया गया, मोहम्मद शमी काफ़ी किफायती बॉलर साबित हुए. उन्होंने 4 ओवर में 21 रन दिए और 3 विकेट्स भी लिए. उनके विकेट्स में सिद्धेश, हार्दिक और क्रुनाल पंड्या शामिल थे. ये तीनों ज़रूरी विकेट्स थे. लेकिन हुआ ये कि शमी को किसी भी और बॉलर का साथ नहीं मिला और पंजाब उनकी बॉलिंग को कैश-इन नहीं करवा पाई.

3. लोकेश राहुल

KL Rahul IPL 2019 KXIP vs MI मुंबई को पंजाब की इनिंग्स के पहले 20-30 मिनट में ही ये समझ में आ गया कि पहले बॉलिंग करने का उनका फ़ैसला उतना काम नहीं कर सकेगा. क्यूंकि इतनी देर में क्रिस गेल और केएल राहुल ने मिलकर ढेरों रन बना दिए थे. दोनों ने मिलकर 116 रन बनाए. क्रिस गेल 13वें ओवर में 36 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन उनके जाने के बाद केएल राहुल लगे हुए थे. वो पूरे 20 ओवर खेले. उनका फाइनल स्कोर था 100 रनों का. केएल राहुल ने 64 गेंदें खेलीं और आईपीएल में अपनी पहली सेंचुरी बनाई. राहुल ने अपनी पूरी इनिंग्स में 6 चौके और इतने ही छक्के मारे. राहुल इस पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने इस सीज़न में मुंबई इंडियन्स के ख़िलाफ़ पहले मैच में 71 नॉट आउट मारे थे. साल 2018 का आईपीएल भी केएल राहुल के नाम रहा था जहां उन्होंने पंजाब को अपने कंधे पर लेकर आगे बढ़ाया था. इस साल भी अपनी 7 इनिंग्स में केएल राहुल ने 317 रन बना दिए हैं और वो ऑरेन्ज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर हैं. उनके आगे डेविड वॉर्नर हैं जो कि उनसे महज़ 32 रन आगे हैं. मुंबई के ख़िलाफ़ अपनी इस इनिंग्स में एक मौके पर केएल राहुल स्लो पड़ गए थे. शुरुआत में जब गेल और राहुल खेल रहे थे तो आने वाले बल्लेबाज़ों को नज़र में रखते हुए किंग्स इलेवन पंजाब का फाइनल स्कोर 220 के आस पास दिखाई पड़ रहा था. लेकिन फिर गेल और मिलर के विकेट्स के बाद राहुल अपने शेल में चले गए और वो अपनी इनिंग्स को एंकर करने के फेर में पड़ गए. बीच के ओवर्स में मुंबई इंडियन्स ने अच्छा कम-बैक किया और स्पिनर्स ने रन बनाना थोड़ा सा मुश्किल कर दिया. केएल राहुल और बाकी बल्लेबाज़ों के लिए मौसम थोड़ा सा बिगड़ा और नतीजतन उनपर आख़िरी के ओवर्स में ज़बरदस्त रन बनाने का एक्स्ट्रा दबाव बढ़ गया. अंत में ले-दे कर लोकेश राहुल की सेंचुरी पूरी हुई और टीम का फाइनल स्कोर 197 रन रहा.
  वीडियो देखें:

इशांत शर्मा को छोड़कर बाकी खिलाड़ियों के साथ बहुत बुरा हुआ -

Advertisement

Advertisement
Advertisement