यशस्वी जायसवाल कमाल की फ़ॉर्म में हैं. इंग्लैंड के साथ चल रही टेस्ट सीरीज़ में उन्होंने खूब रन बनाए. इस सीरीज़ के दौरान जायसवाल की जेम्स एंडरसन के साथ की राइवलरी ने भी खूब चर्चा बटोरी. जायसवाल ने एंडरसन के खिलाफ़ खूब रन बटोरे थे. धर्मशाला में 7 मार्च को शुरू हुए सीरीज़ के पांचवें टेस्ट में उन्होंने युवा इंग्लिश स्पिनर शोएब बशीर के खिलाफ़ भी आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने बशीर के खिलाफ़ खूब रन बनाए, हालांकि बशीर ने ही उनका विकेट भी लिया. और इसके बाद जो सेलिब्रेशन किया, उसे देख लोगों को अंडरटेकर याद आ गए.
यशस्वी को आउट कर बशीर ने दिखाई ऐसी आंख कि लोगों को अंडरटेकर याद आ गए!
Yashasvi Jaiswal इंग्लैंड के खिलाफ़ बेहतरीन फ़ॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने पांच मैच की टेस्ट सीरीज़ में सात सौ से ज्यादा रन बना डाले. लेकिन धर्मशाला में उनके आउट होने के बाद जो हुआ, उसने खूब चर्चा बटोरी है.

इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीत, पहले बैटिंग का फैसला किया. कुलदीप यादव की अगुवाई में भारतीय बोलर्स ने कमाल की बोलिंग करते हुए इंग्लैंड को 218 पर समेट दिया. कुलदीप ने पांच जबकि रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट निकाले. इंग्लैंड के लिए ज़ैक क्रॉली ने सबसे ज्यादा, 79 रन की पारी खेली. इसके बाद टीम इंडिया बैटिंग के लिए आई.
यह भी पढ़ें: बेयरस्टो, रूट और स्टोक्स ने उड़वाया ऐसा मजाक, इंग्लैंड से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक बने जोक्स!
यशस्वी और रोहित ने संभलकर शुरुआत की. फिर नौवें ओवर में शोएब बशीर बोलिंग पर आए. यशस्वी ने उनका स्वागत तीन छक्कों के साथ किया. पहले ही ओवर में जायसवाल ने बशीर को धुन डाला. ये धुनाई यहीं नहीं रुकी. उन्होंने बशीर की 25 गेंदों पर 46 रन बना डाले. यानी बशीर जब भी सामने पड़े, जायसवाल ने उन्हें धुना. जायसवाल ने इसी पारी में हजार टेस्ट रन भी पूरे कर लिए, इसमें से सात सौ तो इसी सीरीज़ में आए हैं.
इन सबके बीच जायसवाल ने अपने करियर की चौथी फ़िफ़्टी भी जड़ डाली. फिर आया 21वां ओवर. जायसवाल ने बशीर को लगातार बाउंड्रीज़ मारीं. और इसके साथ ही लोगों को लगा कि अब ये पारी लंबी जा रही है. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. जायसवाल ने आगे निकलकर एक और छक्का मारना चाहा, लेकिन बशीर ने ये गेंद विकेट से दूर फ़ेंक दी. और जायसवाल इससे कनेक्ट नहीं कर पाए. विकेटकीपर बेन फ़ोक्स ने स्टंप कर जायसवाल को वापस भेजा.
इसके साथ ही जायसवाल और रोहित के बीच की 104 रन की साझेदारी खत्म हुई. जायसवाल को आउट करने के बाद बशीर ने उन्हें बहुत बुरी तरह से घूरा. और ये देख लोगों को अंडरटेकर याद आ गए. इधर जायसवाल के आउट होने से कप्तान रोहित शर्मा बहुत निराश दिखे. बाद में उन्होंने भी पचासा पूरा किया. दिन का खेल खत्म हुआ तो भारत ने एक विकेट खोकर 135 रन बना लिए थे. कप्तान रोहित के साथ शुभमन गिल 26 रन बनाकर नाबाद लौटे.
वीडियो: English Team को ऑस्ट्रेलियन मीडिया ने बुरा ट्रोल कर दिया!













