India ने Pakistan के खिलाफ मैच से अपने T20 World Cup 2021 कैम्पेन की शुरुआत की थी (एपी फाइल)
इंडियन क्रिकेट टीम T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है. इस हार के तमाम कारण गिनाए जा रहे हैं. टीम सेलेक्शन, कप्तानी, प्लेयर्स का परफॉर्म ना करना, थकान, बायो-बबल... इन तमाम कारणों में एक नया कारण जुड़ चुका है. न्यूज़ीलैंड के पूर्व पेसर और मौजूदा वक्त में कॉमेंट्री कर रहे साइमन डल की मानें तो टीम इंडिया की हार में ICC के ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स का भी बड़ा रोल है. डल ने भारत के अंतिम 12 से बाहर होने के लिए ब्रॉडकास्टर की
'अकड़' को जिम्मेदार ठहराया है. गौरतलब है कि भारत ने अपने दो सबसे कड़े मुकाबले सबसे पहले खेले. पाकिस्तान और फिर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हुए इन मुकाबलों में मिली हार के चलते टीम वर्ल्ड कप से जल्दी बाहर हो गई. इवेंट में ICC के लिए कॉमेंट्री कर रहे डल ने क्रिकबज़ से कहा कि टीम इंडिया का बुरा हाल इसलिए हुआ क्योंकि उनके मैच
'पीक टाइम' पर कराने की लालसा थी. डल ने कहा,
'मुझे नहीं पता कि इसे दयालुता के साथ कैसे पेश करें लेकिन इस शेड्यूलिंग में एक अकड़ तो थी. इस टूर्नामेंट की शेड्यूलिंग ब्रॉडकास्टर के हिसाब से हुई थी और वह यही चाहते थे. इसमें ICC और ब्रॉडकास्टर शामिल थे. वे चाहते थे क्योंकि यह छुट्टियों का सीजन था और यह दिवाली के आसपास था और वे इन मैचों को पीक टाइम पर चाहते थे, और इसमें अकड़ थी. इसे ऐसे कह सकते हैं- हम ठीक हैं, हम इन मैचों को वैसे भी जीत ही लेंगे.'
डल ने शेड्यूल के बारे में बात करते हुए आगे कहा,
'मुझे यकीन है कि भारत का पहला मैच पाकिस्तान से ही होना था, और मैं सोचता हूं कि इससे भयानक माहौल बनता है. लेकिन न्यूज़ीलैंड वाला मैच हमेशा ही आपका लास्ट ग्रुप मैच होना चाहिए. आज रात न्यूज़ीलैंड का मैच होना चाहिए था, सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए इंडिया-न्यूज़ीलैंड को भिड़ना चाहिए था. और ऐसी ही शेड्यूलिंग सही होती.'
डल ने यह भी साफ कर दिया कि शेड्यूलिंग के लिए टीम इंडिया को दोषी नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा,
'मुझे लगता है कि यह कुछ ज्यादा ही हो रहा है, लेकिन मैं कुछ रोककर रखने वालों में से नहीं हूं. लेकिन शेड्यूलिंग में अकड़ तो थी. इंडियन टीम की इसमें कोई गलती नहीं है. मैं ये नहीं कह रहा कि उन्होंने किया, क्योंकि इससे उनका कोई मतलब नहीं है. यह ब्रॉडकास्टर के एंड की चीज है, यही कारण है. तथ्य यह है कि वे पहले दो मैचों में अच्छा नहीं खेले, यह एक टीम के तौर पर उनकी गलती है, लेकिन शेड्यूलिंग उनकी गलती नहीं है.'
जाहिर है, टीम हारी है तो कई तरह की बातें होंगी ही. और ये सारी बातें टीम इंडिया के फ़ैन्स को चुभेंगी भी और इन चुभने वाली बातों में साइमन डल की ये बात भी शामिल रहेगी. लेकिन देखने वाली बात ये होगी कि टीम इंडिया और BCCI इस हार से सीखकर सुधार करेंगे या नहीं.