ऑस्ट्रेलिया टीम की बस पर पत्थर पड़ने के बाद अब फैन्स उनसे माफ़ी मांग रहे हैं
10 अक्टूबर को गुवाहाटी में हुए टी-20 के बाद किसी ने टीम बस पर पत्थर फेंका था.
Advertisement

फोटो - thelallantop
10 अक्टूबर 2017. गुवाहाटी के मैदान पर इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज़ का दूसरा टी-20 खेला जा रहा था. मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता. इंडिया किसी भी वक़्त मैच जीतती नहीं दिख रही थी. खैर, असली खेल मैच के बाद हुआ. जब ऑस्ट्रेलिया की टीम मैदान से वापस होटल जा रही थी तो किसी ने एक बड़ा सा पत्थर ऑस्ट्रेलिया की टीम बस पर फेंक दिया. बस का शीशा फूट गया और पत्थर अन्दर जाकर गिरा. एरॉन फिंच ने फ़ोटो ट्वीट की और बताया कि ये काफी डरावना अनुभव था. इसके बाद इंडियन फैन्स की काफ़ी आलोचना भी हुई और होनी भी चाहिए.
खैर, अब फैन्स ऑस्ट्रेलिया की टीम से माफ़ी मांग रहे हैं. गुवाहाटी में जिस होटल में ऑस्ट्रेलिया की टीम रुकी हुई थी, उस होटल के बाहर इंडियन क्रिकेट फैन्स इकठ्ठा हुए. उनके हाथ में पोस्टर्स थे जिनपर 'सॉरी' लिखा हुआ था. पत्थर फेंके जाने की शर्मनाक घटना पर फैन्स ऑस्ट्रेलिया की टीम से माफ़ी मांग रहे थे. पुलिस ने दो लोगों को बस पर पत्थर फेंकने के शक में गिरफ्तार भी किया था. ऑस्ट्रेलिया के साथ पिछले कुछ वक़्त में ये पहली बार नहीं है जब उनपर पत्थर फेंका गया हो. पांच हफ़्ते पहले बांग्लादेश टूर पर दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल ख़त्म होने के बाद टीम जब होटल में वापस जा रही थी तो उनकी बस पर पत्थर फेंका गया था. ऑस्ट्रेलिया अगला और इस सीरीज़ का आखिरी मैच हैदराबाद में 13 अक्टूबर को खेलेगी. सीरीज़ फिलहाल 1-1 पर रुकी हुई है और हैदराबाद के मैच को जीतने वाली टीम सीरीज़ अपने नाम करेगी. हैदराबाद में सिक्योरिटी सिचुएशन और भी टाइट कर दी गई है और कोशिश की जाएगी की कोई भी ऐसी हरकत दोबारा न कर सके.
Advertisement













