The Lallantop

कभी-कभी लगता है कि अपुनिच ही भगवान है- रोहित की बैटिंग पर क्या बोला सोशल मीडिया?

हर्षा भोगले ने टीम इंडिया को कौन सी सलाह दे डाली.

Advertisement
post-main-image
इंडिया ने सुपर ओवर में मैच जीतकर इतिहास रच दिया है.
क्रिकेट के खेल में रोमांच को एक नया पता मिला है. इंडिया बनाम न्यूज़ीलैंड. तीसरा T20I. हैमिल्टन में इंडियन क्रिकेट टीम ने झामफाड़ जीत दर्ज की है. धड़कनें रोक देने वाले इस मुकाबले को इंडिया ने सुपर ओवर में जीता. आखिरी गेंद पर चार रन बनाने थे. रोहित शर्मा दो कदम आगे निकल गए. छक्का मारकर मैच जिता दिया. इंडिया की पहली पारी में 40 गेंदों पर 65. सुपर ओवर में चार गेंदों पर नाबाद 15 रन. रोहित शर्मा की बैटिंग की चमक के आगे कीवी टीम पस्त हो गई. केन विलियमसन की 95 रनों की लाजवाब पारी का कोई कीवी टीम को कोई फायदा नहीं मिला. रोहित की धमाकेदार पारी के बीच एक और हीरोबाजी थोड़ी छुप सी गई. मोहम्मद शमी का आखिरी ओवर. न्यूज़ीलैंड को अंतिम ओवर में जीत के लिए 9 रन बनाने थे. पहली गेंद फुलटॉस चली गई. छक्का लगा. इसके बाद अंतिम पांच गेंदों पर तीन रन नहीं बनने दिए. मैच टाई होकर सुपर ओवर में पहुंचा. वहां रोहित शर्मा का बल्ला तैयार था. इंडिया की इस दिल धड़काऊ जीत पर ज़माना लहालोट है. सोशल मीडिया पर बधाईयों की बाढ़ आई है. तारीफों के मचान बांधे जा रहे हैं. उन्हीं मे से हम आपके लिए कुछ सैम्पल लेकर आए हैं- विरेंदर सहवाग ने ट्वीट किया,
ऐसा लगता है अपुन इच भगवान है! रोहित शर्मा के लिए ये बिल्कुल फिट बैठता है, जिस तरह से उन्होंने असंभव को संभव बना दिया. लेकिन चार गेंदों में दो रन बचाने वाले शमी का प्रयास अविश्वसनीय था. यादगार है ये जीत.
वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा,
क्या शानदार जीत है. मोहम्मद शामी ने मेन गेम में चार गेंदों में दो रन बचाकर शानदार काम किया. और रोहित शर्मा ने एक बार फिर ये साबित किया है कि क्यों वे दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं. ये मैच लंबे समय तक याद रखा जाएगा.
मोहम्मद कैफ़ ने भी टीम इंडिया को जीत की बधाई दी. किस अंदाज में, खुद पढ़ लीजिए,
जब चार गेंदों में दो रन बनाना आसान था, शमी ने खूबसूरत गेंदबाजी की और मैच टाई पर समाप्त हुआ. और तब, सुपर ओवर में दो गेंदों में 10 का लक्ष्य पार कर हिटमैन ने बताया कि क्यों वे इस युग के सबसे महान खिलाड़ी हैं. स्पोर्ट्स आपको हमेशा सिखाता है, कभी हौसला मत छोड़ना!
रविचंद्रन अश्विन ने लिखा,
क्रिकेट का महान खेल और सुपर ओवर में जीत दिलाने वाले रोहित शर्मा का कूल अंदाज शानदार था.
मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले जीत से खुश तो दिखे, लेकिन गलतियों से सीख लेने की सलाह भी दे डाली. उन्होंने लिखा,
जब भारत एक और सीरीज जीत का जश्न मना ले, एक बार फिर से यादगार कहानियों से भरे इस दिन को सेलिब्रेट कर ले. लेकिन एक बार जब वे इस खुमार से जग जाएं, उन्हें अपनी फील्डिंग के बारे में सोचने की ज़रूरत है.
टीम इंडिया ने न्यूज़ीलैंड में पहली बार T20I सीरीज़ अपने नाम की है. इस रोमांचक जीत पर आपकी क्या राय है, कमेंट करके बताना ना भूलें.
वीडियो : भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने बताया, कैसे टीम से जाने के बाद वो मरते मरते बचे?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement