**********
इंडिया-ऑस्ट्रेलिया के मैच में खिलाड़ी कट्टे लेकर उतरेंगे क्या?
कम से कम टीवी पर जो प्रोमो चल रहा है, उस से तो ऐसा ही लग रहा है.


इंडिया और ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज़ शुरू होने को है. टी-20 में बारिश ने टांग दे दी और सीरीज़ टाई रही. हा र्कोई इस बात से इत्तेफ़ाक रखेगा कि ये सीरीज़ एक अच्छी सीरीज़ होगी और कुछ ही महीने में ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले वर्ल्ड कप से पहले ये दोनों ही मज़बूत टीमें अपना-अपन झंडा गाड़ने को आतुर होंगी. इस लिहाज़ से ये और भी मज़ेदार सीरीज़ बन पड़ी है. ऐसे में ये भी साफ़ है कि टीवी को भी एक बहुत बड़ी व्यूवरशिप मिलेगी. लगभग ढाई महीने पूरे देश में कितने ही टीवी सेट्स पर एक समय एक ही चैनल देखा जा रहा होगा. किसी भी चैनल के लिए ये एकदम कार्निवल वाला टाइम होता है. इन्हीं मौकों के लिए कितने ही हज़ारों करोड़ की बोली लगाई जाती है और राइट्स ख़रीदे जाते हैं. और फिर मौका आने पर विज्ञापनों के ज़रिये क्रिकेट का उपभोग करने वालों को आमंत्रित भी किया जाता है. इस पूरी बात का मुद्दा वो आमंत्रण ही है जिसके लिए इतनी बड़ी भूमिका बनानी पड़ी और 1962 की उस सीरीज़ का ज़िक्र किया जिसके दौरान एक भरा-पूरा क्रिकेट करियर एक झटके में ख़त्म हो गया.
सोनी नेटवर्क ने एक हैशटैग के साथ इंडिया ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ का प्रोमो बनाया. हैशटैग है - छोड़ना मत. इस प्रोमो में जिन शब्दों का इस्तेमाल हुआ है उनकी लिस्ट देखते हैं - बवाल, गोंडोगोल, भाई सीन हो गया, भसड़, रांणा. ये सब कुछ क्रिकेट की एक सीरीज़ को परिभाषित करते हुए कहा गया है. सीरीज़ का नाम है इंडिया वर्सेज़ ऑस्ट्रेलिया. और अंत में आवाज़ आती है - छोड़ना मत!
ये क्या है? ये खेल है? लगता तो कतई नहीं. ऐसा मालूम देता है कि इस सीरीज़ में प्लेयर्स हाथ में कट्टे लेकर उतरेंगे. मैदान में उतरेंगे 13 खिलाड़ी और अपने पैरों पर वापस चलते हुए इक्के-दुक्के ही जाएंगे. एक प्रोमो ने खेल को जंगलीपन का मेन कोर्स बना दिया है. एक बेहद शानदार खिलाडी ने कुछ 22-23 साल के अनुभव के बाद कहा था कि जब आप पर पत्थर फ़ेंके जाएं तो ये आप का काम है कि उन्हें मील के पत्थरों में बदल के रख दें. टीवी चैनल ने क्रिकेट के खेल को पत्थरबाज़ी का खेल ही बना कर रख दिया.
एक प्रोमो ये भी था. चैनल नाइन का. यानी ऑस्ट्रेलिया में बना है.
सुनील गावस्कर और गुंडप्पा विश्वनाथ की बल्लेबाज़ी की तारीफ़ की है. गावस्कर को शक्तिशाली बताया है. शायद इसलिए बता सके क्योंकि ऑस्ट्रेलिया में कोई अमिताभ बच्चन नहीं पैदा हुआ और उसके ट्वीट को रीट्वीट करने वाला पूर्व भारतीय कप्तान भी नहीं. खैर, 80 के दशक में ट्विटर भी नहीं ही था. विशी के 5 फ़ुट 4 इंच कद के बारे में बात करते हुए कहा गया कि जब वो क्रीज़ पर खड़े होते हैं तो दैत्य की माफ़िक बैटिंग करते हैं. कपिल देव, वेंगसरकर और किरमानी का नाम लेने के बाद ये भी कहा जाता है कि बाकी खिलाड़ियों का नाम लेना उनके लिए पॉसिबल नहीं है और इसी के साथ इंडियन टीम का स्कोरबोर्ड दिखा दिया जाता है जहां सारी टीम 'टंगी' मिलती है. मेज़बानी यही होता है, शायद.
प्रोमो का अंत होता है - "कम ऑन ऑज़ीज़, कम ऑन! कम ऑन!" कुछ 35 सालों में टीवी के स्मार्ट होने और हैशटैग के जन्म लेने के बाद ये 'छोड़ना मत' में बदल चुका है.
क्या कीजियेगा?





















