कोहली आउट हो कर अंदर बैठे थे, बीच मैदान में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान उनकी छीछालेदर कर रहे थे
अजिंक्या रहाणे से बीच मैच में सवाल किया.
Advertisement

फोटो - thelallantop
इंडिया वर्सेज़ ऑस्ट्रेलिया. दूसरा टेस्ट और चौथा दिन. ऑस्ट्रेलिया ऑल आउट हो गई और इंडिया को जीतने के लिए 287 रन का टार्गेट मिला. इंडिया ने बैटिंग करनी शुरू की और पहले ही ओवर में पहला विकेट गिर गया. सच्चाई ये है कि किसी को भी इसमें कुछ भी अजीब नहीं लगा. राहुल या विजय में कोई न कोई पहले या दूसरे या बहुत हुआ तो तीसरे ओवर में फकीरों की तरह झोला उठा के चला ही जाता है. पुजारा आये और वो भी चलते बने. कोहली आये और 17 रन बनाकर निकल लिए. 3 विकेट के नुकसान पर इंडिया 49 रन पर बैटिंग कर रही थी. विकेट के पीछे कप्तान टिम पेन खड़े हुए थे. उनकी पिछली इनिंग्स में विराट कोहली से काफ़ी कहा-सुनी और बहस भी हुई थी. ऑस्ट्रेलिया को मैच अपनी जेब में मालूम पड़ रहा था. यही सच भी साबित होता दिख रहा है. अजिंक्य रहाने स्ट्राइक लेने की तैयारी कर रहे थे. और इसी वक़्त टिम पेन ने उनसे एक सवाल किया - "I know he is your captain. But you can't seriously like him as a bloke?" (मुझे मालूम है कि विराट कोहली तुम्हारा कप्तान है लेकिन एक इंसान के तौर पर उसे सच में पसंद नहीं किया जा सकता, है न?") रहाने स्वभाव से शांत खिलाड़ी हैं. लिहाज़ा वो चुप रहे लेकिन टिम पेन ने स्टंप माइक्स के ज़रिये ये बात सभी तक पहुंचा दी.
विराट कोहली के ऑन फ़ील्ड बिहेवियर पर उन्हें तमाम जगहों से लताड़ा जा रहा है. ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर ने तो यहां तक कह दिया था कि अगर कोहली के जैसे कोई ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर बिहेव कर रहा होता तो उसपर अभी तक कितनी ही कार्रवाई कर दी गई होतो. लेकिन कोहली नंबर एक टेस्ट बैट्समैन और भारतीय कप्तान होने के नाते बचते जा रहे हैं. एक दिन पहले ही कोहली और टिम पेन के बीच हुई कहा सुनी के दौरान जब कोहली ने कमेंट करते हुए टिम से कहा कि अगर उन्होंने कुछ भी गड़बड़ी की तो 2-0 हो जायेगा. इसके जवाब में टिम ने तुरंत ही कहा कि 2-0 करने के लिए कोहली की टीम को बैटिंग भी करनी होगी. ये साफ़ था कि टिम को अपनी बॉलिंग और इंडियन बैटिंग और पिच पर पूरा भरोसा था. कोहली के कहे शब्द अब उन्हें काटने को दौड़ रहे होंगे.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement




















