भारत से निपटने के लिए 21 साल के गेंदबाज़ को लाया साउथ अफ्रीका!
एनरिक नॉर्खिये पर भी आया अपडेट.
Advertisement

भारत के खिलाफ उतरने वाली साउथ अफ्रीका की ODI टीम और उनके कप्तान टेंड़ा बवूमा (पीटीआई)
भारत और साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज़ के बीच ही मेज़बान साउथ अफ्रीका ने वनडे टीम का ऐलान कर दिया है. भारत के खिलाफ 19 जनवरी से वनडे सीरीज़ का आगाज़ होगा. जिसके लिए साउथ अफ्रीका ने ODI टीम का ऐलान किया है. वनडे सीरीज़ के लिए मेज़बान टीम ने टेस्ट डेब्यू करने वाले अफ्रीकी तेज़ गेंदबाज़ मार्को येनसन को बुलावा भेजा है. येनसन के लिए ये पहली इंटरनेशनल वनडे सीरीज़ होगी. उनके अलावा टीम के अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ एनरिक नॉर्खिए टेस्ट सीरीज़ के बाद अब वनडे सीरीज से भी बाहर कर दिए गए हैं. क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने रविवार 2 जनवरी को एक ट्वीट कर वनडे टीम का ऐलान किया. साउथ अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज़ के लिए 17 खिलाड़ियों का चयन किया है. टीम की कप्तानी बल्लेबाज़ टेम्बा बवूमा संभालेंगे. जबकि टीम के उपकप्तान के तौर पर बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज़ केशव महाराज बवूमा का साथ देते नज़र आएंगे.
वनडे टीम के ऐलान में सबसे बड़ी खबर रही मार्को येनसन का टीम से जुड़ना. टेस्ट के बाद वनडे टीम में पहुंचे मार्को महज़ 21 साल के हैं. बाएं हाथ के इस तेज़ गेंदबाज़ ने हाल में ही भारत और साउथ अफ्रीका के बीच हुए पहले टेस्ट में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है. अपने पहले ही मैच में उन्होंने पांच विकेट निकाले और सबको अपनी गेंदबाज़ी से प्रभावित किया. येनसन के सिलेक्शन के बाद जो दूसरी सबसे बड़ी खबर रही, वो रही तेज़ गेंदबाज़ नॉर्खिए का टीम में शामिल ना होना. नॉर्खिए अभी अपनी कूल्हे की चोट से पूरी तरह रिकवर नहीं हुए हैं. इसी चोट के चलते उन्हें भारत के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज से भी बाहर होना पड़ा था. इन दोनों के अलावा कुछ और बड़े नाम भी हैं जो इस टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए हैं. इनमे नाम आता है अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी, बल्लेबाज़ राइली रूसो और ऑल राउंडर क्रिस मोरिस का. बताते चलें कि भारत और अफ्रीका के बीच एकदिवसीय सीरीज़ की शुरुआत बुधवार 19 जनवरी को पर्ल के बोलैंड पार्क मैदान से होगी. दूसरा वनडे मुक़ाबला भी इसी मैदान पर 21 जनवरी को खेला जाएगा. तीसरा और आखिरी मुक़ाबला 23 जनवरी को केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेला जाएगा.
Advertisement











