India vs New Zealand के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने में केवल 2 दिन बचे हैं. इस सीरीज के लिए टीम इंडिया ने अनुभवी के साथ नए खिलाड़ियों को भी मौका दिया है. प्रतिद्वंद्वी न्यूज़ीलैंड की टीम इस कॉम्बिनेशन से डरी हुई है. हमारे अनुभवी बल्लेबाजों से ज्यादा वो हमारे गेंदबाजों को लेकर आगाह है. न्यूज़ीलैंड के कोच गेरी स्टीड ने माना है कि भारतीय टीम के पास वर्ल्ड क्लास स्पिनर हैं. गेरी ने कहा कि अगर उन्हें ये सीरीज जीतनी है तो अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा और आर अश्विन के स्पिन ट्रायो से निपटना होगा. कोच गेरी स्टीड ने ये भी माना कि भारत को हराने के लिए न्यूज़ीलैंड को यहां की कंडीशन्स को भी जल्दी समझना होगा. भारतीय स्पिन गेंदबाजों की तिकड़ी से न्यूजीलैंड के कोच कितने खौफजदा हैं, ये उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में बता दिया. उन्होंने कहा,
‘जब भी आप यहां आते हैं तो अश्विन, जडेजा, अक्षर पटेल का सामना करना पड़ता है. मुझे लगता है कि वे इस माहौल में विश्व स्तरीय स्पिनर हैं... पिच हमें जो बता रही है और हमारे सामने जो सही है, उसके हिसाब से हमें खुद को ढाल लेना है.’
स्पिन को टैकल करने के तरीकों पर बात करते हुए किवी टीम के कोच ने कहा,
‘कभी-कभी जब आप मैच शुरू करते हैं, तो हो सकता है कि शुरू में आपको ज्यादा स्पिन ना मिले. लेकिन स्पिन बाद में आता है. तो हमारी टीम के लिए गेंदबाजों पर वापस अटैक करने के आइडियाज़ और तरीके महत्वपूर्ण होने वाले है.’
#बायो बबल थकान के चलते कौन हैं बाहर?
बायो बबल की थकान के चलते भारत के कुछ बड़े खिलाड़ियों को इस टेस्ट सीरीज में आराम दिया गया है. यही हाल न्यूजीलैंड की टीम का भी है. गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और ऑल राउंडर कोलिन डी ग्रैंडहोम भारत दौरे पर नहीं आए हैं. बायो बबल थकान के चलते ट्रेंट बोल्ट के सीरीज में शामिल नहीं होने पर कोच गेरी स्टीड ने कहा,
‘ट्रेंट बोल्ट लम्बे समय से न्यूज़ीलैंड के लिए शानदार गेंदबाज रहे हैं. लेकिन हमने फैसला किया कि इस समय उनके लिए सबसे अच्छी चीज़ घर जाकर मानसिक रूप से तरोताज़ा होना है. मैं ये जानता हूं कि भारत भी अपने कुछ खिलाड़ियों के साथ ऐसा कर रहा है. न्यूज़ीलैंड ट्रेंट बोल्ट को मिस नहीं करेगा, लेकिन भारत अपने खिलाड़ियों को मिस करेगा.’
बताते चलें कि भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 25 नवंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा.