The Lallantop

इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली पहले अपनी ही टीम से क्यों भिड़ेंगे!

टीम इंडिया के ऐसा करने के पीछे एक खास रणनीति है

Advertisement
post-main-image
भारतीय टीम जुलाई के महीने में इंग्लैंड का दौरा करने पहुंचेगी. फोटो: AP
भारतीय टीम का इस साल का पहला विदेशी दौरा अगस्त में शुरू होगा. उस समय टीम इंडिया इंग्लैंड के साथ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. उससे पहले टीम इंडिया अभ्यास के रूप में वॉर्म अप मैच खेलेगी. लेकिन इस बार भारतीय टीम इंग्लैंड की किसी ए टीम की बजाए खुद अपनी ही टीम के साथ ये मुकाबला करेगी. खबर के मुताबिक, टीम इंडिया का मैच इंडिया ए टीम से होगा. भारत के ये दोनों मुकाबले नॉर्थहेम्प्टनशर और लेस्टरशर में खेले जाएंगे. भारतीय टीम का पहला वार्म अप मैच 21 जुलाई से खेला जाएगा. वहीं, दूसरा वार्म अप मैच 28 जुलाई से शुरू होगा. इन दोनों मैचों के बाद भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज चार अगस्त से ट्रेंट ब्रिज में शुरू होगी. इस दौरे पर टीम इंडिया के मैचों के अलावा इंडिया ए के मैच भी खेले जाएंगे. इंडिया ए की टीम डर्बीशर और एसेक्स की टीमों के खिलाफ मैच खेलेगी. पहला मैच 12 जुलाई को 'फर्स्ट-क्लास काउंटी सलेक्ट XI' के खिलाफ खेला जाएगा. वहीं, टीम इंडिया के वार्म अप मैचों के लिए लेस्टरशर के चेयरमैन ने टिकटों की बिक्री का भी ऐलान कर दिया है. उन्होंने कहा,
''भारत की दो टीमों को टेस्ट सीरीज से पहले चार दिन के मैच में खेलते देखना, दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास मौका है. हमें उम्मीद है कि इस मैच के लिए टिकटों की बहुत ज़्यादा डिमांड होगी.''
टीम इंडिया का अपनी ही टीम के खिलाफ वार्म अप मैच खेलने के पीछे भी वजह है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 2019 में इंग्लैंड में खेली गई एशेज सीरीज की तैयारी के लिए ऐसा ही किया था. उन्होंने भी अपनी ही टीम के खिलाफ मैच खेलकर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खेली थी. क्यों खुद की टीम से खेलेगा भारत? दरअसल, इंग्लैंड को लेकर कहा जा रहा है कि बीते कुछ सालों से टूर मैचों के दौरान वह कमजोर टीम उतारता है. इसकी वजह से मेहमान टीम को प्रैक्टिस मैचों में खास तैयारी नहीं मिल पाती. मेजबान टीम अहम मुकाबलों के लिए अपने खिलाड़ियों को टूर गेम से बचाकर रखती है. इसकी वजह से अब मेहमान टीमें अपने ही देश की दूसरी टीमों के साथ अभ्यास या वॉर्म अप मैच खेलने का फैसला लेने लगी हैं. साल 2018 में भारत ने इंग्लैंड का दौरा किया था. तब उसे एसेक्स टीम के खिलाफ चार दिन का वार्म अप मैच खेलना था. लेकिन इस मैच को तीन दिन में ही खत्म कर दिया गया और भारत ने मैच के चौथे दिन खुद से प्रैक्टिस करने का फैसला लिया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement