The Lallantop

डीके शिवकुमार कर्नाटक के नए सीएम बनेंगे, सिद्दारमैया का प्रस्ताव पास

DK Shivkumar CLP Leader: कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार नए मुख्यमंत्री बनेंगे. कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग में उन्हें नेता चुन लिया गया है.

Advertisement
post-main-image
डीके शिवकुमार कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए. (फोटो- India Today)

कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार के कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया. सिद्दारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के विधायक दल ने शिवकुमार को अपना नेता चुन लिया है. पूर्व सीएम सिद्दारमैया ने ही उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वरन ने समर्थन दिया. इसके बाद पार्टी के विधायकों ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी. इसके साथ ही ये तय हो गया कि लंबी खीचतान के बाद आखिरकार डीके शिवकुमार के हाथों में राज्य की कमान होगी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

कर्नाटक में साल 2023 में विधानसभा चुनाव हुए थे. प्रदेश की 224 विधानसभा सीटों पर 13 मई 2023 को घोषित नतीजों में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की थी. उसे 135 सीटों पर जीत मिली थी. वहीं, सिर्फ 66 सीटें पाकर बीजेपी सरकार की विदाई हो गई थी. कांग्रेस की इस बड़ी जीत के पीछे डीके शिवकुमार को ‘हीरो’ बताया गया. वह सीएम पद के सबसे प्रबल दावेदार माने गए. हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्दारमैया की दावेदारी के आगे शिवकुमार को झुकना पड़ा. 

हालांकि, कथित तौर पर दोनों नेताओं के बीच ‘ढाई-ढाई साल सीएम बनने’ की डील हुई है. ऐसे में सिद्दारमैया सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद से ही कर्नाटक कांग्रेस में तनाव बढ़ गया था. इस तनाव का पटाक्षेप आखिरकार सिद्दारमैया के इस्तीफे के साथ हुआ.

Advertisement

ये भी पढ़ेंः CM की कुर्सी तो छोड़ दी सिद्दारमैया ने, लेकिन डीके और राहुल गांधी संग बड़ा 'खेल' कर गए

कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु में शनिवार, 30 मई को कांग्रेस के विधायक दल की बैठक हुई. निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि उनके इस्तीफे के बाद ये मीटिंग बुलाई गई. इसका मकसद कांग्रेस विधायक दल के नए नेता का चुनाव करना था. सिद्धारमैया ने कहा, 

मेरे इस्तीफे के बाद एक नए नेता का चुनाव होना है. अब तक डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री थे. उन्हें अब पार्टी का फ्लोर लीडर नामित किया गया है.

Advertisement
si
बैठक में एक नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला, जब रणदीप सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल ने सिद्धारमैया से अलग से मुलाकात की.
सिद्दारमैया ने रखा प्रस्ताव

इसके बाद सिद्धारमैया ने विधायक दल के नेता के लिए डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा. उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने इसका समर्थन किया. इसके बाद विधायकों ने इसे मंजूरी दे दी. कांग्रेस लेजिस्लेटिव पार्टी (सीएलपी) ने सिद्धारमैया के योगदान के लिए उन्हें ‘धन्यवाद’ देने वाला एक प्रस्ताव भी पारित किया. इस प्रस्ताव में सिद्धारमैया के 2013 से 2018 और 2023 से 2026 के बीच मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल और विपक्ष के नेता के रूप में उनकी भूमिका की सराहना की गई. सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, प्रशासनिक क्षमता, कांग्रेस विचारधारा के प्रति समर्पण और पार्टी नेतृत्व के प्रति निष्ठा को ऐसे गुणों के रूप में बताया गया, जिन्हें पार्टी के कार्यकर्ताओं को फॉलो करना चाहिए.

प्रस्ताव में ये भी कहा गया कि कांग्रेस सरकार सिद्दारमैया के आदर्शों पर ही आगे बढ़ेगी. कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इससे पहले उनके औपचारिक तौर पर सरकार बनाने का दावा पेश करने की भी उम्मीद है. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: क्या सिद्दारमैया ने जाते-जाते शिवकुमार को फंसा दिया?

Advertisement