The Lallantop

CUET की परीक्षा दो घंटे देरी से शुरू हुई, NTA की सफाई में TCS जिम्मेदार!

CUET की परीक्षा कई केंद्रों पर देर से शुरू हुई. इसको लेकर परीक्षा कराने वाली संस्था एनटीए निशाने पर है. राहुल गांधी ने इसे लेकर मोदी सरकार पर निशाना भी साधा है.

Advertisement
post-main-image
CUET परीक्षा देने आए छात्र. (फोटो- India Today)

Common University Entrance Test–Undergraduate (CUET-UG): भारत में परीक्षाओं के बुरे दिन चल रहे हैं. NEET पेपर लीक, लेखपाल परीक्षा में गड़बड़ी, सीबीएसई के पेपर चेकिंग पर सवाल, SSC-GD की परीक्षा में ‘मिस-मैनेजमेंट’ के बाद अब सीयूईटी (CUET) की परीक्षा विवादों में है. खबर है कि देशभर में कई केंद्रों पर CUET 2026 की परीक्षा शनिवार, 30 मई को तकनीकी खराबी की वजह से तय समय पर शुरू नहीं हुई. तमाम केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने में ढाई घंटे तक की देरी की गई. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

परीक्षा कराने वाली संस्था एनटीए ने इसकी जिम्मेदारी टाटा कंसल्टेंसी सर्विस पर डाली है, जिसको ऑनलाइन परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी. उधर इस गड़बड़ी से विपक्षी दलों को सरकार पर हमले का एक और मौका मिल गया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ये मौका लपकते हुए मोदी सरकार पर हमला बोल भी दिया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार का दावा विश्वगुरु बनने का है लेकिन वो देश में एक परीक्षा तक नहीं करवा पा रहे.

इंडिया टुडे से जुड़े अंकित मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी की राजधानी लखनऊ में NTA ने सूचना जारी की कि 30 मई वाली CUET (UG) परीक्षा TCS की तकनीकी समस्या के चलते कई केंद्रों पर देरी से शुरू हो रही है. समस्या दूर करने पर काम चल रहा है. जैसे ही ये ठीक होगा, परीक्षा तुरंत कराई जाएगी. परीक्षा देने आए छात्रों से कहा गया कि वो अपनी कक्षा में बैठे रहें और सेंटर के कर्मचारियों के साथ व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. एग्जाम के टाइम में अचानक से बदलाव ने उन अभिभावकों को भी परेशान कर दिया, जो अपने बच्चों को परीक्षा दिलाने आए थे. सूचना में उन्हें भी धैर्य रखने को कहा गया. 

Advertisement
NTA
केंद्र के बाहर इंतजार कर रहे छात्रों के परिजन. (फोटो- India Today)

रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ के कृष्णानगर में पवन ऑनलाइन सॉल्यूशन सेंटर में तय समय पर छात्र परीक्षा देने पहुंच गए थे, लेकिन काफी देर तक परीक्षा शुरू नहीं हो पाई. छात्रों ने बताया कि पहले उन्हें इंतजार करने के लिए कहा गया. बाद में करीब 11 बजे सूचना दी गई कि पहली पाली की परीक्षा 11:30 बजे से शुरू होगी. अचानक समय बदलने से भीषण गर्मी के बीच केंद्र के बाहर मौजूद बच्चों के गार्जियन नाराज हो गए. उनका कहना था कि पहले से किसी तरह की सूचना नहीं दी गई. व्यवस्था काफी खराब है. वो हंगामा करने लगे तो हालात को संभालने के लिए कृष्णानगर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा. पुलिस ने अभिभावकों को समझाकर हालात पर काबू पाया. इसके बाद परीक्षा की प्रक्रिया आगे बढ़ पाई.

एनटीए की सफाई आई

इस पूरे मामले को लेकर एनटीए ने भी सफाई दी. संस्था ने कहा कि देश भर में कई सेंटर्स पर तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा दो घंटे देर से शुरू हुई. इस बाधा के लिए संस्था ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को जिम्मेदार ठहराया, जिसे कंप्यूटर आधारित ये परीक्षा कराने का जिम्मा एनटीए ने दे रखा है. एजेंसी ने आगे बताया कि कुछ देर में समस्या को सुलझा लिया गया, जिसके बाद परीक्षा शुरू हो गई. जितनी देर से परीक्षा शुरू हुई, उतना अतिरिक्त समय छात्रों को दिया गया. 

NTA
NTA ने परीक्षा देरी से शुरू होने पर सफाई दी है. (फोटो- India today)

सीयूईटी की पहली पाली का पेपर 9 से होना था. इसके शुरू होने में देरी की वजह से दूसरी पाली का पेपर भी प्रभावित हुआ. दूसरी पाली के लिए सेंटर पर एंट्री जहां 1 बजे तय थी. डिले की वजह से ये टाइम ढाई बजे कर दिया गया. दूसरी पाली की परीक्षा 3 बजे की बजाय 4 बजे से शुरू हुई.

Advertisement
राहुल ने साधा निशाना

परीक्षा में देरी की मुद्दा राजनीतिक भी हो गया, जब कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे लेकर ट्वीट किया और मोदी सरकार पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने लिखा कि NEET. CBSE. SSC और आज CUET. 4 परीक्षाएं. एक करोड़ बच्चे. एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दावे ‘विश्वगुरु’ के हैं लेकिन देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते. पीएम मोदी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है.

वीडियो: ईरान पर अमेरिका ने फिर हमला क्यों कर दिया?

Advertisement