The Lallantop

इस सीरीज़ में तुमने... धर्मशाला में गिल ने बेयरस्टो को दिला दी विराट की याद!

इंग्लैंड वाले भारत से विदा हो रहे हैं. पांच मैच की टेस्ट सीरीज़ में उन्होंने चार मैच गंवाए. भारत इस सीरीज़ में विराट कोहली के बिना खेला था. लेकिन आखिरी टेस्ट तक आते-आते शुभमन गिल ने जॉनी बेयरस्टो को विराट की याद दिला दी.

Advertisement
post-main-image
शुभमन गिल ने जॉनी बेयरस्टो को सुना दिया (स्क्रीनग्रैब)

इंग्लैंड वाले विदा हुए. बड़ी-बड़ी बातें करते हुए इंडिया आए थे, बड़े-बड़े अंतर से चार टेस्ट हारकर जा रहे हैं. हैदराबाद में जीत से शुरू हुई इनकी यात्रा धर्मशाला टेस्ट में पारी की हार से खत्म हुई. ये टेस्ट पूरे तीन दिन भी नहीं चला. इंग्लैंड वाले दोनों पारियों में मिलकर भी इतने रन नहीं बना पाए जितने भारत ने एक ही पारी में बना डाले. लेकिन इस मैच में एक और मजेदार चीज हुई. फ़ैन्स के प्रिंस, शुभमन गिल ने जॉनी बेयरस्टो के साथ विराट दोहरा दिया.

Advertisement

बात टेस्ट के तीसरे दिन की है. इंग्लैंड वाले अपनी दूसरी पारी खेल रहे थे. दूसरे ही ओवर में मशहूर बैज़बॉलर बेन डकेट आउट हुए. और फिर लगातार अंतराल पर इन्होंने विकेट गंवाए. लेकिन इसके बावजूद जॉनी बेयरस्टो अपनी बैटिंग के वक्त अलग रौ में दिखे. उन्होंने विकेट पर आते ही तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए.

बेयरस्टो ने तेजी से तीन चौके और तीन लंबे छक्के जड़ दिए. और इसी के दौरान उनकी टीम इंडिया के युवाओं से कहासुनी हो गई. इसका एक वीडियो भी वायरल है. बैटिंग के दौरान बेयरस्टो ने शुभमन गिल से पूछा,

Advertisement

'तुमने जिमी से रिटायरमेंट के बारे में क्या कहा था?'

गिल ने जवाब दिया,

'मैंने कहा कि उन्हें शायद रिटायर हो जाना चाहिए.'

Advertisement

बेयरस्टो फिर बोले,

'और उसने तुम्हें अगली ही गेंद पर आउट कर दिया?'

गिल फिर बोले,

'तो क्या हुआ, कितनी बार...'

इन्हें बीच में ही रोक बेयरस्टो ने कहा,

'मैं तो बस पूछ रहा था.'

गिल फिर बोले,

'वह मेरी सेंचुरी के बार कभी भी मुझे आउट कर सकते हैं.'

बेयरस्टो,

'शत प्रतिशत'

गिल,

'इस सीरीज़ में तुमने कितने शतक मारे?'

बेयरस्टो,

'तुमने कितनी सेंचुरी मारी है, पूर्णविराम.'

इस बातचीत से पहले बेयरस्टो ने 28 गेंदों पर 38 रन बना डाले थे. लेकिन इस स्लेज़िंग ने उनका हिसाब खराब कर दिया. बेयरस्टो अगले ही ओवर में कुलदीप यादव का शिकार बन गए. उन्होंने 31 गेंदों पर 39 रन बनाए थे. हालांकि, वह जाते-जाते भी कुछ बड़बड़ाते हुए गए. गिल ने जवाब में बस सर हिलाया.

यह भी पढ़ें: रोहित ने इंग्लैंड को पीटा तो जय शाह ने इंसेंटिव में 'लुटा' दिए लाखों!

बता दें कि गिल के लिए यह सीरीज़ बेहतरीन गई. शुरुआत में थोड़े स्ट्रगल के बाद उन्होंने सीरीज़ का अंत 452 रन के साथ किया. इसमें दो सेंचुरी रहीं. जबकि बेयरस्टो कुल 238 रन ही बना पाए. बात धर्मशाला टेस्ट की करें तो बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी. इंग्लैंड वाले पहली पारी में 218 रन ही बना पाए. जवाब में भारत ने पहली पारी में 477 रन बना डाले. इंग्लैंड दूसरी पारी में 195 रन पर सिमट गया.

भारत ने इस टेस्ट को पारी और 64 रन से जीत लिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज़ 4-1 से अपने नाम कर ली.

वीडियो: इंग्लिश कप्तान पर BCCI प्रेसिडेंट ने तगड़ा कॉमेंट किया है

Advertisement