रहाणे और नटराजन का भव्य स्वागत. फोटो: AP
32 साल बाद गाबा क्रिकेट मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की हार और भारत की जीत के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर भारत का कब्ज़ा बरकरार है. 2-1 से सीरीज़ जीतने के बाद गुरूवार को भारतीय खिलाड़ी वतन वापस लौट आए हैं. घर वापस आने के बाद भारतीय खिलाड़ियों को अपने शहरों में ज़ोरदार स्वागत मिल रहा है. इस शानदार स्वागत की पहली तस्वीर आई टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले पेसर टी नटराजन की. नटराजन के स्वागत का एक वीडियो ट्वीट आया. इस वीडियो में सलेम डिस्ट्रिक्ट के चिनप्पमपट्टी गांव में नटराजन का ज़ोरदार स्वागत किया गया. नटराजन को माला पहनाकर एक घोड़ा गाड़ी में राजशाही अंदाज़ में बिठाया गया. इस दौरान उस गाड़ी के आसपास लोग नटराजन के साथ जुलूस निकाल रहे हैं. सैकड़ों फैंस नटराजन की एक झलक पाना चाहते हैं. कई लोग उनकी तस्वीरें क्लिक करते और उनकी वीडियो बनाते भी दिख रहे हैं.
सहवाग ने भी सोशल मीडिया पर इसी वीडियो को शेयर किया और लिखा,
''स्वागत नहीं करोगे? ये है भारत. यहां पर क्रिकेट सिर्फ एक खेल ही नहीं है. ये खेल से कहीं ज़्यादा है. सलेम डिस्ट्रिक्ट के गांव चिनप्पमपट्टी पहुंचने पर नटराजन का भव्य स्वागत किया गया. इनकी क्या शानदार कहानी है.''
नटराजन के अलावा टेस्ट सीरीज़ में भारतीय टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे का भी ज़ोरदार स्वागत किया गया. रहाणे जब अपने घर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ रहाणे का मराठी अंदाज़ में वैलकम किया. रहाणे अपनी बेटी के साथ कम्पाउंड में पहुंचे तो लोगों ने
'आला रे आला अजिंक्य आला'
के नारे लगाए. पहले टेस्ट में विराट कोहली ने टीम की कप्तानी की थी. लेकिन उनके वापस लौटने के बाद से अजिंक्य रहाणे ने आखिर के तीनों मैचों में टीम की कप्तानी की और सीरीज़ में जीत भी दिलाई.
टी नटराजन को टेस्ट सीरीज़ में एक मौका मिला. आखिरी टेस्ट में डेब्यू करते हुए उन्होंने बेहतरीन गेंदबाज़ी की और पहली पारी में ही तीन विकेट अपने नाम कर लिए.