The Lallantop

पिच का रोना रोने वाले कंगारुओं को सुनील गावस्कर का करारा जवाब

बस दो महीने पहले की बात याद दिला दी.

Advertisement
post-main-image
सुनील गावस्कर (PTI)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ की शुरुआत गुरुवार, 9 फरवरी से होने जा रही है. चार मैच की इस सीरीज़ का पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. हालांकि इस सीरीज़ के शुरू होने से पहले ही पिच को लेकर खूब बहस हो रही है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इयान हीली और जेसन गिलेस्पी समेत कई पूर्व ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर्स ने नागपुर की पिच को लेकर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं. जिसमे उनका साथ ऑस्ट्रेलियन मीडिया भी दे रही है. ऐसे में दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने पिच को लेकर सवाल खड़े करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है. साथ ही लिटिल मास्टर ने उन्हें ब्रिसबेन के पिच की याद दिलाई है.

# ब्रिसबेन की पिच

गावस्कर के मुताबिक स्पिन पिचों पर बस बल्लेबाज की प्रतिष्ठा दांव पर लगी होती है, ना कि खिलाड़ियों की जिंदगी और उनकी बॉडी. उन्होंने मिड-डे में अपने कॉलम में लिखा,

Advertisement

‘ऑस्ट्रेलिया ने माइंड गेम खेलना और पिच को लेकर बहस करना शुरू कर दिया है. ब्रिसबेन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच ऑस्ट्रेलिया ने दो दिन में खत्म कर दिया था. बात सिर्फ यह नही कि मैच दो दिन में खत्म हो गया, बल्कि बात यह है कि किस तरह की पिच तैयार की गई थी. जिस तरह से गेंद उछलकर इधर-उधर जा रही थी. वो खिलाड़ियों की जिंदगी और उनकी बॉडी के लिए खतरनाक था. वहीं स्पिन पिचों पर बस बल्लेबाज की प्रतिष्ठा दांव पर लगी होती है.’

गावस्कर ने साथ ही ऑस्ट्रेलियन मीडिया पर भी निशाना साधा. भारत के पूर्व कप्तान ने कहा,

‘ब्रिसबेन में दो दिन में खत्म हुए टेस्ट मैच के दौरान दोनों टीम्स के बेस्ट बल्लेबाजों के कलेजे भी मुंह को आ गए थे. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में तब कुछ लोगों ने कहा था कि यह बल्लेबाजों का खेल है, तो ऐसे में गेंदबाजों को इस तरह की पिचों पर कुछ मौका मिलता है. अगर ऐसा है, तो उपमहाद्वीप की पिच को लेकर किचकिच क्यों कर रहे हैं?’

Advertisement

गावस्कर ने आगे कहा कि स्पिन खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए किसी अग्नि-परीक्षा से कम नहीं होता है, इससे उनके फुटवर्क का टेस्ट होता है. उन्होंने कहा,

‘स्पिन खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए किसी अग्नि-परीक्षा से कम नही है, क्योंकि इससे उसके फुटवर्क का टेस्ट होता है. इसलिए उपमहाद्वीप में जो बल्लेबाज सेंचुरी बनाते हैं या बड़ी पारी खेलते हैं, उन्हें महान बल्लेबाज समझा जाता है.’

दिसंबर 2022 में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच खेला गया था. ये टेस्ट मैच दो दिन के भीतर ही समाप्त हो गया था. इस मैच में सिर्फ दो दिनों में कुल 34 विकेट गिरे थे और साउथ अफ्रीका की टीम दो बार ऑल आउट हो गई थी. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 152 और दूसरी पारी में 99 रन बनाए थे. जबकि ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 218 और दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 35 रन बनाकर मैच जीत लिया था. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 9 फरवरी से शुरू होगा. 

वीडियो: रवि अश्विन ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए बताया, कौन करेगा ऋषभ पंत की भरपाई

Advertisement