The Lallantop

इतिहास में जो कोई भारतीय नहीं कर पाया वो गिल ने कर दिखाया

टीम इंडिया की जीत में शुभमन गिल ने क्या कमाल कर दिया?

Advertisement
post-main-image
शुभमन गिल. फोटो: AP
ब्रिस्बेन टेस्ट में ऐतिहासिक जीत के साथ टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है. लगातार दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया में जाकर भारत ने बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ पर कब्ज़ा जमा लिया है. सीरीज़ के आखिरी टेस्ट के आखिरी दिन सीरीज़ जीत की लड़ाई में दोनों टीमों ने सबकुछ झोंक दिया. टीम इंडिया ने इस मुकाबले को तीन विकेट रहते जीत लिया. मैच के आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 328 रनों की ज़रूरत थी. भारतीय टीम के बल्लेबाज़ शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत ने ऐसी कमाल की बल्लेबाज़ी की कि विरोधी टीम बुरी तरह से इस मैच में फंसा गई. भारतीय टीम ने दिन की शुरुआत में ही रोहित शर्मा का विकेट गंवा दिया था. लेकिन उसके बाद टीम इंडिया के युवा ओपनर शुभमन गिल ने ऐसा इंटेंट दिखाया कि भारत मैच को ड्रॉ के बजाए जीतने के लिए देखने लगा. शुभमन गिल ने मैच की दूसरी पारी में 91 रन बनाए. इस 91 रनों की पारी के साथ गिल के नाम कुछ रिकॉर्ड्स और स्टैट्स भी जुड़ गए. आइये जानते हैं वो कौन से स्टैट्स हैं: # शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया में जाकर चौथी पारी में 50 या उससे ज़्यादा रन बनाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं. शुभमन से कम उम्र में पाकिस्तान के इजाज़ अहमद ने ऑस्ट्रेलिया में चौथी पारी में अर्धशतक बनाया था. हालांकि शुभमन ऑस्ट्रेलिया में चौथी पारी में भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने दिलीप वेंगसरकर के 21 साल 297 दिन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. # शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया में जाकर नर्वस नाइंटीज़ में आउट होने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं. ब्रिस्बेन टेस्ट में जब शुभमन आउट हुए तो उनकी उम्र 21 साल 129 दिन रही. # शुभमन गिल इस सीरीज़ में भारत के चौथे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी रहे. उन्होंने तीन मैचों में 51.80 की औसत से 259 रन बनाए. शुभमन गिल और भारतीय टीम के इस बेमिसाल प्रदर्शन से ही टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement