जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah). अनप्लेबल बॉलर. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar trophy) में कहर ढाह रहे जस्सी भाई का शानदार फॉर्म मेलबर्न टेस्ट में जारी है. पहली पारी में चार विकेट लेने वाले बुमराह ने दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलियन मिडिल ऑर्डर को झकझोर दिया है. इस दौरान बुमराह ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं. वो भी मैल्कम मार्शल, कर्टली एम्ब्रोस और जोएल गार्नर जैसे दिग्गजों को पछाड़ते हुए.
जस्सी भाई ने टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट पूरे कर लिए हैं. 44 टेस्ट मैच की 85 इनिंग्स में. लेकिन खास बात रहा है उनका औसत. बुमराह ने ये विकेट्स 20 से भी कम के औसत से लिए हैं. क्रिकेट इतिहास में ऐसा करने वाले वो एकलौते बॉलर बन गए हैं. बुमराह का एवरेज 19.38 का रहा है. उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के मैल्कम मार्शल, जोएल गार्नर और कर्टली एम्ब्रोस जैसे दिग्गजों को पछाड़ा है. पहले ये रिकॉर्ड मार्शल के नाम था. जिन्होंने 20.94 की औसत से 200 विकेट्स पूरे किए थे. जबकि जोएल गार्नर ने 20.97 और कर्टली एम्ब्रोस ने 20.99 की औसत से 200 विकेट्स अपने नाम किए थे. इस मामले में ग्लेन मैक्ग्रा, शेन वॉर्न, मुथैया मुरलीधरन और वसीम अकरम जैसे दिग्गज क्रिकेटर्स काफी पीछे हैं.
बुमराह ने अब जो रिकॉर्ड बनाया है, मैक्ग्रा और अकरम जैसे दिग्गज भी कहेंगे- आई बिलीव जस्सी भाई
Border Gavaskar trophy में Jasprit Bumrah ने बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं. वो भी मैल्कम मार्शल, कर्टली एम्ब्रोस और जोएल गार्नर जैसे दिग्गजों को पछाड़ते हुए.
.webp?width=360)

हम बुमराह के जिसे बॉलिंग एवरेज की बात कर रहे हैं, उसका मतलब ये है कि उन्होंने औसतन 19.38 रन देकर एक विकेट झटका.
इतना ही नहीं, बुमराह टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेजी से 200 विकेट लेने वाले इंडियन पेसर भी बन गए हैं. ये रिकॉर्ड पहले कपिल देव के नाम था. जिन्होंने 50 टेस्ट मैचों में 200 विकेट पूरे किए थे. जबकि बुमराह ने 44वें टेस्ट में ही ये कारनामा कर दिखाया है. ओवरऑल इंडियन बॉलर्स की बात करें तो हाल ही में रिटायर हुए ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 39 मैचों में ये कारनामा कर टॉप पर हैं.
जसप्रीत बुमराह बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में गजब की फॉर्म में नजर आ रहे हैं. चौथे दिन के दूसरे सेशन का खेल खत्म होने तक बुमराह के नाम इस सीरीज में सबसे ज्यादा 29 विकेट हो चुके हैं. MCG टेस्ट की पहली पारी में चार विकेट लेने वाले जस्सी भाई ऑस्ट्रेलिया की दूसरी इनिंग में भी चार विकेट ले चुके हैं.बात मैच की करें तो दूसरे सेशन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 6 विकेट पर 135 रन है. कंगारू टीम की कुल लीड 240 रन्स की हो चुकी है. लाबुशेन 65 और कमिंस 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं.
वीडियो: जसप्रीत बुमराह की बॉलिंग पर सैम कोंस्टास का ऐसा क्या किया, जिसकी चर्चा हर जगह है





















