The Lallantop

हेज़लवुड-कमिंस के बाद डेविड वार्नर ने भी बीच में छोड़ा इंडिया टूर!

अब ऑस्ट्रेलिया का क्या होगा?

Advertisement
post-main-image
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम (PTI)

ऑस्ट्रेलियन टीम के लिए भारत दौरा किसी बुरे सपने की तरह साबित होता जा रहा है. पहले नागपुर और फिर दिल्ली में करारी हार झेलने के बाद, कंगारू टीम अब कई खिलाड़ियों की चोट से बड़ी मुसीबत में फंस गई है. फास्ट बोलर जॉश हेजलवुड के बाहर होने की ख़बर के ठीक एक दिन बाद डेविड वार्नर (David Warner) भी टेस्ट सीरीज़ से बाहर हो गए हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ऑफिशली बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है.

वार्नर शुरुआती दो टेस्ट में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए. उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 26 रन ही बनाए. दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट के पहली पारी के दौरान उन्हें एक बार सिर और एक बार हाथ पर चोट लगी थी. ऐसे में वो मैच की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर पाए थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सिर पर चोट लगने की वजह से मैट रेनशॉ उनके कन्कशन रिप्लेसमेंट बने. और दूसरी पारी में रेनशॉ ने ही बल्लेबाजी की थी. लेकिन अब जो रिपोर्ट सामने आई है, उसके मुताबिक वॉर्नर को हाथ पर चोट लगने की वजह से हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ है. इस वजह से वो वापस अपने देश लौट रहे हैं.

Advertisement
# वनडे के लिए आएंगे वापस

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जारी किए बयान के मुताबिक वो तीन मैच की वनडे सीरीज़ के दौरान टीम में वापसी करेंगे. ऑफिशल स्टेटमेंट में कहा गया,

‘डेविड वार्नर चोट के कारण भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ से बाहर हो गए हैं और वो स्वदेश लौटेंगे. वार्नर को दिल्ली में दूसरे टेस्ट में कोहनी पर चोट लगने के कारण हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया था. उन्हें रिहैब की जरूरत होगी, जिस वजह से वो बाकी दो टेस्ट मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. फिलहाल, ऐसी उम्मीद है कि वो तीन वनडे मैच की सीरीज़ के लिए भारत लौटेंगे.’

# हेज़लवुड भी हुए थे बाहर

इससे पहले फास्ट बोलर जॉश हेज़लवुड भी बाकी बचे दोनों टेस्ट मैच से बाहर हो गए थे. अकिलीस की शिकायत के कारण हेज़लवुड पहले दो टेस्ट का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे. वहीं फैमिली प्रॉब्लम के चलते टीम के कप्तान पैट कमिंस भी ऑस्ट्रेलिया वापस लौट गए हैं. हालांकि, ऑस्ट्रेलियन मीडिया के मुताबिक इंदौर में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले वो वापस लौट आएंगे. तीसरा टेस्ट 1 मार्च से शुरू होने वाला है.

बताते चलें कि पहले दो टेस्ट में नहीं खेलने वाले मिचल स्टार्क और कैमरुन ग्रीन मैच फिट हो गए हैं. और इन दोनों खिलाड़ियों के तीसरे टेस्ट में खेलने की पूरी उम्मीद है.

Advertisement

वीडियो: Ind vs Aus के पहले टेस्ट मैच के बाद नागपुर की पिच पर जाडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के मज़े ले लिए!

Advertisement