अमेरिका और इजरायल ने जब ईरान पर हमला किया, तब किसी ने नहीं सोचा होगा कि ईरान जवाब में UAE, सऊदी अरब, कुवैत और कतर जैसे पड़ोसी खाड़ी देशों में हाहाकार मचा देगा. आशंका यही जताई जा रही थी कि ज्यादा से ज्यादा वो इन देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है. लेकिन ईरान जिस सख्ती के साथ पड़ोसी देशों पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दाग रहा है, उससे हर कोई हैरान है. खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भी.
ईरान के हमलों से दंग रह गए ट्रंप, खुद माना, 'ये अब तक का सबसे बड़ा सरप्राइज...'
Iran जिस सख्ती के साथ UAE, सऊदी अरब, कुवैत और कतर जैसे पड़ोसी पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दाग रहा है, उससे हर कोई हैरान है. खुद अमेरिका राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भी. क्या कहा उन्होंने?


ट्रंप ने CNN को दिए एक इंटरव्यू में इस बात को माना है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की जवाबी कार्रवाई पर हैरानी जताई और कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा सरप्राइज है. ट्रंप ने कहा, “सबसे बड़ा सरप्राइज, अरब देशों (बहरीन, जॉर्डन, कुवैत, कतर और यूनाइटेड अरब अमीरात) पर ईरान के हमले रहे हैं. हम हैरान थे.”
इसके अलावा इंटरव्यू में ट्रंप ने जंग से जुड़े कई मुद्दों पर बात की. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ईरान को बुरी तरह से कुचल रही है, लेकिन ‘बड़ी लहर’ अभी आनी बाकी है. आगे कहा, “हम उन्हें बुरी तरह हरा रहे हैं…मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा चल रहा है. हमारे पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना है और हम इसका इस्तेमाल कर रहे हैं."
युद्ध कितने समय तक चलेगा, इस सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मैं नहीं चाहता कि यह बहुत लंबा चले. मैंने हमेशा सोचा था कि यह चार हफ्ते तक चलेगा और हम तय समय से थोड़ा आगे चल रहे हैं.”
ईरान ने पड़ोसी खाड़ी देशों के लग्ज़री होटल, पोर्ट, शहर के अंदर के इलाके, इंडस्ट्रियल एरिया, एयरपोर्ट और तेल के इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है. इधर, लेबनान स्थित मिलिशिया संगठन हेजबुल्लाह, जो कि ईरान समर्थित माना जाता है, ने भी इजरायल पर हमले शुरू कर दिए. जवाब में इजरायल ने भी हेजबुल्लाह के ठिकानों पर स्ट्राइक्स की हैं.
ये भी पढ़ें: ईरान के हमले में तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए, ट्रंप ने युद्ध खत्म होने का बता दिया टाइम
फिलहाल ईरान के हमले के खिलाफ खाड़ी के सभी देश एकजुट नजर आ रहे हैं. सब ने मिलकर ईरानी हमलों की निंदा की है और कहा है कि वो इसका जवाब देने का पूरा अधिकार रखते हैं. बताते चलें कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई है, जिसके बाद से ईरान ने भी इजरायल समेत मिडिल-ईस्ट में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमले तेज कर दिए हैं.
वीडियो: ईरान पर इजरायल-अमेरिका के अटैक पर ट्रंप ने क्या बताया?












.webp?width=275)









