The Lallantop

टी नटराजन ने गाबा में कैसे बदल दिया भारत का टेस्ट इतिहास?

ब्रिसबेन में डेब्यू कर रहे हैं नट्टू.

Advertisement
post-main-image
David Warner Brisbane में भी सस्ते में निपटे (एपी फोटो)
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा टेस्ट शुरू हो चुका है. ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के कैप्टन टिम पेन ने टॉस जीता. और पहले बैटिंग का फैसला कर लिया. टॉस के बाद आई टीम शीट देखते ही स्टैट्स पर नज़र रखने वालों का काम बढ़ गया. टीम इंडिया इस मैच में चार बदलावों के साथ उतरी थी. चोटिल रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह की जगह वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर को मौका मिला था. जबकि अश्विन की जगह टीम में आए थे टी नटराजन. लेफ्ट आर्म पेसर. कुछ महीने पहले तक उन्हें शायद ही कोई जानता था. लेकिन आज पूरा भारत उनके खेल का मुरीद है. IPL 2020 के दौरान चर्चा में आए नटराजन ने मौजूदा ऑस्ट्रेलिया टूर पर अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. T20 टीम के लिए चुने गए नटराजन ने इसी टूर पर अपना पहला वनडे मैच भी खेला था. अब नटराजन ने इसी टूर पर अपना टेस्ट डेब्यू भी कर लिया. नटराजन भारत के लिए टेस्ट मैच खेलने वाले 300वें प्लेयर हैं. इसके साथ ही उन्होंने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. नटराजन भारत के लिए एक ही टूर पर T20, वनडे और टेस्ट डेब्यू करने वाले पहले प्लेयर बन गए. यह वॉशिंगटन सुंदर का भी पहला टेस्ट है. उन्हें लिमिटेड ओवर्स सीरीज के बाद टीम के साथ रोका गया था. अब वह टूर के आखिरी मैच में टीम इंडिया का हिस्सा हैं. सुंदर भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले सबसे युवा प्लेयर्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. 21 साल और 102 दिन के सुंदर, भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले तीसरे सबसे युवा क्रिकेटर हैं. मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. मोहम्मद सिराज ने मैच के पहली ही ओवर में डेविड वॉर्नर को स्लिप में रोहित शर्मा के हाथों कैच करा दिया. साल 1985 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया ने गाबा टेस्ट के पहले ओवर में विकेट गंवाया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement