बार्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले दो मुकाबले जीत भारत ने सीरीज़ में 2-0 की बढ़त ले ली है. कंगारू टीम पहले से ही इंजरी के चलते कमज़ोर रही है. तीसरे टेस्ट से पहले टीम को दो बड़े झटके लगे हैं. कैप्टन पैट कमिंस और ओपनर डेविड वार्नर वापस ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं. ऐसे में टीम की कप्तानी स्टीव स्मिथ को करनी है. हालांकि, पूर्व ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर इयान हिली का मानना है कि कमिंस को लंबे समय तक ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी नहीं करनी चाहिए.
जिसका खेलना तय नहीं, उसे कैप्टन बनाना चाहते हैं ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज़!
'पैट कमिंस को लंबे समय तक कप्तान नहीं रहना चाहिए'


दरअसल कमिंस की मां की तबियत खराब है, जिसके चलते वो ऑस्ट्रेलिया लौट गए. उसके बाद उन्होंने ये भी बताया है कि वो इस सीरीज़ के लिए वापस भारत नहीं आएंगे. इसी बीच इयान हिली ने कमिंस पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि वो नहीं चाहते कमिंस लंबे समय तक कप्तानी करते रहे. सेन्क्यु के पैट और हील्स से बात करते हुए उन्होंने कहा -
मैं नहीं चाहता कमिंस लंबे वक्त तक कैप्टेंसी का बोझ संभालें. मैं चाहता हूं वो सिर्फ बॉलर के रूप में खेलें. कैप्टेंसी से बर्नआउट होता है और चार-पांच साल कैप्टेंसी करना बहुत बड़ी चीज़ होती है. वो पहले ही कुछ साल कप्तानी कर चुके हैं. अब उन्हें शॉर्ट-फॉर्म कैप्टेंसी के बारे में भी सोचना पड़ रहा है. वो भी तब, जब उनके परिवार में कोई बीमार है. इसलिए मैं चाहूंगा मैं उन्हें एक पेस बॉलर के रूप में खेलता देखूं. और कोई और कैप्टेंसी का ज़िम्मा संभाल ले.
हिली ने आगे कहा कि मिडल ऑर्डर बल्लेबाज़ ट्रेविस हेड ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर सकते हैं. उन्होंने कहा -
मुझे लगता है ट्रेविड हेड इसके लिए काबिल हैं. उन्होंने 21 साल की उम्र से साउथ ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की है. वो ये कर सकते हैं और उनके पास अनुभव भी है. मेरे लिए ट्रेविस ही वो नाम हैं. ग्लेन मैक्सवेल जैसे प्लेयर्स शॉर्ट फॉर्म में ये काम कर सकते हैं. पर अगर लंबे फॉर्म की बात करें तो मेरे समझ में ट्रेविस छोड़ और कोई नाम नहीं आ रहा है.
# ड्रॉप होने पर ट्रेविस हेड ने क्या कहा?
ट्रेविड को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट में ड्रॉप कर दिया गया था. तीसरे टेस्ट से पहले बात करते हुए उन्होंने कहा -
मैंने सोचा नहीं था मुझे ड्रॉप कर दिया जाएगा. हर किसी का अपना विचार है. मैं कोचिंन स्टाफ और सेलेक्टर्स की इज़्ज़त करता हूं. हमारा रिश्ता मजबूत है. इसलिए हमने आसानी से बातचीत की. दोनों पक्षों में एक-दूसरे के लिए बहुत इज़्ज़त है.
हेड ने आगे कहा कि वो ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलकर खुश हैं. हेड ने बताया कि ड्रॉप होने के बाद उनके दिमाग में क्या चल रहा था.
मैं अगली सुबह उठा और मैं ऑस्ट्रेलिया के लिए दौरे पर था. मैं अब भी वो कर पा रहा हूं, जिससे मुझे प्यार है. मैं खेलना चाहता हूं, पर मैं दूसरी तरह से भी टीम को सपोर्ट कर सकता हूं. मैं अच्छी तैयारी कर सकता हूं और अगले मौके के लिए तैयार हो सकता हूं. मुझे लगता है मैं अच्छे स्पेस में हूं. सिर्फ एक हफ्ता ऐसा हुआ कि चीज़ें मेरे हिसाब से नहीं हुई.
हेड ने भारतीय बॉलर्स पर भी बात की. उन्होंने कहा कि टीम इंडिया के बॉलर्स शानदार हैं.
उनके बॉलर्स बहुत स्किलफुल हैं. मैं जैसे आगे और पीछे जा रहा था और लेंथ को पढ़ रहा था, उससे खुश हूं. बहुत छोटा सैंपल साइज़ था, पर यहां छोटे सैंपल्स भी बहुत मायने रखते हैं. इंडिया जैसी शानदार टीम के खिलाफ मोमेंटम पकड़ पाना मुश्किल काम है. वो आप पर इतना प्रेशर डाल सकते हैं कि आप टूट जाएंगे.
भारतीय बॉलर्स ने दोनों टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग को दोनों बार आउट किया. भारत ने पहले टेस्ट को एक पारी और 132 रन और दूसरे टेस्ट को छह विकेट से जीता था. दोनों टीम्स के बीच तीसरा टेस्ट इंदौर में 1 मार्च से खेला जाना है.
वीडियो: पाकिस्तान का वो बोलर विश्व क्रिकेट में अलग ही रिकॉर्ड बनाया!




















