The Lallantop

विराट या तेंडुलकर, धोनी या युवराज, अश्विन या हरभजन जैसे सवालों पर क्या बोले बुमराह

युवराज की स्पिन से कुछ ऐसे निपटे बुमराह.

Advertisement
post-main-image
एमएस धोनी और युवराज सिंह. फोटो: reuters
युवराज सिंह और जसप्रीत बुमराह ने इंस्टाग्राम पर लाइव चैट की. इस लाइव चैट में युवी ने बुमराह पर सवालों के बाउंसर्स से अटैक किया, और बुमराह बेहद उम्दा तरीके से उनसे बचते नज़र आए.
युवराज ने बुमराह से ऐसे-ऐसे सवाल पूछे, जिनके जवाब देने में अक्सर फैंस भी कन्फ्यूज़ रहते हैं.
1. बुमराह का अजीब बॉलिंग ऐक्शन:
युवराज ने बुमराह से उनकी बॉलिंग ऐक्शन पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा,
''कई लोगों ने मुझसे कहा था कि मैं ज्यादा समय तक नहीं खेल पाउंगा. लोग कहते थे कि मैं सिर्फ रणजी ट्रॉफी तक ही खेल पाउंगा. लेकिन मैंने लगातार सुधार किया और अपने ऐक्शन के साथ बना रहा.''
2. युवराज और धोनी में बड़ा मैच विनर कौन?
''मैं आपको और माही भाई को एक साथ इंडिया के लिए मैच जीतते देखकर बड़ा हुआ हूं. लेकिन आप मुझसे ऐसे सवाल क्यों पूछ रहे हैं.''
बुमराह ने इस सवाल के जवाब में आगे कहा,
''आपको कटक वनडे याद है, जहां पर शायद आपने अपने वनडे करियर का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था. उस दिन पूरे ड्रेसिंग रूम में एक अलग ही एनर्जी थी. उस दिन आप दोनों के बीच एक शानदार साझेदारी हुई थी. मैं उसे देखकर बहुत खुश हुआ था. आपके सवाल का ये ही जवाब है क्योंकि मैं किसी एक को नहीं चुन सकता.''
3. विराट या ज़लाटन?
युवी ने बुमराह से पूछा कि फिटनेस के मामले में वो विराट और ज़लाटन में किसे आइडल मानते हैं. इस पर बुमराह ने कहा,
"ज़लाटन मेरे आइडल हैं लेकिन फिटनेस आइडल नहीं हैं.''
Sachin Virat
सचिन तेंडुलकर और विराट कोहली आईपीएल में. फोटो: PTI

4. कोहली या तेंडुलकर?
दोनों में बेहतर बल्लेबाज कौन है, इस सवाल के जवाब में बुमराह ने कहा,
''युवी पा, मुझे इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हुए अभी सिर्फ चार साल हुए हैं. इसलिए इन दिग्गज को परखने के लिए मेरा अनुभव काफी नहीं है. मैं ऐसी पोज़िशन में भी नहीं हूं क्योंकि इन दोनों लिजेंड्स ने मुझसे कहीं ज्यादा क्रिकेट खेला है.''
हालांकि जब युवराज ने बुमराह पर सीधा और सिम्पल जवाब देने का प्रेशर बनाया तो उन्होंने कहा,
''पाजी (सचिन) के पूरी दुनिया में बहुत सारे फैंस हैं, इसलिए मैं पाजी को पिक करूंगा.''
Shami Rohit
Shami Rohit

5. मोहम्मद शमी या अक्षर पटेल?
युवराज ने पूछा कि इन दोनों में बेहतर अंग्रेजी किसकी है. तो बुमराह ने कहा,
''ये बहुत ही कड़ा मुकाबला है. लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि अक्षर थोड़ा सा बेहतर है.''
6. अश्विन या हरभजन?
बेहतर ऑफ स्पिनर को लेकर पूछे गए इस सवाल के जवाब में बुमराह ने कहा,
''मेरे लिए इतने सारे विवादास्पद सवाल क्यों हैं? मैं ऐश के साथ खेला हूं. लेकिन मैं हरभजन सिंह को देखकर बड़ा हुआ हूं. इसलिए मेरे हिसाब से भज्जू पा बेहतर हैं.''
इस रैपिड फायर राउंड के अलावा भी बुमराह ने युवी से बातचीत की. उन्होंने खास तौर पर इस बात पर ज़ोर दिया कि टीम में उनकी एंट्री सिर्फ आईपीएल प्रदर्शन की वजह से नहीं हुई है. बुमराह ने युवी से कहा,
''लोगों को लगता है कि मैं इंडियन टीम में आईपीएल की वजह से पहुंचा. लेकिन 2013 में जब मैं मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल खेलने उतरा. तो 2013, 2014 और 2015 में मैं उतना रेगुलर नहीं था. इसके बाद मैंने डॉमेस्टिक क्रिकेट मे विजय हज़ारे ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया. तब जाकर 2016 में मुझे इंडियन टीम में जगह मिली.''  
जसप्रीत बुमराह ने साल 2016 में इंडियन टीम के लिए अपना डेब्यू किया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 टीम में एंट्री मिली थी. जबकि आईपीएल में बुमराह का डेब्यू साल 2013 में हुआ था. आईपीएल में बुमराह पिछले आठ साल से मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा हैं.


विराट कोहली की IPL 2008 में किस खिलाड़ी ने नेट्स पर खेलने में मदद की थी? 

Advertisement
Advertisement