The Lallantop

बाबर ने बताई पाकिस्तान को हराने वाली हसन अली की गलती!

यहीं पर हार गया पाकिस्तान.

Advertisement
post-main-image
Babar Azam की मानें तो Hasan Ali द्वारा Matthew Wade का कैच गिराना Pakistan पर भारी पड़ा (एपी फोटो)
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आज़म निराश हैं. कमाल का क्रिकेट खेल रही पाकिस्तान क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में हार गई. टॉस हारकर टीम ने पहले बैटिंग की और 176 रन बनाए. लेकिन मैथ्यू वेड और मार्कस स्टोइनिस ने इस लक्ष्य को बौना साबित कर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी. और इस जीत ने पूरे पाकिस्तान का दिल तोड़ दिया. पाकिस्तान की इस हार में उनके पेसर हसन अली की एक गलती भी शामिल रही. हसन अली ने ऑस्ट्रेलिया की पारी के 19वें ओवर में मैथ्यू वेड का कैच टपकाया. और फिर वेड ने अगली तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़कर मैच ही खत्म कर दिया. मैच के बाद बाबर आज़म ने स्वीकार किया कि हसन द्वारा वेड का कैच गिराना उनकी टीम पर भारी पड़ा. मैच के बाद बाबर ने कहा,
'पहले हाफ में हमने जिस तरह से शुरुआत की थी, हम अपने तय किए हुए टारगेट तक पहुंचने में कामयाब रहे थे. लेकिन फिर इस चेज के अंत में हमने उन्हें बहुत बड़ा मौका दे दिया.'
गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम इस वर्ल्ड कप की एकमात्र अपराजित टीम थी. टीम ने लगातार पांच मैच जीतकर सेमीफाइनल में एंट्री की थी. और इस हार के बाद बाबर ने कहा कि उन्हें अपनी टीम पर गर्व है. बाबर ने कहा,
'अगर हमने वो कैच पकड़ लिया होता, तो शायद इससे अंतर आता. लेकिन हमने इस टूर्नामेंट में जिस तरह से खेल दिखाया, मैं एक कप्तान के रूप में इससे बहुत संतुष्ट हूं. मुझे उम्मीद है कि हम कोशिश करेंगे और इसके बाद अपनी गलतियों से सीखेंगे. जाहिर तौर पर हमने इस टूर्नामेंट में कमाल का खेल दिखाया, हमें इससे आत्मविश्वास मिलेगा. और हम इसी तरीके से खेलते रहने की कोशिश करेंगे. हमने प्लेयर्स को जो रोल सौंपा था, सबने उसे अच्छे से निभाया. जिस तरीके से लोगों ने हमें सपोर्ट किया, हमने एक टीम के तौर पर इसका खूब लुत्फ उठाया, जैसा कि हम हमेशा ही करते हैं. और मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं.'
इस हार के बाद अब पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो गया है. टीम ने इस वर्ल्ड कप में अपने छह में से पांच मुकाबले जीते. और कमाल की बात ये रही कि हर जीत में उनके पास नया मैन ऑफ द मैच था. वहीं ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो अब टीम अपने पहले T20 वर्ल्ड कप खिताब के लिए न्यूज़ीलैंड के सामने होगी. बता दें कि न्यूज़ीलैंड ने भी अभी तक T20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीता है. दोनों टीमें अपने पहले खिताब के लिए संडे, 14 नवंबर को दुबई में भिड़ेंगी.

Advertisement
Advertisement