दसुन शनाका (56 रन, 2 विकेट) के कप्तानी खेल की मदद से श्रीलंका ने भारत के खिलाफ़ दूसरा T20 जीत लिया है. पुणे में खेले गए दूसरे T20 को श्रीलंका ने 16 रन से अपने नाम किया है. इस जीत के साथ श्रीलंकाई टीम सीरीज़ में वापसी करने में कामयाब रही है. वो अब तीन मैच की सीरीज़ में 1-1 की बराबरी पर खड़ी है. मुंबई में खेला गया सीरीज़ का पहला T20 भारत ने जीता था.
अर्शदीप, मावी या बैटिंग नहीं...हार्दिक ने कहा, इस वजह से हार गए मैच!
पंड्या ने बताया, क्या बेहतर करने की जरूरत.


मैच के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा है कि टीम को अपनी गलतियों से सीखना होगा.
हार्दिक ने पोस्ट मैच में कहा,
'बल्लेबाज़ी हो या गेंदबाज़ी, हमें पावरप्ले में दिक्कत हुई. हमने कुछ बेसिक सी गलतियां कीं. जो कि इस इंटरनेशनल लेवल पर नहीं की जा सकती. हर कोई जानता है हमने क्या गलती की, इस हार से हमें उन चीज़ों को ठीक करना चाहिए जो हमारे बस में है. आपका अच्छा दिन हो या बुरा दिन लेकिन आप अपने बेसिक्स से मुंह नहीं फेर सकते.'
हार्दिक ने अर्शदीप सिंह पर भी बात की. उन्होंने कहा,
'इस स्थिति में अर्शदीप के लिए चीज़ें बहुत आसान नहीं हैं. ये वक्त उन्हें दोषी ठहराने का नहीं है. लेकिन हम सभी जानते हैं कि किसी भी फॉर्मेट में नो बॉल्स बड़ी गलती होती हैं. राहुल नंबर 3 पर खेलने के आदी हैं, और अगर कोई भी टीम में आता है तो हम कोशिश करते हैं कि उसे उस पोज़ीशन में खिलाएं जहां वो सबसे ज्यादा आत्मविश्वास से खेल सके. इसलिए ही उन्हें नंबर तीन पर खिलाया गया.'
कप्तान हार्दिक पंड्या ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला लिया. टीम में बदलाव भी हुआ. अर्शदीप सिंह की वापसी हुई, राहुल त्रिपाठी को डेब्यू करवाया गया. लेकिन गेंदबाज़ी में आज भारतीय गेंदबाज़ों का दिन नहीं था.
अर्शदीप सिंह ने वापसी में दो ओवर में 38 रन लुटा दिए. पांच नो बॉल फेंकी. वहीं पिछले मैच के हीरो शिवम मावी ने दूसरे मैच में ही चार ओवर में 53 रन लुटा दिए. उमरान मलिक को तीन विकेट्स ज़रूर मिलीं. लेकिन वो भी चार ओवर में 48 रन खाकर गए.
श्रीलंकाई टीम के लिए कप्तान दसुन शनाका ने कमाल कर दिया. उन्होंने आखिर तक नॉट-आउट रहते हुए भारतीय गेंदबाज़ों के आंकड़े बिगाड़े. और 22 गेंदों पर 56 रन की पारी खेली. उनके अलावा कुसल मेंडिस ने भी 52 रन बनाए. जिसकी मदद से श्रीलंका ने स्कोरबोर्ड पर 206 रन लगाए.
इसके बाद भारतीय टीम इस लक्ष्य को चेज़ करने उतरी. लेकिन आज भारतीय बल्लेबाज़ भी हमें लाइन क्रॉस नहीं करा सके. टीम ने पावरप्ले के अंदर ही चार बड़े विकेट्स खो दिए. ईशान किशन 2 रन, शुभमन गिल 5 रन, राहुल त्रिपाठी 5 रन, कप्तान हार्दिक पंड्या 12 रन.
34/4 बल्लेबाज़ों के लौटने के बाद दीपक हूडा भी 10वां ओवर आते-आते 9 रन बनाकर चले गए. लेकिन इन पांच विकेट के बाद सूर्या और अक्षर क्रीज़ पर आए. इन दोनों बल्लेबाज़ों ने महज़ 40 गेंदों में 91 रन की पार्टनरशिप कर दी. इन दोनों ने ऐसी बैटिंग की कि हर किसी को भारत की जीत दिखने लगी. लेकिन फिर 16वें ओवर में सूर्या (51 रन) और आखिरी ओवर में अक्षर (65 रन) और मावी (26 रन) के विकेट से भारत की उम्मीदें खत्म हो गई.
आखिरी ओवर में श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने गेंदबाज़ी में भी दो विकेट निकाले और दोनों टीम्स के बीच का सबसे बड़ा फर्क रहे.
वीडियो: ऋषभ पंत के एक्सीडेंट की वजह खुद पंत ने बता दी






















