The Lallantop

रोहित शर्मा को 'मोटा' बताने वालों को गावस्कर ने दिया जवाब, भज्जी ने तो सुना ही दिया

Rohit Sharma Fitness: पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने रोहित शर्मा पर दिए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस पूरे विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. वहीं सुनील गावस्कर ने कहा कि क्रिकेट जैसे अनोखे खेल में शारीरिक फिटनेस और मैच फिटनेस दो अलग-अलग चीजें हो सकती हैं. उन्होंने कई मोटे क्रिकेटरों के उदाहरण दिए जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है.

Advertisement
post-main-image
पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने रोहित शर्मा पर दिए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया दी है. (तस्वीर-इंडिया टुडे)

पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर हो रही बयानबाजी पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि अगर चयनकर्ताओं को 'पतले' क्रिकेटरों की तलाश है तो उन्हें मॉडल्स चुन लेने चाहिए. सुनील गावस्कर के अलावा पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने भी रोहित शर्मा की 'फैट शेमिंग' की आलोचना की है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दरअसल कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भारत की वनडे और टी20 टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर विवादित बयान दिया था. उन्होंने अपने X अकाउंट से रोहित शर्मा को टैग करते हुए उन्हें ‘मोटा और अप्रभावी’ कप्तान कहा था. उनकी इस टिप्पणी पर काफी हंगामा हुआ. फैन्स के अलावा कई पूर्व क्रिकेटरों ने नाराजगी जताई. 

इस बीच इंडिया टुडे से बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि क्रिकेट जैसे अनोखे खेल में शारीरिक फिटनेस और मैच फिटनेस दो अलग-अलग चीजें हो सकती हैं. उन्होंने कई मोटे क्रिकेटरों के उदाहरण दिए जिन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है.

Advertisement

गावस्कर ने कहा, “मैंने हमेशा कहा है कि अगर आपको सिर्फ दुबले-पतले लड़के चाहिए तो आपको मॉडलिंग प्रतियोगिता में जाना चाहिए. सभी मॉडलों को चुनना चाहिए. यह इस बारे में है कि आप क्रिकेट कितना अच्छा खेल सकते हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि इंडियन बैटर सरफराज खान की भी इसलिए लंबे समय तक आलोचना की गई, क्योंकि उनका वजन ज्यादा था.

वहीं पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी X पर एक पोस्ट किया. उन्होंने रोहित शर्मा को टैग करते हुए लिखा, "रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर हुआ विवाद दुर्भाग्यपूर्ण और अनावश्यक था. वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट में अपार योगदान दिया है. खिलाड़ी भी इंसान होते हैं. उनकी अपनी भावनाएं और संवेदनाएं होती हैं. यह वास्तव में दुखद होता है जब वे लोग, जिन्हें खेल की ज़रा भी समझ नहीं होती, उपदेश देने लगते हैं. खेल का सम्मान करें और खिलाड़ियों का भी सम्मान करें..."

Advertisement

इसके अलावा BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने भी शमा के बयान की आलोचना की है. उन्होंने ANI से बात करते हुए कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे कप्तान पर इस तरह की टिप्पणी ऐसे व्यक्ति से आई है, जो एक जिम्मेदार पद पर हैं. उन्होंने आगे कहा कि इस समय ICC टूर्नामेंट चल रहा है. भारतीय टीम सेमीफाइनल खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार है. 

बता दें कि कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने बढ़ते बवाल को देखते हुए अपने पोस्ट को डिलीट कर दिया था. इसके बाद उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा था कि यह एक खिलाड़ी की फिटनेस को लेकर किया गया सामान्य ट्वीट था. यह बॉडी शेमिंग नहीं थी. उन्होंने आगे कहा कि उनका मानना है कि खिलाड़ियों को फिट रहना चाहिए.

ऐसे में उन्हें लगा कि रोहित शर्मा का वजन थोड़ा अधिक है. इसलिए उन्होंने X पर पोस्ट किया था. शमा ने आगे कहा कि उन पर बिना किसी कारण हमला किया जा रहा है. जब अन्य कप्तानों से रोहित शर्मा की तुलना होगी. तब उनका अधिक वजन होने की बात सामने आएगी. शमा ने कहा कि उनके पास अपनी बात कहने का अधिकार है. और यह कहने में गलत क्या है?

वीडियो: हरभजन सिंह ने जसप्रीत बुमराह की चोट को लेकर इंडियन टीम मैनेजमेंट को निशाने पर लिया है

Advertisement