अफगानिस्तान के युवा क्रिकेटर अल्लाह गजनफर ने पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले के बाद भारत से एक भावुक अपील की है. गजनफर ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वो अफगानिस्तान के साथ खड़े हों. खास तौर पर उन्होंने भारत का जिक्र किया. अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्पिनर अल्लाह गजनफर ने एक इंटरव्यू में इस हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि ये अस्पताल बहुत सारे लोगों की मदद करता था. वहां इलाज कराने वाले ज्यादातर गरीब लोग हैं, जिनके पास निजी अस्पताल में इलाज कराने के पैसे नहीं हैं. ऐसे में इस जगह को निशाना बनाना आम लोगों के लिए बहुत दर्दनाक है.
'भारत से बात करो और फिर... ', अस्पताल पर पाकिस्तानी अटैक के बाद अफगान क्रिकेटर का मैसेज
पाकिस्तान की तरफ से काबुल के एक अस्पताल पर हुए बड़े हमले से वहां के लोग काफी गुस्से में हैं. इस हमले में लगभग 400 लोग मारे गए और 250 घायल हुए. अफगानिस्तान के क्रिकेटर अल्लाह गजनफर ने भारत को लेकर अब एक बड़ी अपील की है.


अल्लाह गजनफर ने कहा,
"वहां के लोगों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं, और अब उन्होंने उस जगह को भी निशाना बनाया है. उन्होंने उन लोगों की हत्या कर दी. ये अफगानिस्तान के लोगों के लिए बर्दाश्त करने लायक नहीं है."
गजनफर ने हमले के मकसद पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा,
"मुझे नहीं पता वो क्या साबित करना चाहते हैं. वो आते हैं और आम लोगों को निशाना बनाते हैं. हम इसे बिल्कुल स्वीकार नहीं कर सकते. अफगानिस्तान इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा."
अफगानी क्रिकेटर ने चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा,
"सबको अफगानिस्तान का इतिहास पता है. अगर वही इतिहास दोहराया गया, तो पाकिस्तान के लिए बहुत बुरा होगा."
अल्लाह गजनफर ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वो अफगानिस्तान के साथ खड़े हों. खास तौर पर उन्होंने भारत का जिक्र किया. उन्होंने कहा,
"भारत हमारा करीबी दोस्त है. हम उनसे जुड़ना चाहते हैं, इन मुद्दों पर बात करना चाहते हैं ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. ये हमारी दूसरी देशों से भी गुजारिश है. ये लोगों के लिए अच्छा नहीं है. अभी दुनिया कई चुनौतियों से गुजर रही है, और ये किसी के लिए भी अच्छी खबर नहीं है."
बता दें कि 16 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे पाकिस्तान की तरफ से काबुल में एक एयरस्ट्राइक हुई. जिसमें ओमार एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर हमला हुआ. इस हॉस्पिटल में ड्रग एडिक्शन (नशे की लत) से मुक्ति के लिए 2000 बेड वाला बड़ा सेंटर भी था. अफगानिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में लगभग 400 लोग मारे गए और 250 घायल हुए.
राशिद खान ने भी निंदा की थीअल्लाह गजनफर अफगानिस्तान के उभरते हुए क्रिकेट स्टार हैं. वो 19 साल के हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलेंगे. गजनफर से पहले कई अफगानी क्रिकेटर्स ने इस हमले की निंदा की थी. देश के स्टार क्रिकेटर राशिद खान ने संयुक्त राष्ट्र (UN) और अन्य मानवाधिकार एजेंसियों से इस हमले की जांच करने और दोषियों को जवाबदेह ठहराने की अपील की थी.
राशिद खान ने X पर लिखा,
“काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक से सिविलियन मौतों की खबर से मैं बहुत दुखी हूं. घरों, स्कूलों या अस्पतालों को निशाना बनाना, चाहे जानबूझकर हो या गलती से, युद्ध अपराध है. रमजान में इंसानी जानों की इतनी बेपरवाही देखकर दिल टूट जाता है. ये नफरत और बंटवारे को और बढ़ाएगा. मैं संयुक्त राष्ट्र और ह्यूमन राइट्स एजेंसियों से अपील करता हूं कि इस अत्याचार की पूरी जांच करें और दोषियों को सजा दिलाएं. मैं अपने अफगान लोगों के साथ खड़ा हूं. हम दुख में एकजुट हैं, हम ठीक होंगे और फिर उठ खड़े होंगे. इंशाअल्लाह!”

वहीं टीम के T20 कप्तान इब्राहिम जादरान ने कहा कि उन्होंने काबुल में जोरदार धमाका सुना, फिर अस्पताल से आग की लपटें उठती देखीं. नूर अहमद और नवीन-उल-हक ने भी हमले पर दुख जताया था.
वीडियो: Pakistan-Afghanistan Conflict: काबुल के अस्पताल पर हमला, क्या करेगा तालिबान?













.webp?width=275)


.webp?width=120)





