The Lallantop

जडेजा-अश्विन में से भज्जी ने टीम इंडिया का उपकप्तान चुन लिया

ट्विटर की जनता ने भज्जी की राय को गलत कहा.

Advertisement
post-main-image
अश्विन और जडेजा (AFP/PTI)

केएल राहुल (KL Rahul). टीम इंडिया के पूर्व उपकप्तान. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे और चौथे टेस्ट में राहुल से ये ज़िम्मेदारी भी ले ली गई. ऐसे में फै़न्स का मानना है कि उनका ड्रॉप होना तय है. राहुल का फॉर्म IPL 2022 के बाद से ही खराब रहा है. पहले दो टेस्ट में टीम इंडिया ने शुभमन गिल जैसे इनफॉर्म बल्लेबाज़ को बाहर रखा और राहुल को मौका दिया. पर केएल के बल्ले से अब तक 20 रन से ज्यादा की पारी नहीं आई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एक तरफ जहां केएल राहुल की बैटिंग और शुभमन गिल की वापसी की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर टीम इंडिया की उपकप्तानी पर भी बहुत बात हो रही है. ऐसे में चेतेश्वर पुजारा, रविचन्द्रन अश्विन और रविन्द्र जडेजा का नाम सबसे आगे आ रहे है. फॉर्मर प्लेयर्स से लेकर कॉमेंटेटर्स, हर कोई अपनी राय दे रहा है. इसी बीच पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने भी इस समस्या पर अपनी राय रखी है. भज्जी मानते हैं कि इस रेस में पुजारा से आगे अश्विन और जडेजा हैं. उन्होंने दोनों में से एक को चुना है.

ट्विटर पर भज्जी ने अपना एक वीडियो शेयर किया. इस वीडियो में वो बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ पर चर्चा करते नज़र आ रहे हैं. इसी वीडियो में उन्होंने टीम इंडिया की उपकप्तानी पर भी बात की. उन्होंने कहा -

Advertisement

मेरे हिसाब से उपकप्तान वो प्लेयर होना चाहिए जो प्लेइंग XI में रहेगा ही, चाहे मैच होम में हो या अवे. मुझे लगता है जडेजा वो प्लेयर हैं. मैं मानता हूं कि उन्हें और ज़िम्मेदारियां दी जानी चाहिए. वो लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और टीम इंडिया के सीनियर प्लेयर हैं. मुझे नहीं लगता वर्ल्ड क्रिकेट में बतौर ऑलराउंडर कोई भी जडेजा की बराबरी कर सकता है. वो बेन स्टोक्स वाली लीग में चले गए हैं.

जडेजा ने लगभग पांच महीने बाद टीम इंडिया में वापसी की. उन्हें एशिया कप के दौरान इंजरी हुई थी. जिसके बाद से ही वो क्रिकेट से दूर थे. वापसी करते ही जडेजा ने अपनी काबिलियत भी दिखाई है. उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. जड्डू ने बैट और बॉल, दोनों से टीम इंडिया को मैच जिताया है. भज्जी ने आगे ये भी कहा कि जडेजा को वनडे क्रिकेट में भी उपकप्तान बना देना चाहिए. भज्जी ने कहा -

आप अगर उनके स्टैट्स देखेंगे तो समझेंगे कि उनकी बैटिंग में बहुत सुधार आया है. वो लगातार लोअर ऑर्डर में रन्स बना रहे हैं. इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें टीम इंडिया का उपकप्तान बना देना चाहिए. सिर्फ टेस्ट में ही नहीं, शायद वनडे में भी. क्योंकि उनसे बेहतर ऑप्शन नहीं है.

Advertisement

हालांकि, इस पर फै़न्स ने भी अपनी राय दी. एक ने लिखा -

अश्विन क्यों नहीं. वो कैप्टन मैटेरियल हैं.

एक और यूज़र ने लिखा -

उपकप्तान के रूप में अश्विन क्यों नहीं? उनके पास क्रिकट की बहुत अच्छी समझ है. उनका रिकॉर्ड भी इसका सबूत है.

एक और यूज़र लिखते हैं -

भज्जी भाई, जड्डू कैप्टन मैटेरियल नहीं हैं. हम एश भाई को चुन सकते हैं.

एक और यूज़र ने श्रेयस अय्यर का नाम सजेस्ट किया. उन्होंने लिखा -

श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बना देना चाहिए.

ज्यादातर कमेंट्स में फै़न्स ने अश्विन को उपकप्तान बनाए जाने की मांग की है. आपके हिसाब से केएल राहुल के बाद भारत का उपकप्तान कौन होना चाहिए? भारत और ऑस्ट्रेलिया के मैच की बात करें तो तीसरा टेस्ट 1 मार्च से इंदौर में शुरू होगा.

वीडियो: जडेजा, अश्विन टीम इंडिया में, फ्यूचर स्टार भी सामने

Advertisement