IPL 2022 के फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हरा दिया है. इसके साथ ही टीम ने अपने डेब्यू सीज़न में ही IPL खिताब जीत लिया. अब गुजरात अपने डेब्यू सीजन में IPL खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बन गई है. इससे पहले राजस्थान ने साल 2008 में IPL के डेब्यू सीज़न में IPL ट्रॉफी अपने नाम की थी. और अब राजस्थान को हराकर गुजरात ने ये कारनामा दोहरा दिया.
हार्दिक पंड्या ने पहले ही सीजन में कर ली धोनी-रोहित-गंभीर की बराबरी!
गुजरात टाइटंस की जीत के साथ हार्दिक पंड्या IPL की ट्रॉफी जीतने वाले चौथे इंडियन कप्तान बन गए हैं.


बात फाइनल मुकाबले की करें तो राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 130 रन बनाए. इसके जवाब में गुजरात ने 18.1 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया. गुजरात के लिए शुभमन गिल ने नाबाद 45 रन की मैच विनिंग पारी खेली. मिलर ने 19 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए.
18वें ओवर की पहली ही गेंद पर ओबेड मैकॉय को छक्का जड़कर शुभमन गिल ने जीत की औपचारिकता पूरी. और इसके साथ ही एक लाख से अधिक दर्शकों की तालियों और शोर से नरेंद्र मोदी स्टेडियम गूंज उठा. इस जीत के बाद अब गुजरात टाइटंस अपने होम ग्राउंड पर IPL खिताब जीतने वाली दूसरी टीम भी बन गयी. इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स साल 2011 में अपने होम ग्राउंड, चिदंबरम स्टेडियम में IPL का ख़िताब जीत चुकी है.
एक नई-नवेली टीम को डेब्यू सीज़न में IPL चैंपियन बनाने का श्रेय गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को जाता है. उन्होंने बतौर कप्तान शानदार प्रदर्शन करते हुए GT को प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई करने वाली पहली टीम बनाया. और अब ये टीम IPL 2022 की चैंपियन भी बन गई है. इसके साथ ही हार्दिक अब IPL ट्रॉफी जीतने वाले चौथे इंडियन कप्तान भी बन गए हैं. हार्दिक से पहले महेंद्र सिंह धोनी (CSK), रोहित शर्मा (MI) और गौतम गंभीर (KKR) ने यह कारनामा किया था.
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स ने चार बार (2010, 2011, 2018, 2021) IPL का खिताब जीता है. जबकि मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की अगुवाई में रिकॉर्ड पांच बार (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) खिताब अपने नाम किया है. वहीं गौतम गंभीर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स 2012 और 2014 में IPL चैंपियन बनी है.
Virat Kohli Batting के बाद कितने RECORDS बने?






















