ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल. फिलहाल न्यूज़ीलैंड में T20I सीरीज खेल रहे हैं. लेकिन उनका पूरा ध्यान इस साल होने वाले IPL पर लगा है. गौरतलब है कि IPL2020 में खराब प्रदर्शन के बाद पंजाब किंग्स ने मैक्सवेल को टीम से रिलीज़ कर दिया था. जिसके बाद मैक्सी ने कहा था कि वह विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर बैंगलोर से खेलना पसंद करेंगे. इस बयान के बाद हुए IPL2021 ऑक्शन के दौरान RCB के टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बिल्कुल निराश नहीं किया. RCB ने 14.25 रुपए खर्च कर मैक्सवेल को अपनी टीम में शामिल किया. RCB से जुडने के बाद मैक्सवेल की खुशी का ठिकाना नहीं है. विराट कोहली और डीविलियर्स के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने के लिये वो बेताब हैं. मीडिया से बातचीत के दौरान मैक्सवेल ने विराट कोहली की खूब तारीफ की. इस ऑलराउंडर ने कहा,
'विराट कोहली क्रिकेट के तीनों फॉर्मैट के शिखर पर हैं. एक बेहतरीन बैट्समैन होने के साथ उन्होंने कप्तानी का दबाव भी बखूबी संभाला है. कोहली पिछले 10 साल से क्रिकेट जगत को डॉमिनेट कर रहे हैं और ये कोई आसान काम नहीं है. मैं उनके साथ खेलने के लिये काफी उत्सुक हूं. सिर्फ मैदान पर ही नहीं प्रैक्टिस सेशन और ट्रेनिंग में वो कैसे अपने आपको तैयार करते हैं, ये भी मुझे सीखने को मिलेगा. मैं अपना अनुभव भी विराट के साथ शेयर करूंगा और RCB को चैंपियन बनाने के लिये सब कुछ लगा दूंगा.'
मैक्सी ने मीडिया से कहा कि उनकी और विराट की बॉन्डिंग मैदान के बाहर भी काफी अच्छी रही है. विराट से दोस्ती के बारे में मैक्सवेल ने कहा,
'विराट ने हमेशा मेरा साथ दिया है. जब मैंने मानसिक तनाव के कारण क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला लिया था तब भी विराट मेरे फैसले के साथ थे. विराट को पता था कि मैं किस परेशानियों से गुजर रहा हूं.'
मैक्सवेल फिलहाल न्यूज़ीलैंड में चल रही T20I सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा हैं. लेकिन पहले दो मैचों में उनका बल्ला बिल्कुल खामोश रहा है. पहले मैच में वो एक रन पर आउट हुए और दूसरे मैच में तीन रन बनाकर चलते बने. सीरीज का तीसरा मैच तीन मार्च को खेल जायेगा. मैक्सवेल चाहेंगे कि IPL शुरू होने से पहले वो अपनी उस फॉर्म को हासिल कर लें जिसके लिये RCB ने उनपर इतना पैसा लुटाया है.