भारत की चर्चित रेसलर विनेश फोगाट की कुश्ती में वापसी हो रही है. वो भी रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के गढ़ से. गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में उनका रजिस्ट्रेशन हो गया है. WFI प्रेसिडेंट संजय सिंह ने विनेश के रजिस्ट्रेशन की जानकारी दी है. विनेश इस बार 57 किलो वजन वाली कैटेगरी में हिस्सा लेंगी. बृजभूषण गोंडा सीट से ही लोकसभा सांसद थे. जिस कॉलेज में यह टूर्नामेंट होगा, वह भी उनके परिवार का ही है. इस टूर्नामेंट के रजिस्ट्रेशन को लेकर भी विवाद हुआ था.
बृजभूषण के गढ़ से होगी विनेश फोगाट की कुश्ती में वापसी, रजिस्ट्रेशन विवाद पर WFI प्रेसिडेंट ने दी सफाई
Vinesh Phogat ने दावा किया था कि WFI जानबूझकर नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं होने दे रहा. WFI चीफ संजय सिंह ने उनके बयान पर पलटवार किया है. यह टूर्नामेंट Brij Bhushan Sharan Singh के कॉलेज में होगा.


गोंडा के नंदिनी नगर महाविद्यालय में 10 से 12 मई तक नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट होने वाला है. इसमें 10 मई को फ्रीस्टाइल रेसलिंग, 11 मई को ग्रीको रोमन रेसलिंग और 12 मई को महिला रेसलिंग होनी है. नंदिनी नगर महाविद्यालय की स्थापना बृजभूषण शरण सिंह ने ही की थी.
इस कॉलेज के मैनेजमेंट का काम भी उनके परिवार के सदस्य ही करते हैं. 1994 में बृजभूषण ने यह कॉलेज खोला था. वह कॉलेज के फाउंडर हैं. वहीं उनके दोनों बेटे करण भूषण सिंह और प्रतीक भूषण मैनेजिंग डायरेक्टर है.
विनेश फोगाट ने आरोप लगाया था कि WFI उनका कमबैक नहीं होने दे रहा है. उन्होंने दावा किया था कि WFI जानबूझकर नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए उनका ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं होने दे रहा. इस विवाद पर फेडरेशन प्रेसिडेंट संजय सिंह ने सफाई दी है. संजय सिंह ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया,
"विनेश फोगाट का रजिस्ट्रेशन पहले ही पूरा हो चुका है. वे बेवजह हंगामा क्यों कर रही हैं? हमने किसी भी पहलवान को हिस्सा लेने से नहीं रोका है. उन सभी का तहे दिल से स्वागत है. मीडिया से बात करने के बजाय, उन्हें कुश्ती पर ध्यान देना चाहिए. अब तक 800 पहलवानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, और किसी ने भी किसी तरह की दिक्कत की शिकायत नहीं की है."
8 अप्रैल को जारी WFI के सर्कुलर के मुताबिक, इस टूर्नामेंट में रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 30 अप्रैल है. विनेश ने 27 अप्रैल को दावा किया था कि रजिस्ट्रेशन बंद हो गया और वे आवेदन नहीं कर पा रही हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, WFI के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा था कि किसी को भी रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई. उन्होंने बताया,
"हमें दूसरे पहलवानों से भी इसी तरह की शिकायतें मिली थीं. उन्होंने हमारे स्टाफ से संपर्क किया, और उनकी समस्याओं का समाधान कर दिया गया. हम किसी को भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से नहीं रोकेंगे,और यह टूर्नामेंट सभी के लिए खुला है."
दी लल्लनटॉप ने विनेश के पति सोमवीर राठी से भी बात की थी. उन्होंने बताया था कि WFI ने रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया था. लिंक ओपन नहीं हो रहा था. हमारी शिकायत के बाद इसे खोला गया.
एशियन गेम्स खेलने का मौकासंजय सिंह ने बताया कि गोंडा में होने वाला टूर्नामेंट उन पहलवानों को एक आखिरी मौका देता है, जो 2025 की नेशनल चैंपियनशिप और 2026 के फेडरेशन कप में हिस्सा नहीं ले पाए थे. इससे रेसलर एशियन गेम्स के सिलेक्शन ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई कर सकेंगे.
WFI की एशियन गेम्स सिलेक्शन पॉलिसी में यह साफ तौर पर कहा गया था कि सीनियर वर्ग में केवल वही पहलवान ट्रायल्स में हिस्सा ले पाएंगे जिन्होंने इन दोनों टूर्नामेंट में मेडल जीते हों. हालांकि, ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में मेडल जीतने वाले पहलवानों को नेशनल कैंप के लिए चुना जाएगा. इस तरह उनके सिलेक्शन ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई करने की पूरी संभावना है.
ओलंपिक में मेडल जीतने से चूक गई थीं विनेशविनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 100 ग्राम वजन ज्यादा होने की वजह से मेडल से चूक गई थीं. आखिरी मोमेंट पर बाहर होने के बाद उन्होंने कुश्ती से संन्यास की घोषणा की थी. उन्होंने राजनीति में कदम रखा. 2024 में विनेश कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा की जुलाना सीट से विधायक चुनी गईं. दिसंबर 2025 में विनेश संन्यास लेने के फैसले से पीछे हट गई थीं.
यह भी पढ़ें: रिंकू सिंह की बहन ने सुनील नारायण को कहा 'भईया', KKR बैटर का 'ब्रदर' वायरल हो गया
छह बार सांसद रह चुके बृजभूषण शरण सिंह पर दिल्ली की एक अदालत में मुकदमा चल रहा है. 2023 में देश की कुछ शीर्ष महिला पहलवानों ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. वे तब WFI के अध्यक्ष थे. विनेश फोगाट के अलावा ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे रेसलर बृजभूषण के खिलाफ प्रोटेस्ट में सबसे आगे थे.
गोंडा में टूर्नामेंट के खिलाफ विनेश फोगाटविनेश ने इसीलिए गोंडा में इस टूर्नामेट को कराए जाने का भी विरोध किया. उन्होंने दी लल्लनटॉप के साथ बातचीत में कहा,
"सरकार आंखें बंद करके बैठी है. गोंडा में यह सीरीज सिर्फ इसलिए करवाई जा रही है, क्योंकि वह (बृजभूषण शरण सिंह) यह दिखाना चाहते हैं कि अभी सब कुछ उनके हाथों में है. वह जैसे चाहे वैसे कर सकते हैं. केस कोर्ट में चल रहा है. इसके बावजूद कॉलेज में यह टूर्नामेंट करना दिखाता है कि यह सब बस शक्ति प्रदर्शन करने के लिए है."
विनेश ने यहां तक दावा किया कि कई रेसलर गोंडा जाने में सहज महसूस नहीं कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि रेसलर उनके सामने यह बात रख चुके हैं. लेकिन, वे संजय सिंह या WFI के किसी भी अधिकारी को सीधे मना नहीं कर पा रहे हैं. उनके अंदर डर है कि अगर वह कुछ भी कहेंगे तो इसका असर उनके करियर पर होगा.
संजय सिंह ने उनके आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि गोंडा में यह टूर्नामेंट कराने में कुछ भी गलत नहीं है. संजय ने यह भी बताया कि बृजभूषण शरण सिंह भी टूर्नामेंट में बतौर कुश्ती प्रेमी मौजूद रहेंगे.
वीडियो: RCB ने दिल्ली को एक तरफ़ा हार दी, दोबारा ट्रॉफी जीतने के कितने करीब है?























