The Lallantop

साल के 11 करोड़ मुझे उत्तेजित नहीं करते: हार्दिक पंड्या

'पैसे से स्टेबिलिटी तो आती ही है.'

Advertisement
post-main-image
Hardik Pandya और Krunal Pandya मिलकर Mumbai Indians से साल के 20 करोड़ कमा रहे हैं (एपी फोटो)
हार्दिक पंड्या. टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के पूर्व ऑलराउंडर. पूर्व इसलिए क्योंकि हार्दिक लंबे वक्त से स्पेशलिस्ट बैटर के तौर पर खेलते हैं. अपनी कमर की समस्या के चलते वह बोलिंग नहीं कर रहे. IPL में मुंबई इंडियंस के लिए 90 से ज्यादा मैच खेल चुके है हार्दिक की MI में मौजूदा सैलरी 11 करोड़ सालाना है. लेकिन हमेशा से ऐसा नहीं था. कुछ ही साल पहले तक वह साल के 10 लाख ही कमा पाते थे. और अपने उन्हीं दिनों की बात करते हुए हार्दिक ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि साल 2016 में कुछ क्रिकेटर्स ने उनसे कहा था कि वह साल के 6-7 करोड़ डिजर्व करते हैं. क्योंकि वह इंडिया डेब्यू कर चुके थे और साथ ही वह उस वक्त इकलौते ऑलराउंडर भी थे. बता दें कि साल 2016 तक पंड्या को साल के 10 लाख ही मिलते थे. इस मसले पर क्रिकइंफो से बात करते हुए पंड्या ने कहा,
'मुझे 10 लाख में खरीदा गया था ना? अगले साल, कुछ क्रिकेटर्स ने जिनका मैं नाम नहीं लेना चाहता, मेरे पास आए और बोले- हार्दिक, तुम 6-7 करोड़ डिजर्व करते हो.' क्योंकि उस वक्त तक मैं इंडिया खेल चुका था और उस वक्त मैं इकलौता ऑलराउंडर भी था.'
पंड्या ने बातचीत में आगे कहा कि उन्हें 10 लाख की सैलरी से कोई दिक्कत नहीं थी, क्योंकि उनके भाई कृणाल उस वक्त साल के दो करोड़ कमा रहे थे. और साथ ही हार्दिक भी इंडिया खेलने और अपने विज्ञापनों के चलते साल के 2 करोड़ कमा ही ले रहे थे. हार्दिक ने कहा,
'मेरा तो ऐसा था कि ये भी ठीक है. मेरा भाई 2 करोड़ कमा रहा है. मैं 10 लाख में मुंबई से जुड़ा लेकिन अपने ब्रांड एंडोर्समेंट्स और इंडिया खेलने के चलते मैं भी दो करोड़ कमा ही रहा था. इसलिए हम स्टेबल थे.'
इस बातचीत के दौरान हार्दिक ने यह भी कहा कि अब, जबकि वह 11 करोड़ और उनके भाई कृणाल नौ करोड़ कमा रहे हैं, तब भी उनके पैर जमीन पर ही हैं और इसमें बहुत उत्तेजित होने जैसी कोई बात नहीं है. हार्दिक ने कहा कि वह खुश हैं. उन्होंने कहा,
'जब मुझे 11 करोड़ और कृणाल को नौ करोड़ यानी हमें कुल 20 करोड़ मिले, तो हम काफी हद तक न्यूट्रल और जमीनी थे. इसने हमें बहुत ज्यादा उत्तेजित नहीं किया. जाहिर तौर पर हम खुश थे, लेकिन इसने बहुत सी चीजें नहीं बदली. हम अब भी पहले जैसे ही थे, लेकिन पैसों के साथ स्टेबिलिटी तो आई ही थी.'
बता दें कि हार्दिक और कृणाल की मौजूदा सैलरी साल 2018 में हुई, जब मुंबई ने उन्हें रीटेन किया. दोनों भाई लंबे वक्त से मुंबई का हिस्सा हैं. लेकिन अब कहा जा रहा है कि IPL2022 के मेगा ऑक्शन से पहले शायद मुंबई इन्हें रिलीज कर दे.

Advertisement
Advertisement