इंडियन क्रिकेट टीम एशिया कप के लिए तैयार है. टीम इस टूर्नामेंट की अपनी तैयारियों के फ़ाइनल स्टेज़ पर है. टीम का अभी कर्नाटक के अलूर में कैंप चल रहा है. यहां हुए योयो टेस्ट्स लगातार चर्चा में हैं. न्यूज़ एजेंसी PTI के मुताबिक युवा ओपनर शुभमन गिल ने 18.7 के स्कोर के साथ इसे टॉप किया.
गिल ने किया टॉप, तो योयो टेस्ट से गायब रहे ये इंडियन क्रिकेटर्स!
इंडियन कैंप में कौन रहा योयो टेस्ट से दूर?


योयो टेस्ट का कट ऑफ़ 16.5 रखा गया था. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 17.2 का स्कोर बनाया. इस टेस्ट में उपस्थित रहे सारे भारतीय प्लेयर्स ने कट-ऑफ लेवल पार किया. हालांकि इस टेस्ट में सारे भारतीय प्लेयर्स नहीं शामिल हुए. रिपोर्ट्स के मुताबिक जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन और केएल राहुल ने अभी तक ये टेस्ट नहीं दिया है.
बता दें कि अलूर में चल रहे कैंप में अभी रूटी फिटनेस टेस्ट्स ही हो रहे हैं. एक सोर्स ने इस बारे में PTI से कहा,
'योयो टेस्ट में रिजल्ट्स, आपने पिछली बार कब खेला था और बीते हफ़्ते में आपके वर्कलोड पर निर्भर करते हैं. गिल ने 18.7 स्कोर किया, ये अभी का हाईएस्ट है. ज्यादातर प्लेयर्स ने 16.5 से 18 के बीच स्कोर किया.'
बता दें कि यह फिटनेस कम कंडिशनिंग कैम्प अभी इसलिए आयोजित हुआ क्योंकि यह अक्टूबर में होने वाले वर्ल्ड कप से पहले की इकलौती विंडो थी. सोर्स ने कहा,
'अगर दो टूर्नामेंट्स के बीच गैप है तो नेशनल क्रिकेट अकैडमी की स्पोर्ट्स साइंस टीम और टीम इंडिया का सपोर्ट स्टाफ़ मिलकर जरूरी टेस्ट्स आयोजित कराते हैं.'
बता दें कि योयो टेस्ट सबसे पहले स्ट्रेंथ एंड कंडिशनिंग कोच शंकर बासु लेकर आए थे. तब इसका कट-ऑफ़ 16.1 था. लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 16.5 कर दिया गया. और इसका असर टीम पर दिख रहा है. अभी के ज्यादातर युवा भारतीय क्रिकेटर्स फ़िटनेस के मामले में पहले से काफी बेहतर हुए हैं.
शुभमन गिल के आंकड़े इसकी गवाही देते हैं. वह मार्च से लगातार खेल रहे हैं. पूरे IPL में खेलने के बाद वह टीम इंडिया के साथ बने हुए हैं. यह मार्च के बाद उनका पहला ब्रेक है. और इस बिजी शेड्यूल के बावजूद उन्होंने योयो फ़िटनेस टेस्ट में टॉप किया. टीम इंडिया का अगला असाइनमेंट एशिया कप है. ये टूर्नामेंट 30 अगस्त से शुरू हो रहा है. भारत का पहला मैच 2 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ़ होगा.
वीडियो: जसप्रीत बुमराह आयरलैंड के खिलाफ क्या कमाल का ओवर फेंक गए





















