The Lallantop

मॉर्गन बनेंगे CSK के हेड कोच? चेन्नई के पूर्व क्रिकेटर ने दिया हिंट

CSK Head Coach : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान Eoin Morgan चेन्नई सुपरकिंग्स के नए हेड कोच बन सकते हैं. इसे लेकर CSK के पूर्व क्रिकेटर ने भी अपने यूट्यूब चैनल पर हिंट दिया है. हाल ही में MS Dhoni के इंग्लैंड टूर को भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है.

Advertisement
post-main-image
इयोन मॉर्गन चेन्नई सुपरकिंग्स के नए हेड कोच बन सकते हैं. (फोटो-PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • चेन्नई सुपरकिंग्स ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह नए हेड कोच चुनने के लिए अगले सप्ताह तक फैसला लेने का ऐलान किया है और इयोन मॉर्गन के नाम पर विशेष चर्चा हो रही है।
  • फ्लेमिंग की जगह नए कोच की आवश्यकता इसलिए हुई है क्योंकि टीम पिछले तीन IPL सीज़न में प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी है और टीम ट्रांजिशन के दौर से गुजर रही है।
  • अगर CSK ने मॉर्गन को हेड कोच चुना तो उन्हें कोचिंग अनुभव की कमी के बावजूद टीम के नेतृत्व और रणनीति को आकार देना होगा, साथ ही एमएस धोनी की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी।

चेन्नई सुपरकिंग्स को एक नए कोच की तलाश है. 19 साल तक टीम के साथ रहने वाले स्टीफन फ्लेमिंग को‍ रिप्लेस करना आसान नहीं होगा. वैसे तो इस पोजिशन के लिए खुद महेंद्र सिंह धोनी का नाम भी चल रहा है. लेकिन, एक और नाम है जिसकी इन दिनों इस पोजिशन के लिए खूब चर्चा हो रही है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन.

Advertisement

दावे तो ये तक किए गए कि महेंद्र सिंह धोनी ने हाल में इंग्लैंड दौरा भी इसी कारण किया था. वो मॉर्गन से CSK के हेड कोच के रोल के लिए ही चर्चा करने गए थे. अब इस मामले को और तूल दे दी है CSK के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने. उनके मुताबिक, CSK मैनेजमेंट अगले सप्ताह तक इस पर फैसला ले सकता है.

अश्विन ने क्या कहा?

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर CSK के हेड कोच को लेकर विकल्पों पर बात की. उन्होंने कहा,

Advertisement

मुझे पक्का यकीन है. मेरे सूत्रों के मुताबिक, इयोन मॉर्गन का नाम CSK के हेड कोच के रोल के लिए चल रहा है. अगले सप्ताह तक कोई फैसला ले लिया जाएगा.

फ्लेमिंग की कोचिंग में CSK ने 5 IPL खिताब जीते. टीम IPL की सबसे सफल टीमों में से एक बन गई. यही कारण है कि उनकी जगह लेना आसान नहीं होगा. मॉर्गन निश्चित रूप से एक दिलचस्प विकल्प होंगे. लेकिन, समस्या ये है कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान के पास कोचिंग का अनुभव नहीं है. 2023 में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद से वह मेनली कमेंट्री करते ही नज़र आए हैं. कभी-कभार वो एक्सपर्ट पैनल में भी रहे हैं.

लेकिन, मॉर्गन जानते हैं कि एक सफल वाइट-बॉल टीम बनाने के लिए क्या चाहिए. उन्होंने बतौर कप्तान इंग्लैंड के खेलने के तरीके में बड़ा बदलाव किया. इसके कारण टीम 2019 में पहला ODI वर्ल्ड कप जीतने में सफल रही. उनकी अगुवाई में इंग्लैंड ने आक्रामक क्रिकेट खेला. उन्होंने अपने खिलाड़ियों पर काफी भरोसा जताया. इसी का टीम को फायदा मिला.

Advertisement

उनका यही अनुभव CSK के लिए फायदेमंद हो सकता है. टीम ट्रांजिशन के फेज से गुजर रही है. 5 बार की चैंपियन टीम पिछले तीन सीज़न से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है. यही कारण है कि अगले हेड कोच की टीम के नेक्स्ट जेनरेशन को आकार देने में अहम भूमिका होगी.

ये भी पढ़ें : 22 साल बाद डार्विन में लौटा टेस्ट क्रिकेट, क्या कंगारुओं के घर में बड़ा उलटफेर करेगा बांग्लादेश?

धोनी को बताया सबसे सही विकल्प

हालांकि, मॉर्गन के साथ कोचिंग अनुभव की कमी चिंता की बात तो है ही. जरूरी नहीं कि एक सफल कप्तान, सफल हेड कोच भी हो. IPL कोच को अलग-अलग देशों के खिलाड़ियों के साथ काम करना होता है. बड़े सपोर्ट स्टाफ को मैनेज करना होता है. लंबे टूर्नामेंट के दौरान मुश्किल फैसले लेने होते हैं. CSK में एमएस धोनी भी हैं. उनका फ्रेंचाइजी पर काफी प्रभाव है. ऐसे में अश्विन का भी मानना तो यही ​​है कि हेड कोच की भूमिका के लिए धोनी ज्यादा सही विकल्प हो सकते हैं.

अश्विन ने आगे कहा, 

व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि यह ज़िम्मेदारी एमएस धोनी को मिलेगी. बाकी लोग उनका साथ देंगे. यह सही फ़ैसला होगा. मेगा ऑक्शन में बस एक साल ही बचा है. ऐसे में फ्लेमिंग की जगह किसी और को लाना थोड़ा देर से उठाया गया कदम होगा.

एमएस धोनी से बेहतर CSK के सेटअप को शायद ही कोई समझे. लेकिन, ये देखने लायक होगा कि वो हेड कोच की भूमिका निभाना चाहते हैं या नहीं. वहीं, मॉर्गन का आना एक बिल्कुल अलग दिशा होगी. उनके पास लीडरशिप का अनुभव है. टीम के नज़रिए को बदलने का ट्रैक रिकॉर्ड भी है. लेकिन, वो कभी हेड कोच की कुर्सी पर नहीं बैठे हैं. अगर CSK उस रास्ते पर जाने का फ़ैसला करती है, तो मॉर्गन पर भरोसा जताना होगा. वहीं, मॉर्गन को एक सफल इंटरनेशनल कप्तान से फ्रेंचाइजी कोच बनने का सफर तय करना होगा.

वीडियो: महेंद्र सिंह धोनी और CSK मिलकर पूरे देश को पागल बना रहे हैं?

Advertisement