The Lallantop

कप्तान बाबर आजम हेडिंग्ले टेस्ट से बाहर, कोच सरफराज ने क्या बताया?

Eng vs Pak Headingley Test : पाकिस्तानी टीम को पहले टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है. हाल ही में टीम के कप्तान बने Babar Azam चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टीम की कमान T20I कप्तान Salman Ali Agha संभालेंगे. ये उनका बतौर टेस्ट कप्तान पहला मुकाबला होगा.

Advertisement
post-main-image
बाबर आजम चोट के कारण हेडिंग्ले टेस्ट से बाहर हो गए हैं. (फोटो-AP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं, उनकी जगह सलमान अली आगा टीम की कप्तानी करेंगे।
  • बाबर आजम की चोट बेकेनहम में हुए प्रैक्टिस मैच के दौरान उनके दाएं हाथ की उंगली में लगी चोट के कारण हुई, जो पहले ही वेस्टइंडीज सीरीज के दौरान इस हाथ पर चोटिल थे।
  • बाबर आजम की गैरमौजूदगी केवल पहले टेस्ट तक सीमित है और टीम को उम्मीद है कि दूसरे टेस्ट से पहले वे फिट होकर वापसी करेंगे, जिससे टीम की कप्तानी पुनः उन के पास आ सकती है।

पाकिस्तानी क्रिकेट टीम अभी इंग्लैंड के टेस्ट दौरे पर है. 19 अगस्त से टीम को हेडिंग्ले में इंग्लिश टीम के खि‍लाफ 3 मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेलना है. इस मुकाबले से ठीक पहले टीम को तगड़ा झटका लग गया है. टीम के कप्तान बाबर आजम चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं. टीम के पूर्व कप्तान शान मसूद भी चोटिल हैं. अभी उनकी वापसी को लेकर कुछ सुनिश्चित नहीं है. ऐसे में टीम का दारोमदार T20I कप्तान सलमान अली आगा के हाथों में सौंप दिया गया है.

Advertisement
कोच सरफराज ने क्या अपडेट दिया?

दरअसल, बाबर बेकेनहम में हुए प्रैक्टिस मैच में चोटिल हो गए थे. उनके दाएं हाथ की उंगली पर चोट लग गई थी. इससे पहले, उन्हें इसी हाथ पर वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ हाल ही में खत्म हुई सीरीज के दौरान चोट लग गई थी.  इसे लेकर टीम के कोच ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी. उन्होंने बताया,

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम पहले टेस्ट मैच के लिए मौजूद नहीं हैं. सलमान आग़ा पहले टेस्ट में कप्तानी करेंगे.

Advertisement

फिलहाल बाबर की गैरमौजूदगी सिर्फ पहले टेस्ट तक सीमित है. उनकी उंगली में कोई फ्रैक्चर नहीं है. सरफराज ने उनके हेल्थ को ले‍कर दिए अपडेट में कहा,

मेडिकल टीम बाबर की जांच कर रही है. उनकी उंगली में काफी दर्द है. दूसरे टेस्ट से पहले अभी कुछ दिन बाकी हैं. ऐसे में हमें उम्मीद है कि वो तब तक फिट हो जाएंगे.

दरअसल, प्रैक्टिस मैच के दौरान चोटिल होने के बाद बाबर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे. बाद में वो मैदान पर नहीं उतरे. उनकी जगह पाकिस्तान के T20I कप्तान सलमान आगा ने ही टीम की कमान संभाली थी. अब वो टेस्ट टीम की भी इस मुकाबले में कप्तानी करेंगे.  

Advertisement

ये भी पढ़ें : रविंद्र जडेजा के 350वें विकेट पर भारी पड़ी एक नो बॉल, फैन्स भड़के

बड़ा झटका है बाबर की गैरमौजूदगी

हालांकि, बाबर की गैरमौजूदगी पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है. हाल ही में उन्हें शान मसूद की जगह टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई है. ये बाबर का बतौर कप्तान दूसरा कार्यकाल है. मसूद से पहले भी टीम की कमान उन्हीें के हाथों में थी. वेस्टइंडीज दौरा बतौर कप्तान उनकी पहली सीरीज थी. इस दौरान उन्होंने शानदार बैटिंग की थी. लग रहा था कि लंबे समय बाद बाबर फॉर्म में लौट रहे हैं. वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ सीरीज में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए थे. इस दौरान दो हाफ सेंचुरीज भी लगाई थीं. साथ ही दूसरे टेस्ट का अंत लगातार दो शानदार छक्कों के साथ किया था. 

वहीं, आगा ने इससे पहले कभी पाकिस्तान की टेस्ट टीम की कप्तानी नहीं की है. लेकिन, पिछले कुछ सालों से वो लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा हैं. साथ ही वो पाकिस्तान के तीनों फॉर्मेट में रेगुलरली खेलने वाले कुछ खिलाड़ियों में शुमार हैं. हालांकि, वेस्टइंडीज दौरा उनके लिए अच्छा नहीं रहा था. उन्होंने इस दौरान 3 पारियों में सिर्फ 20 रन बनाए थे.

इधर, टीम के पूर्व कप्तान शान मसूद उंगली के फ्रैक्चर से पूरी तरह उबर चुके हैं. पिछले महीने वेस्टइंडीज के खि‍लाफ पहले टेस्ट में जेडन सील्स की गेंद उनके हाथ पर लगी थी. इसके बाद, वह दूसरे टेस्ट से बाहर रहे थे. बेकेनहम में हुए अभ्यास मैच में भी नहीं खेले थे. हेडिंग्ले में वो टीम का हिस्सा होंगे. लेकिन, पाकिस्तान के लिए बड़ी चुनौती प्लेइंग XI में बैटिंग डेप्थ हासिल करने का होगा. टॉप ऑर्डर में शान मसूद और मिडिल ऑर्डर में सऊद शकील की वापसी हो सकती है. लेकिन, आमिर जमाल को ख‍िलाने को लेकर अब भी डाउट है. वेस्टइंडीज में वो बैट और बॉल दोनों से पहले टेस्ट में असरदार नहीं दिखे थे.

WTC में क्या है दोनों टीम का हाल?

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनश‍िप के लिहाज से देखें तो, पाकिस्तान वर्तमान में 8वें नंबर पर है. टीम ने हाल ही में वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ 1-1 से सीरीज ड्रॉ की थी. वर्तमान साइकिल में टीम ने 6 मुकाबलों में 2 जीत हासिल की है. वहीं, 4 मुकाबलों में उन्हें श‍िकस्त झेलनी पड़ी है. टीम के अभी 22.22 परसेंटेज अंक हैं. वहीं, इंग्ल‍िश टीम उनसे ठीक ऊपर 7वें पायदान पर है. वो अब तक 13 मुकाबलों में सिर्फ 4 में जीत हासिल करने में सफल रहे हैं. हाल ही में वेस्टइंडीज के खि‍लाफ सीरीज में उन्हें 2-1 से हार झेलनी पड़ी थी.

वीडियो: पाकिस्तानी बल्लेबाज़ों पर प्रेशर, क्या बाबर आज़म अब दिला पाएंगे टीम को जीत?

Advertisement