The Lallantop

धोनी की कही एक बात मान ली और अब रहाणे बंपर मार रहे...खुलासा खुश कर देगा!

रहाणे को कोई खरीद नहीं रहा था फिर...

Advertisement
post-main-image
धोनी के कहने पर CSK ने रहाणे को खरीदा (पीटीआई)

अजिंक्य रहाणे. इस सीजन IPL में धमाल मचा रहे हैं. धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए रहाणे सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे हैं. उनकी बैटिंग का अंदाज देखकर फ़ैन्स भी चौंक गए हैं. और उनके ट्रांसफॉर्मेशन का क्रेडिट अक्सर महेंद्र सिंह धोनी को दिया जा रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

और अब CSK के CEO कासी विश्वनाथन ने खुलासा किया है कि यह धोनी ही थे, जिन्होंने IPL2023 से पहले अपनी फ्रैंचाइज़ से अजिंक्य रहाणे के लिए बिड करने की मांग की थी. क्रिकबज़ से बात करते हुए विश्वनाथन ने कहा,

'धोनी से इस बारे में बात हुई तो उन्होंने कहा, अगर आप उन्हें खरीद लें तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता. और इसीलिए हमने रहाणे के लिए बिड की.'

Advertisement

रहाणे को CSK ने 50 लाख की बेस प्राइस पर खरीदा था. हालांकि यह रिस्की सौदा था. क्योंकि IPL में रहाणे का स्ट्राइक रेट बहुत अच्छा नहीं था. और इस बरस की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में भी वह कुछ खास नहीं कर पाए थे. यहां उन्होंने आठ पारियों में 117.89 के स्ट्राइक रेट से कुल 112 रन बनाए थे. उनका हाइएस्ट स्कोर सिर्फ़ 34 रन था.

लेकिन IPL में रहाणे अलग ही अंदाज में दिखे हैं. और अभी तक वह IPL2023 के छह मैच में 189.83 की स्ट्राइक रेट से 224 रन बना चुके हैं. और उनकी इस कमाल की हिटिंग ने CSK को कई बार बड़े टोटल तक पहुंचाया है. वह लगातार चर्चा में थे और शायद इसी प्रदर्शन के चलते उन्हें WTC फाइनल के लिए टीम इंडिया में एंट्री भी मिली.

हालांकि कई लोगों का यह भी दावा है कि उन्हें रणजी ट्रॉफ़ी में अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला. अब वजह चाहे जो हो, टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री तो रहाणे के सेलेक्शन से काफी खुश हैं. शास्त्री ने इस बारे में क्रिकइंफो से कहा था,

Advertisement

‘मैं बहुत खुश हूं कि उसे टीम में एंट्री मिल गई. उन्होंने IPL में जो दो-तीन मैच खेले उनमें बेहतरीन अंदाज में बैटिंग की. वह कमाल के टच में दिखे. और उनके अनुभव को तो भूलिए मत. जिस वक्त श्रेयस अय्यर को चोट लगी, आपको रहाणे की ओर देखना ही था.’

WTC फाइनल में टीम इंडिया को 7 जून से ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है. मजे की बात ये है कि रहाणे की आखिरी सेंचुरी भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ ही आई थी. उन्होंने 2020 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के दौरान मेलबर्न टेस्ट में सेंचुरी मारी थी.

वीडियो: एम एस धोनी ने RR vs CSK के बाद क्या कहा?

Advertisement