The Lallantop

इंडियन मेंस हॉकी टीम का ये मैच नहीं देखा तो क्या ही देखा!

हमारे लड़कों ने कनाडा वालों को दौड़ा-दौड़ाकर हॉकी सिखाई है!

Advertisement
post-main-image
मेंस हॉकी टीम (फोटो - PTI)

इंडियन मेंस हॉकी टीम (Hockey Team) ने कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) में शानदार वापसी की है. इंग्लैंड के खिलाफ़ पिछला मुकाबला ड्रॉ होने के बाद टीम ने कनाडा को 8-0 से हरा दिया है. इस मुकाबले में टीम ने शुरूआत से ही आक्रामक अप्रोच दिखाई. और पहले क्वॉर्टर में कनाडा के ऊपर 2-0 की बढ़त ले ली.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मैच की शुरुआत टीम इंडिया के लिए पेनल्टी कॉर्नर से हुई. टीम को पहले क्वॉर्टर की शुरुआत में ही लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले. हालांकि इन दोनों पर ही गोल नहीं हो पाया. और फिर इसके तुरंत बाद टीम को एक और पेनल्टी मिली. यहां हरमनप्रीत ने टीम के लिए पहला गोल कर दिया. इसके बाद पांच मिनट बाकी रहते हुए अमित रोहिदास ने टीम के लिए दूसरा गोल किया. 

Advertisement

उन्होंने वरुण के पास पर गेंद को बहुत बढ़िया तरीके से गोलपोस्ट में पहुंचाया. पहला क्वॉर्टर खत्म होने तक टीम इंडिया 2-0 से आगे रही. दूसरे क्वॉर्टर की शुरुआत में भी टीम ने अग्रेसिव अप्रोच ही रखी. इस क्वॉर्टर के चौथे मिनट में टीम इंडिया को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिले. इस बार भी टीम ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए.

यहां पर भी पहला मिस करने के बाद दूसरे में ललित उपाध्याय ने टीम के लिए बढ़िया गोल किया. थोड़ी देर बाद टीम इंडिया को फिर एक पेनल्टी मिली. दूसरे क्वॉर्टर में तीन मिनट 15 सेकेंड रहते हुए गुरजंत ने एक बेहतरीन गोल कर स्कोर को 4-0 कर दिया. हार्दिक के पास पर गुरजंत ने बेहतरीन तरीके से अपनी स्टिक गेंद के रास्ते में अड़ाई और गेंद को गोल में पहुंचा दिया. मैच का दूसरा क्वॉर्टर 4-0 पर खत्म हुआ.

मैच का तीसरा क्वॉर्टर भी टीम इंडिया के पक्ष में गया. इस क्वॉर्टर में एक गोल आया. आकाशदीप ने इस गोल के लिए सर्कल के अंदर गेंद कलेक्ट की, एक टच लिया. अपनी ग्रिप को शॉर्ट ग्रिप में बदला और उसके बाद जो करारा शॉट मारा, कनाडा के गोलकीपर के पास उसे देखते रहने के अलावा कोई चारा ही नहीं था. तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने तक भारत 5-0 से आगे था.

Advertisement

चौथे क्वॉर्टर की शुरुआत में कनाडा ने गेंद को अपने पास रखने पर ज्यादा फोकस किया. लेकिन इसका कुछ फायदा नहीं हुआ. इसके बाद मैच के आखिरी पांच मिनट्स में टीम इंडिया को फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला. और हरमनप्रीत ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर 6-0 कर किया. टीम इंडिया यहीं नहीं रुकी, मैच के आखिरी तीन मिनट्स में मंदीप ने गोल दाग दिया.

और फिर जब मैच के आखिरी दो मिनट बचे थे, कनाडा को पेनल्टी मिली, लेकिन वो इसे गोल में नहीं बदल पाए. और फिर कुछ ही सेकेंड्स बाद आकाशदीप ने एक और गोल कर स्कोर 8-0 कर दिया. इस भारी जीत के बाद टीम का अगला मैच वेल्स से होगा.

बैडमिंटन में गोल्ड जीतने से कैसे चूक गया भारत?

Advertisement