क्रिस गेल का T20 क्रिकेट में महारिकॉर्ड टूट गया है. साउथ अफ्रीकी बैटर लुआन ड्रे प्रिटोरियस ने T20 क्रिकेट का सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर बना दिया. बाएं हाथ के टॉप ऑर्डर बैटर ने साउथ अफ्रीका के डोमेस्टिक टूर्नामेंट CSA T20 चैलेंज में महज 79 बॉल्स में नाबाद 188 रन कूट डाले. टाइटंस (Titans) की तरफ से खेलते हुए उन्होंने टूर्नामेंट के अपने पहले ही मैच में तबाही मचा दी. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 13 छक्के और 15 चौके जड़े.
गेल का महारिकॉर्ड टूटा! प्रिटोरियस ने T20 में जड़ दिए नाबाद 188 रन
T20 क्रिकेट में 13 साल बाद Chris Gayle का रिकॉर्ड टूट गया. साउथ अफ्रीकी बैटर Lhuan Dre Pretorious ने CSA T20 चैलेंज में 79 गेंदों पर 188 रनों की धुआंधार पारी खेली. 20 साल के प्रीटोरियस ने अपनी पारी के दौरान 13 छक्के और 15 चौके लगाए.

इस पारी के साथ ही प्रिटोरियस ने 20 ओवर के फॉर्मेट में किसी एक बल्लेबाज की तरफ से एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इससे पहले, यह रिकॉर्ड दिग्गज क्रिस गेल के नाम था. उन्होंने साल 2013 के IPL सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की तरफ से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ नाबाद 175 रन ठोके थे. 20 साल के प्रिटोरियस जैसे खेल रहे थे. अगर बॉल्स बचे होते तो डबल सेंचुरी भी लगा देते. टाइटंस ने इस दौरान 3 विकेट पर 267 रन के स्कोर पर खत्म की.
टाइटंस ने बनाए 267 रनप्रिटोरियस की पारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने और सिनेथेम्बा केशिले (Sinethemba Qeshile) ने महज सात ओवर से थोड़े ही ज्यादा समय में 100 रन जोड़ डाले. केशिले आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन बनाए. जब वह आउट हुए, तब टीम का स्कोर पहले ही 112 रन पहुंच चुका था.
प्रिटोरियस एक अलग ही लेवल पर बैटिंग कर रहे थे. एक तरफ डेवॉल्ड ब्रेविस ने 11 गेंदों पर 7 रन और ल्यूस डू प्लॉय ने 11 गेंदों पर 17 रन बनाए. वहीं, दूसरी तरफ इस ओपनर ने नाइट्स (Knights) के बॉलिंग अटैक की बखिया उधेड़ना जारी रखा. पारी के आखिरी ओवरों में उन्हें कप्तान डोनोवन फरेरा का बढ़िया साथ मिला. कप्तान ने 11 गेंदों में नाबाद 29 रन कूटकर टाइटंस का स्कोर 3 विकेट पर 267 रन तक पहुंचाने में मदद की.
हालांकि, यह स्कोर अभी भी T20 क्रिकेट के सबसे बड़े टीम स्कोर से काफी पीछे रह गया. वह रिकॉर्ड बड़ौदा के नाम है, जिन्होंने साल 2024 में सिक्किम के खिलाफ 5 विकेट पर 349 रन बनाए थे.
कौन हैं लुआन-ड्रे प्रिटोरियस?लुआन-ड्रे प्रिटोरियस साउथ अफ्रीका के सबसे टैलेंटेड क्रिकेटरों में से एक हैं. वह बाएं हाथ के विकेटकीपर-बैटर हैं. 27 मार्च 2006 को पोचेफस्ट्रूम (Potchefstroom) में जन्मे प्रिटोरियस ने 2024 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी छाप छोड़ी थी, जहां वह साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे थे. सीनियर लेवल पर उन्हें असली पहचान SA20 लीग से मिली.
2025 के सीजन में पार्ल रॉयल्स (Paarl Royals) के लिए खेलते हुए प्रिटोरियस ने 397 रन बनाए और टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर रहे. खास बात यह थी कि तब उनकी उम्र महज 18 साल थी. उनकी आक्रामक बैटिंग और तेजी से रन बनाने की काबिलियत ने उन्हें साउथ अफ्रीकी क्रिकेट के सबसे रोमांचक यंग्सटर्स में से एक बना दिया.
प्रिटोरियस का यह शानदार सफर इंटरनेशनल क्रिकेट में भी जारी रहा. उन्होंने 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया. अपनी दूसरी ही टेस्ट पारी में उन्होंने 153 रन जड़ दिए. 19 साल और 93 दिन की उम्र में वह मेंस टेस्ट क्रिकेट में 150 का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के सबसे यंगेस्ट प्लेयर बन गए. उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें IPL में भी जगह दिलाई. वह वर्तमान में राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े हैं.
ये भी पढ़ें : प्रणवी ने रचा इतिहास! इंडिविजुअल गोल्ड जीतने वाली पहली महिला गोल्फर बनीं
गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड टूटाप्रिटोरियस के आगे निकलने से पहले गेल का यह रिकॉर्ड 13 साल से भी ज्यादा वक्त तक कायम रहा. 2013 IPL में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए वेस्टइंडीज के इस दिग्गज की नाबाद 175 रनों की पारी मेंस T20 क्रिकेट में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का पैमाना बनी हुई थी.
प्रिटोरियस ने अपना 176वां रन लेते ही गेल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. वो पारी के अंत तक बॉलर्स पर हमला बोलते रहे. उनके 188 रन 237.97 के स्ट्राइक रेट से आए. इसमें से 138 रन तो सिर्फ चौकों-छक्कों से बटोरे गए थे. यह रिकॉर्ड ऐसे दौर में टूटा है जब T20 बल्लेबाजी लगातार और ज्यादा आक्रामक होती जा रही है. T20 लीग्स में मिलने वाली सपाट पिचों पर बल्लेबाज खुलकर रिस्क ले रहे हैं.
मैच में क्या हुआ?हालांकि, प्रिटोरियस की यह पारी सिर्फ अंधाधुंध पावर हिटिंग तक सीमित नहीं थी. उन्होंने 24 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. 40 गेंदों में शतक जड़ा और 58 गेंदों में 150 के आंकड़े तक पहुंच गए. इसके बाद उन्होंने 188 रन पर नाबाद रहते हुए पारी खत्म की. नाइट्स के सामने 268 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य था, लेकिन उनकी पारी कभी भी टाइटंस जैसी शुरुआत की बराबरी नहीं कर पाई.
ओपनर जैक्स स्नायमैन और गिहान क्लोएट ने मेहमान टीम को तेज शुरुआत दिलाई और पहले दो ओवरों में ही 33 रन जोड़ दिए. 12 गेंदों में 32 रन बनाने वाले स्नायमैन तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर आउट हो गए. यहीं से रन चेज की रफ्तार पटरी से उतरने लगी. आखिरकार नाइट्स की पूरी टीम 17.2 ओवर में 143 रनों पर ढेर हो गई और टाइटंस ने 124 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.
वीडियो: एशियाई गेम्स में बारहवें दिन की ब्रॉन्ज मे़डल से शुरुआत, हॉकी फाइनल में महिला टीम












