The Lallantop

मुथैया मुरलीधरन की नज़र में अश्विन से कमतर हैं नैथन लॉयन!

गाबा टेस्ट से पहले मुरली ने फेंकी दूसरा

Advertisement
post-main-image
Sydney Test के दौरान Bowling करते Nathan Lyon, बैटिंग पर हैं Ravi Ashwin (एपी फोटो)
टेस्ट क्रिकेट की बात हो और मुथैया मुरलीधरन का ज़िक्र ना आए, ऐसा कहां हो सकता है. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले मुरलीधरन की राय का अपना ही रुतबा है. अब भला 800 विकेट ले चुका बोलर कुछ बोलेगा तो सुनना तो पड़ेगा ही. ये अलग है कि मुरली की ये बात ऑस्ट्रेलिया के लोगों को बहुत पसंद नहीं आएगी. गाबा के बहुप्रतीक्षित टेस्ट से पहले मुरली ने नाथन लॉयन को रविचंद्रन अश्विन से कमतर करार दे दिया है. मुरली ने साफ कहा कि अश्विन 700-800 टेस्ट विकेट ले सकते हैं. लेकिन यह लॉयन के बस के बाहर की बात है. UK टेलिग्राफ के लिए माइकल वॉन से बातचीत के दौरान मुरली से पूछा गया था, कि क्या शेन वॉर्न (708 टेस्ट विकेट) और मुरलीधरन (800 विकेट) जैसी गोल्डन एज दोबारा लौटेगी? इस पर उन्होंने कहा,
'अश्विन के पास मौका है क्योंकि वह एक महान बोलर हैं. उनके अलावा मुझे नहीं लगता कि कोई युवा बोलर 800 तक जा पाएगा. शायद नाथन लॉयन यहां तक पहुंचने की योग्यता नहीं रखते. वह 400 विकेट के क़रीब हैं लेकिन उन्हें वहां तक जाने के लिए बहुत सारे मैच खेलने होंगे.'
# Ashwin या Lyon? आंकड़ों के लिए बता दें कि 33 साल के लॉयन के नाम अभी 396 जबकि 34 साल के अश्विन के नाम 377 विकेट हैं. हालांकि ये अलग बात है कि लॉयन से एक साल बड़े अश्विन का ऐवरेज और स्ट्राइक रेट उनसे कहीं बेहतर है. इस मामले में मुरलीधरन की राय शेन वॉर्न से एकदम उलट है. वॉर्न को लगता है कि लॉयन एक दिन टेस्ट क्रिकेट के महानतम बोलर बन सकते हैं. वॉर्न ने इसी महीने हेराल्ड सन में अपने कॉलम में लिखा था कि अभी तो लॉयन का करियर शुरू हुआ है. उन्होंने लिखा था,
'मैं सोचता हूं कि अगर वह खुद को चोटों से बचाए रखते हैं, तो आराम से अगले पांच साल तक खेल सकते हैं. मतलब वह लगभग 50 टेस्ट और खेल सकते हैं. अगर वह हर मैच में चार विकेट ही लेते हैं तो उनके खाते में 200 विकेट और जुड़ जाएंगे. यह संख्या 250 भी हो सकती है अगर यह उनके स्वर्णिम पांच साल हुए तो. अब इसे अगर उनके मौजूदा विकेट्स में जोड़ें तो 38 साल की उम्र में उनके नाम 600-650 विकेट होंगे. और अगर वह उस वक्त भी बेहतरीन हुए तो शायद मेरे और मुरली के क़रीब भी पहुंच सकते हैं. यह देखना बेहतरीन होगा.'
अब दो लेजेंड्स की इस बहस में कौन पड़े. देखने वाली बात होगी कि मुरली और वॉर्न में से किसकी बात सही निकलती है. और अश्विन-लॉयन अपना करियर कितने टेस्ट विकेट्स के साथ खत्म करते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement