ऑनलाइन खरीदे गए सामानों की वापसी ग्राहकों की सहूलियत के लिए होती है. तकरीबन सारे ऑनलाइन दुकानदार खराब या अनफिट चीजें रिटर्न करने की सुविधा देते हैं. लेकिन क्या हो कि लोग इस सुविधा का गलत फायदा उठाने लगें? ये सवाल तब उठा जब डांडिया सीजन के बाद एक डिलीवरी एजेंट रिटर्न हुए कपड़ों का ढेर देखकर हैरान रह गया. इस घटना से त्योहारों की शॉपिंग को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. बताया जा रहा है कि लोग त्योहारों के लिए कपड़े खरीद कर जश्न खत्म होने के बाद उन्हें वापस कर दे रहे हैं.
डांडिया खत्म होते ही कपड़े वापस, रिटर्न पार्सलों का ढेर देख लोग भी भड़के
एक्स यूजर निशांत चैंट ने कपड़ों के रिटर्न पार्सलों का ढेर दिखाता वीडियो शेयर किया. इसके साथ ‘डांडिया खत्म, ड्रेस रिटर्न’ का कैप्शन लिखा गया. वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है, लेकिन पार्सलों के डांडिया के कपड़े होने या उन्हें पहनकर लौटाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है.

‘एक्स’ यूजर निशांत चैंट ने अपने अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है. वायरल वीडियो में एक रिहायशी इलाके में ई-कॉमर्स पार्सलों का ढेर जमा है. इन पैकेजों पर शिपिंग लेबल और बारकोड लगे हैं. इससे ये तो तय है कि ये सारे पार्सल किसी न किसी ई-कॉमर्स साइट से मंगाए गए हैं. वीडियो में एक व्यक्ति एक बड़ा गुलाबी बैग खोलता है, जो और भी कई पार्सलों से भरा हुआ है. रिटर्न किए गए पैकेजों से भरे सफेद बोरों को इधर-उधर रखा जा रहा है. इन पार्सलों की संख्या इतनी है कि इमारतों और पेड़ों के बीच के रास्तों पर भी सील किए गए पार्सलों के ढेर लगे हुए हैं.
पैकेजों की इतनी बड़ी संख्या से पता चलता है कि इनमें कपड़ों की एक बड़ी खेप वापस की गई है. इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद लोगों ने डांडिया सीजन के लिए कपड़े खरीदे और कार्यक्रम खत्म होने के बाद उन्हें वापस कर दिया. वीडियो के साथ कैप्शन लिखा था,
सोशल मीडियो पर हो रही आलोचनाडांडिया खत्म... ड्रेस रिटर्न. बेशर्म पीढ़ी.
सोशल मीडिया यूजर्स ने इस क्लिप के बाद तमाम तरह के रिएक्शन दिए हैं. अधिकतर यूजर्स इसकी काफी आलोचना कर रहे हैं. कुछ लोगों का कहना है कि इस तरह के बर्ताव से सेलर्स को नुकसान होता है. उन्हें रिटर्न प्रोसेस करने का खर्च उठाना पड़ता है और डबल मेहनत करनी पड़ती है. एक यूजर ने इस बात की ओर इशारा किया कि जहां कुछ लोगों के लिए त्योहारों में कपड़े खरीदना ही एक संघर्ष है. वहीं कुछ लोग सिर्फ दिखावे के लिए कपड़े खरीदते हैं और बाद में उन्हें वापस कर देते हैं.
(यह भी पढ़ें: फ्लिपकार्ट, अमेजन और मीशो की शिकायत संसद तक पहुंची, ई-कॉमर्स कंपनियों से ग्राहक हुए तंग)
एक और यूजर ने तंज मारते हुए कहा कि शायद इसी तरह के बर्ताव की वजह से ही 24 घंटे के अंदर रिटर्न करने का नियम लाया गया है. वहीं, एक तीसरे यूजर ने इस बात की आलोचना की कि लोग सेलर्स की स्थिति और उन्हें होने वाले नुकसान के बारे में बिल्कुल नहीं सोचते.
वीडियो: अमेजन-फ्लिपकार्ट सेल की 7 सबसे धांसू डील्स, कौन-सा प्रोडक्ट खरीदना होगा फायदे का सौदा?









