The Lallantop

बाबर फ़ैन्स कुछ भी कहें, कोहली के आगे कहीं नहीं टिकता ‘हाईवे किंग’

स्टैट्स देखें तो कोहली बहुत आगे हैं.

Advertisement
post-main-image
बाबर आज़म - विराट कोहली (फोटो - PTI)

बाबर आज़म. पाकिस्तान नेशनल हाईवे पर ताबड़तोड़ खेलने वाले दिग्गज. बाबर आजकल अपने करियर के गोल्डेन पीरियड से गुजर रहे हैं. उनके बल्ले से रन बरसे ही जा रहे हैं. और साथ ही हो रही है भावनाओं की बारिश. बाबर के आंकड़े निश्चित तौर पर उन्हें बेहतरीन क्रिकेटर बनाते हैं. मौजूदा वक्त में कम ही क्रिकेटर्स ऐसे हैं, जिनके आंकड़े बाबर से बेहतर हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

लेकिन आंकड़ो की एक खासियत होती है. ये जो दिखाते हैं, वो बहुत सही होता है. लेकिन जो ये छिपा ले जाते हैं उसकी बात ही अलग होती है. इस बारे में लेखक और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन पढ़ाने वाले आरोन लेवेंस्टीन का एक मशहूर क़ोट भी है. लेवेंस्टीन ने कहा था,

'statistics are like bikinis. What they reveal is suggestive, but what they conceal is vital.'

Advertisement

और लेवेंस्टीन के इसी कथन पर चलते हुए हम देखेंगे कि बाबर के आंकड़े क्या छिपा रहे हैं.

# Babar Azam Stats

बाबर के फ़ैन्स लगातार बाबर को विराट से बेहतर बता रहे हैं. और नए-नए क्रिकेट विश्लेषक बने बालक इसके सपोर्ट में आंकड़े फेंकते हैं. वो बताते हैं कि टेस्ट में बाबर का ऐवरेज विराट से बेहतर है. ऑन पेपर ये बात ठीक भी है. लेकिन जैसे कि हमने शुरू में ही कहा कि आंकड़े जो छिपाते हैं, वो महत्वपूर्ण है. तो इस महत्वपूर्ण चीज की ओर बढ़ेंगे तो पता चलेगा कि कोहली 2019 से अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं.

इस दौरान उनका टेस्ट ऐवरेज बुरी तरह गिरा है. जबकि दूसरी ओर बाबर ने इसी दौरान बोरी भर रन बनाए हैं. और इसका फायदा उनके स्टैट्स में दिखता है. ऐसे में इन दोनों की तुलना का वैसे तो कोई सेंस है नहीं. लेकिन फिर भी लोग मान नहीं रहे हैं. अब ऐसे में अगर इन लोगों को जवाब देने के लिए आप कोहली के 2019 तक के आंकड़े देखेंगे तो इनकी पूरी बहस वहीं थम जानी है.

Advertisement

क्योंकि तब कोहली टेस्ट में लगभग 55 की ऐवरेज से रन बना रहे थे. जबकि प्रचंड फॉर्म में चल रहे बाबर का टेस्ट ऐवरेज अभी मुश्किल से 50 पार हुआ है. यही नहीं, अभी और सुनिए. अगर कोहली और बाबर दोनों के आंकड़े 2019 तक ही देखें तो बाबर उस वक्त टेस्ट में 43 की ऐवरेज से भी रन नहीं बना पा रहे थे. अब ऐसे में आज बाबर और कोहली की तुलना कर रहे नौनिहालों को रिकॉर्डबुक्स देखने की सलाह हम दें या आप कमेंट्स में देंगे? बताते चलिएगा, तब तक हम आगे बढ़ते हैं.

अब बात मौजूदा आंकड़ों में छिपी चीजों की. बाबर और कोहली दोनों का ऐवरेज ऑलमोस्ट सेम है. लेकिन अगर हम इसे होम और अवे में देखेंगे तो कहानी एकदम अलग हो जाती है. बाबर पाकिस्तान में लगभग 84 की ऐवरेज से रन बना रहे हैं. जबकि बाहर जाते ही उनका ऐवरेज आधे से भी कम, यानी 40 का हो जाता है. जबकि कोहली घर में 61, तो बाहर 41 से ज्यादा की ऐवरेज से रन बनाते हैं. यानी अंतर तो कोहली के ऐवरेज में भी है. लेकिन उतना नहीं, जितना बाबर के.

और ये अंतर क्यों है? क्योंकि पाकिस्तान दुनिया का इकलौता टेस्ट प्लेइंग नेशन है, जो अपने घर में नेशनल हाईवे पर खेलता है. इतनी कमाल की पेस बोलिंग यूनिट के बावजूद ये टीम एकदम सपाट विकेट तैयार कराती है. और इस बारे में सवाल होने पर इनका जवाब भी सुनिए. पूर्व PCB चीफ रमीज़ राजा ने खराब पिच पर सवाल होने पर हाल ही में दो बातें कही थीं. उन्होंने बाबर आज़म के बयान के आधार पर रावलपिंडी की पिच से जुड़ा सवाल करने वाले एक पत्रकार से कहा,

'आप खेल लें फिर.'

जबकि पाकिस्तान की 'डेड विकेट्स' पर सवाल किए जाने पर उनका जवाब था,

'आप बाबर को शतक मारते हुए नहीं देखना चाहते?'

यानी पूरी मशीनरी मिलकर बाबर को विराट के सामने खड़ा करना चाहती है. लोग जताना चाहते हैं कि यहां सच में कोई कंपटिशन है. जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है. इतना ही नहीं, टेस्ट के अलावा देखें तो यही हाल वनडे में भी है. वनडे में बाबर पाकिस्तानी हाईवे पर लगभग 88 जबकि विदेशी मैदानों में 55 से थोड़े ज्यादा के ऐवरेज से रन बनाते हैं. वहीं विराट कोहली घर में 58 तो विदेश में लगभग 57 के ऐवरेज से स्कोर करते हैं.

T20I की बात करें तो बाबर घर में 48, वहीं बाहर लगभग 39 की ऐवरेज से स्कोर करते हैं. जबकि कोहली घर में 53 और बाहर 52 की ऐवरेज से रन बनाते हैं. इस फॉर्मेट में स्ट्राइक रेट भी बहुत महत्वपूर्ण है. उसकी बात करें तो घर में कोहली का स्ट्राइक रेट 148 जबकि बाहर 132 का है. वहीं बाबर घर में 140, तो बाहर 122 की स्ट्राइक रेट से स्कोर करते हैं.

ये तमाम आंकड़े फेंकने के बाद भी कुछ बचकाने हैं, जो आएंगे. अपना गाना गाएंगे. बाबर को विराट की टक्कर का बताएंगे. लेकिन वो जब भी ऐसा करें, उन्हें ये आंकड़े दिखाकर हमें आगे बढ़ जाना है. मुंह तो लगाना ही नहीं. क्योंकि इन्हें मुंह लगाएंगे तो एक और अंग्रेजी की कहावत सही सिद्ध हो जाएगी. वो कहावत क्या है, कमेंट्स में लिखिएगा. ना समझ पाए तो हमसे पूछिएगा, बताएंगे.

वीडियो: PCB अध्यक्ष पद से हटने के बाद रमीज़ राजा ने क्यों कहा भारत में मुझे सब बहुत प्यार करते हैं?

Advertisement