Salman Khan अपने Being Human Foundation के ज़रिए सालों से बच्चों की हेल्थकेयर और एजुकेशन को फंड करते आ रहे हैं. देश के अलग-अलग इलाकों में हज़ारों लोगों को उसका फायदा मिला है. उनमें से एक कर्नाटक की रीना राजू भी हैं. रीना आज खुद का एक फाउंडेशन चलाती हैं. मगर एक वक्त ऐसा भी था, जब उन्हें दो-दो हार्ट ट्रांसप्लांट करवाने पड़े थे. ऐसे में उन्होंने रैंडमली सलमान को मैसेज कर दिया था. फिर जो हुआ, उसे याद करते हुए रीना आज भी इमोशनल हो जाती हैं.
फैन का होना था हार्ट ट्रांसप्लांट, सलमान खान सालों तक ये करते रहे!
सलमान ने रीना को अपना नंबर दिया. और ऑपरेशन की रात दो घंटे तक उनसे बात करते रहे. दो साल बाद रीना ने उन्हें दोबारा फोन किया और...


रीना पिछले दिनों Voice of Bengaluru पॉडकास्ट पर आई हुई थीं. इस दौरान सलमान से अपना पुराना कनेक्शन बताते हुए वो कहती हैं,
"सलमान सर की बात करते हुए मैं इमोशनल हो जाऊंगी. सबसे पहले, मैं ये कहना चाहती हूं कि मैं उन्हें अपने तीनों दिल और जान से प्यार करती हूं. जब मेरी तबीयत खराब थी और मेरा पहला हार्ट ट्रांसप्लांट होने वाला था, तब मेरे पास उनका नंबर था. उन्हें बहुत सारे लोग मैसेज करते होंगे. लेकिन उन्होंने मुझे तब भी जवाब दिया. मैंने उन्हें बताया कि मेरा हार्ट ट्रांसप्लांट होने वाला है. उस समय वो ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग कर रहे थे. फिर भी उन्होंने ऑपरेशन वाली रात मुझे फोन किया था. उन्होंने हमसे करीब दो घंटे बात की थी. वो मेरे परिवार से भी बहुत अच्छे से पेश आए थे. उन्होंने मुझे हिम्मत दी कि मैं इस मुश्किल दौर का डटकर सामना कर सकूं."
रीना बताती हैं कि ऑपरेशन से पहले वो काफी घबराई हुई थीं. मगर सलमान ने उनकी हिम्मत बढ़ा दी. हालांकि ट्रांसप्लांट होने के बाद दोनों करीब दो साल तक टच में नहीं थे. मगर जब दो साल बाद रीना ने सलमान को दोबारा मैसेज किया, तो वो उन्हें भूले नहीं थे. रीना बताती हैं कि उन्होंने सलमान को कॉल करके बताया कि उन्होंने Light A Life नाम से अपना खुद का फाउंडेशन शुरू किया है. तब तक दोनों के बीच फोन पर ही बात हो रही थी. मगर 2018 में रीना को दूसरी बार अपना हार्ट ट्रांसप्लांट करवाना पड़ा गया. उसी दौरान वो पहली बार सलमान के घर पर उनसे मिल पाई थीं. वो इसे अपने सबसे खूबसूरत मोमेंट में से एक मानती हैं. उनकी इंस्टाग्राम डीपी पर भी सलमान और उनकी फ़ोटो लगी हुई है.

मगर फैन और स्टार की ये जुगलबंदी बस इतनी ही नहीं थी. पहली मुलाकात के वक्त दोनों ने रात भर पार्टी की, गाने गाए और खूब डांस भी किया. रीना कहती हैं,
"मेरे सेकेंड ट्रांसप्लांट के चार महीने बाद मुझे डायबिटीज़ और दूसरे मेडिकल इशूज़ हो गए थे. मगर मुझे मजा आ रहा था. सलमान सर हमें रेस 3 फिल्म के सेट पर ले गए थे. हमने अपना पूरा दिन वहीं बिताया था. उन्होंने मुझे बीइंग ह्यूमन की एक सफेद सायकल भी दी थी. मैंने उसके बारे में उन्हें काफी पहले मैसेज किया था. मगर उन्हें वो तब भी याद था."
रीना, सलमान को एक ऐसा इंसान बताती हैं जो वाकई दूसरे लोगों की परवाह करते हैं. उनके मुताबिक, आज भी यदि उन्हें कोई मेडिकल प्रॉब्लम होती हैं, तो वो सलमान को मैसेज करती हैं. खास बात ये है कि वो भी रीना के हर मैसेज का जवाब देते हैं.
वीडियो: जब सलमान खान ने क्लब में चुकाए थे सभी के बिल, बांटी थी फ्री शैम्पेन





















