The Lallantop

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में इंडियन हॉकी टीम ने पाकिस्तान को तगड़ा हराया, खिताब से बस दो कदम दूर

लीग में टॉप पर रही इंडियन टीम. क्या पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर पाई?

Advertisement
post-main-image
भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया. (PTI)

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय हॉकी टीम (Indian Hockey Team) ने बेहतरीन प्रदर्शन को जारी रखा है. 9 अगस्त को खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हरा दिया. भारतीय टीम के जीत के हीरो रहे कप्तान हरमनप्रीत सिंह. जिन्होंने दो गोल दाग इंडियन टीम को आसान जीत दिला दी. वहीं जुगराज सिंह और आकाशदीप सिंह ने एक-एक गोल किया. छह टीम के इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की ये लगातार चौथी जीत है. सेमीफाइनल में पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी इंडियन टीम टॉप पर रही.

अब सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का सामना जापान से होगा. ये मैच 11 अगस्त को खेला जाएगा. जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया का सामना दक्षिण कोरिया से होगा. वहीं पाकिस्तानी टीम पांचवें स्थान के लिए चीन से मुकाबला करेगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बात मैच की करें तो FIH वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे स्थान पर मौजूद भारतीय टीम ने शुरुआत से ही अटैकिंग खेल दिखाया. जिसका फायदा इंडियन टीम को मैच के 15वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के तौर पर मिला. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और गोल कर इंडियन टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. वहीं मैच के दूसरे क्वार्टर में इंडियन टीम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. इस बार फिर से हरमनप्रीत सिंह ने इस मौके का फायदा उठाते हुए गोल दाग इंडियन टीम को 2-0 से आगे कर दिया. 

हाफ टाईम के बाद पाकिस्तानी टीम ने वापसी की कोशिश की. लेकिन इंडियन डिफेंस के आगे टीम बेबस नजर आई. और फिर मैच के 36वें मिनट में इंडियन टीम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिल गया. जिस पर जुगराज सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया. मैच में लगभग हार मान चुकी पाकिस्तानी टीम के लिए चौथा और अंतिम क्वार्टर और मुश्किलों भरा रहा. इस दौरान इंडियन टीम ने बेहद आक्रामक खेल दिखाया. और इसका फायदा उन्हें मैच के 55वें मिनट में मिला. जब मनदीप के शानदार पास पर आकाशदीप सिंह ने गोल कर टीम को 4-0 से जीत दिला दी.

बताते चलें कि इंडियन टीम अगर इस खिताब को जीतने में सफल रहती है तो वो इस टूर्नामेंट इतिहास की दूसरी सबसे सफल टीम बन जाएगी. इंडियन टीम अब तक तीन बार ये टूर्नामेंट जीत चुकी है. वहीं सबसे ज्यादा पांच बार ये खिताब मलेशिया के नाम रहा है.

Advertisement

वीडियो: मणिपुर हिंसा में मणिपुर पुलिस ने असम राइफल्स के खिलाफ क्यों दर्ज की FIR?

Advertisement
Advertisement