पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का विवाद बढ़ता जा रहा है. बीती रविवार, 30 मई को उन पर उस वक्त हमला हुआ, जब वो चुनाव के बाद हुई हिंसा में कथित तौर पर मारे गए एक TMC कार्यकर्ता के परिजनों से मुलाकात करने जा रहे थे. TMC ने इस हमले का आरोप बंगाल की सत्ता में नई-नई आई भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर लगाया है. जबकि, BJP ने पलटवार करते हुए कहा कि यह हमला TMC के भीतर अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है.
अभिषेक बनर्जी पर किसने किया था हमला? टीएमसी और बीजेपी ने नाम भी बताए
पश्चिम बंगाल में TMC ने MP Abhishek Banerjee पर सोनारपुरा इलाके में हुए हमले का आरोप BJP पर लगाया है. दोनों पार्टियों के बीच एक-दूसरे पर दोषारोपण किया जा रहा है.


BJP पर आरोप लगाते हुए TMC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट्स शेयर किए हैं. एक पोस्ट में TMC ने BJP के मंडल अध्यक्ष अभिजीत का फोटो शेयर कर आरोप लगाया कि वो घटना के दौरान वहां मौजूद थे. TMC का आरोप है कि ‘अभिजीत हमलावरों को आदेश देने के साथ उन्हें उकसा’ भी रहे थे. दरअसल, BJP कह रही है कि ये घटना अचानक हुई थी. लेकिन TMC का सवाल है कि अगर यह घटना अचानक हुई थी, तो वहां इतनी भीड़ कैसे इकठ्ठा हो गई.

TMC के आरोपों पर BJP IT सेल के हेड अमित मालवीय का रिएक्शन आया है. उन्होंने दावा किया कि अभिषेक पर हुए हमले के आरोपों में 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि ये हमलावर हालिया समय तक TMC की पूर्व विधायक लवली मैत्रा के करीबी समर्थक थे. अमित ने इस हमले को राजनीतिक विरोधों के बजाय TMC के अंदर हुई अंदरूनी फूट और गुटबाजी का परिणाम बताया.

BJP के इन दावों को TMC ने साफतौर पर खारिज कर दिया. पार्टी ने घटना से जुड़ी एक और फोटो शेयर की जिसमें आकाश गायन नाम का एक शख्स है. इसे कथित हमलावरों में से एक बताया गया. TMC ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि आकाश BJP का ही एक कार्यकर्ता है. पोस्ट में आकाश के सोशल मीडिया पोस्ट्स भी जोड़े गए हैं, जो उसकी राजनीतिक गतिविधियों के बारे में जानकारी देता है.

TMC ने BJP पर अभिषेक पर हुए हमले का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट्स शेयर किए हैं. इन पोस्ट में एक पोस्ट ऐसा भी जिसमें TMC ने अमित मालवीय और कई अन्य लोगों को पर मामले से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार, 31 मई को पुलिस ने घटना से जुड़ी गिरफ्तारियों के बारे में जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में एक दौरे के दौरान TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर कथित तौर पर हमले के आरोप में कम से कम 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है.
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस ने खुद ही मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज, फोटो और वीडियो के जरिए कथित हमलावरों की पहचान की गई. रात के दौरान पुलिस की छापेमारी में इन लोगों की गिरफ्तारियां की गई हैं.
हमले के दौरान अभिषेक पर पत्थर और अंडों से हमला किया गया. कुछ लोग चोर-चोर के नारे भी लगा रहे थे. सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर इलाके से बाहर निकाला. बाद में सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी BJP पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि BJP कार्यकर्ता उन्हें जान से मारने की कोशिश कर रहे थे.

हमले में घायल अभिषेक को एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया. ममता खुद अभिषेक से मिलने हॉस्पिटल पहुंची थीं. ममता बनर्जी ने भी हमले का आरोप BJP पर ही लगाया है. अपनी पोस्ट में उन्होंने BJP को ‘शासक ही हत्यारे बन गए हैं' और 'शर्म आनी चाहिए' जैसी बातें लिखी.

हमले पर पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि इसमें उनकी पार्टी की कोई भूमिका नहीं है. समिक ने कहा कि BJP ऐसी किसी घटना में शामिल नहीं है, लेकिन जो भी हुआ, वो स्थानीय लोगों के गुस्से का फल हो सकता है, जिन्हें कई सालों से प्रताड़ित किया जा रहा था.
वीडियो: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ





















