पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड. एशिया कप का होस्ट. पाकिस्तान को अपने ही घर में आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. बात एशिया कप की मेजबानी से ही जुड़ी है. दरअसल एशिया कप खेल रहे देशों की जर्सी पर पाकिस्तान का नाम नहीं लिखा. और पाकिस्तानी फ़ैन्स और कुछ पूर्व क्रिकेटर्स को ये बात पसंद नहीं आ रही.
इस बात का कोई सेंस... एशिया कप मेजबानी को लेकर PCB पर भड़के उनके ही दिग्गज!
PCB और जय शाह दोनों से नाराज़ हैं पाकिस्तानी.


ऐसे लोगों में पूर्व कप्तान राशिद लतीफ़ भी शामिल हैं. बुधवार, 30 अगस्त को जैसे ही पाकिस्तान की टीम नेपाल के खिलाफ़ फ़ील्डिंग के लिए उतरी, आलोचनाएं शुरू हो गईं. बता दें कि एशिया कप की होस्टिंग पाकिस्तान के ही जिम्मे है, लेकिन टूर्नामेंट का ज्यादातर हिस्सा श्रीलंका में हो रहा है. एनडीटीवी के मुताबिक, मुल्तान में हुए पहले मैच के बाद लतीफ़ बोले,
'यह अस्वीकार्य है. और चूंकि एशिया कप एशियन क्रिकेट काउंसिल की प्रॉपर्टी है, उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसा क्यों है.'
बता दें कि इस मसले पर पहले से बवाल चल रहा है. और PCB ने अनऑफ़िशल तरीके से इसे शांत करने की कोशिशें भी की थीं. उन्होंने कहा था कि ACC ने बीते बरस के एशिया कप के बाद ही फैसला कर लिया था कि मेजबान देश का नाम जर्सियों पर नहीं होगा.
लेकिन पाकिस्तानी फ़ैन्स इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं. कई लोगों ने तो यहां तक बोला है कि अगर ACC कोई ऐसा फैसला ले भी रहा था, तो 15 साल बाद टूर्नामेंट होस्ट करने जा रही PCB इस पर राजी क्यों हुई. पूर्व टेस्ट बैटर मोहसिन खान ने इस पर कहा,
'इस बात का कोई सेंस नहीं बनता. ACC ने फिर एशियन इमर्जिंग नेशंस कप या एशियन अंडर-16 इवेंट में क्यों होस्ट कंट्री का नाम जर्सियों पर दिया था?'
मोहसिन ने कहा कि ACC को इस कन्फ़्यूजन को दूर करना चाहिए. वहीं एक और पूर्व क्रिकेटर ने नाम ना जाहिर करने की शर्त पर कहा कि उन्हें लगता है कि इसके पीछे जय शाह हैं. इन्होंने कहा,
'दोनों देशों के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए शायद BCCI ऑफ़िशल को लगा होगा कि भारतीय क्रिकेटर्स की जर्सी पर पाकिस्तान का नाम होना इंडियन टीम के लिए शर्मनाक होगा.'
राशिद लतीफ़ ने भी इस संभावना को खारिज़ नहीं किया. उन्होंने कहा कि जो भी हुआ वह शर्मनाक है और चीजें स्पष्ट की जानी चाहिए. बता दें कि पाकिस्तान ने एशिया कप के अपने पहले मैच में नेपाल को बड़े अंतर से मात दी थी. अब टीम का अगला मैच 2 सितंबर को भारत के खिलाफ़ होगा.
वीडियो: भारत-पाकिस्तान मैच से पहले पाकिस्तान का ये क्रूर रूप देखा?






















