ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड ने आखिरी टेस्ट मैच में जीत हासिल की. ये दिन इंग्लैंड और दुनियाभर के क्रिकेट फैन्स के काफी इमोशनल रहा. वजह स्टुअर्ट ब्रॉड का रिटायरमेंट. इसके साथ ही 31 जुलाई के दिन आखिरी बार फैन्स को जेम्स एंडरसन (James Anderson) और स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) की जोड़ी मैदान पर दिखाई दी.
स्टुअर्ट ब्रॉड के रिटायरमेंट के बाद जेम्स एंडरसन काफी भावुक नजर आए. उन्होंने SKY स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि जब हमने अपनी बैटिंग के लिए आखिरी बार जाते हुए फोटो देखी तो हम दोनों ने कहा, अगर हम अपने करियर की एक तस्वीर अपने घर में लगाएं, तो वो यही होगी. हमें साथ खेलना बहुत पसंद है. आज हमने जो कुछ भी हासिल किया है वो हममें से कोई भी एक-दूसरे के बिना हासिल नहीं कर पाता. ये काफी स्पेशल है और मैं ब्रॉड को निश्चित तौर पर मिस करुंगा.
जब स्टुअर्ट ब्रॉड को पहली बार मिले एंडरसन लड़की समझ बैठे, कहा- शी इज़ ब्यूटीफुल...
विश्व की सबसे घातक जोड़ियों में एक एंडरसन-ब्रॉड का ये किस्सा हंसा देगा...


अब थोड़ा सा पीछे चलते हैं. जब साल 2007 में पहली बार दोनों खिलाड़ियों को पहली बार स्क्वॉड में मौका मिला. इस दौरान 21 साल की उम्र वाले स्टुअर्ट ब्रॉड जेम्स एंडरसन से पहली बार मिले थे. इस मुलाकात का जिक्र एंडरसन ने अपनी बायोग्राफी 'बॉल, स्लीप, रिपीट' में किया है. एंडरसन ने स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में लिखा कि मैं ब्रॉड के साथ अपनी पहली मुलाकात को कैसे भूल सकता हूं. सुनहरे बाल, चमकती नीली आंखें. मैंने यही सोचा, माय गॉड...शी इज़ ब्यूटीफुल. आप ठीक समझे एंडरसन ब्रॉड को लड़की समझ बैठे थे.
इतने लंबे समय तक दोनों खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी बॉन्डिंग को लेकर एंडरसन ने लिखा कि हम कभी गेंदबाज़ के तौर पर एक दूसरे से होड़ में नहीं दिखे. हमारी क्षमताएं अलग-अलग थीं. करियर के दौरान हम दोनों एक दूसरे के लिए कभी ख़तरा नहीं बने. ब्रॉड हमेशा बाउंस और सीम के साथ गेंदबाज़ी करने में यकीन करते रहे, जबकि मेरा भरोसा हमेशा स्विंग में रहा. इसलिए हम लोगों में हमेशा एक संतुलन बना रहा.
दोनों खिलाड़ियों ने 15 साल साथ खेलने के दौरान मिलकर कुल 1037 विकेट हासिल किए. एशेज सीरीज़ 2023 के दौरान की बात करें तो ब्रॉड के नाम 28.40 की औसत से कुल 22 विकेट रहे. उनसे आगे केवल मिचेल स्टार्क ने कुल 23 विकेट लिए. ब्रॉड ने अपने टेस्ट करियर का अंत कुल 604 विकेट के साथ किया. जबकि एंडरसन के नाम कुल 690 टेस्ट विकेट हैं.
वीडियो: जसप्रीत बुमराह की टीम इंडिया में वापसी, BCCI ने बड़ा ऐलान करते हुए ये कहा















