ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज टिम पेन ने क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है. पेन ने इसकी वजह मानसिक तनाव को बताया है. उनका ये ब्रेक अनिश्चितकाल के लिए है और वो फिर कब वापसी करेंगे इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिली है. इसका मतलब ये हुआ है कि टिम पेन आगामी एशेज सीरीज़ में खेलते हुए नहीं दिखेंगे. एशेज़ के लिए ऑस्ट्रेलिया ने जब अपने दल का ऐलान किया था. तो उसमें टिम पेन बतौर कप्तान शामिल थे. लेकिन सेक्स चैट स्कैंडल में नाम आने के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी. और अब क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला लिया है. बता दें कि टिम पेन को मार्श कप में तस्मानिया की टीम से खेलना था. लेकिन उन्होंने शुक्रवार, 26 नवंबर के सुबह ही अपना नाम वापस ले लिया. टिम पेन ( Tim Paine) के मैनेजर जेम्स हेंडरसन ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी. हेंडरसन ने लिखा,
'टिम पेन मानसिक स्वास्थ्य के कारण क्रिकेट से अनिश्चितकाल के लिए ब्रेक ले रहे हैं. हम उनकी और बोनी पेन के स्वास्थ्य को लेकर काफी चिंतित हैं. इस बारे में हम आगे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.'
#क्या है पूरा मामला? दरअसल, 2017 में टिम पेन ने एक महिला सहकर्मी को अपनी अश्लील तस्वीर और भद्दे मैसेज भेजे थे. इसके बाद उस महिला ने 2017 में ही नौकरी छोड़ दी. बाद में जब बॉल टेम्परिंग कांड हुआ तो टिम पेन को ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम का कप्तान बना दिया गया. लेकिन पिछले हफ्ते इस मामले को लेकर सवाल उठे और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच शुरू की. जिसके बाद टिम पेन ने कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया. कप्तानी छोड़ते हुए पेन ने कहा,
'मैं आज आस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ रहा हूं. यह काफी कठिन फैसला है लेकिन मेरे, मेरे परिवार और क्रिकेट के लिए सही है. करीब चार साल पहले मैंने उस महिला सहकर्मी को भद्दे मैसेज भेजे थे. मैंने उस घटना के लिये माफी मांगी थी और आज भी मांगता हूं. मैने अपनी पत्नी और परिवार से बात की है. उनकी माफी और सहयोग के लिये शुक्रगुजार हूं.'
बता दें कि टिम पेन के कप्तानी छोड़ने और अब क्रिकेट से ब्रेक लेने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का भी बयान आया है. बोर्ड ने अपने खिलाड़ी का साथ देने का फैसला किया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निक हॉक्ली ने कहा है कि
'हम जानते हैं कि यह टिम और उनके परिवार के लिए काफी अहम समय है और हम उनका साथ देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम टिम के ब्रेक लेने के फैसले को समझते हैं और उसका सम्मान करते हैं ताकि वह खुद की और अपनी फैमिली का ख्याल रख सकें.'
दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने अपने नए टेस्ट कप्तान का भी ऐलान कर दिया है. तेज़ गेंदबाज पैट कमिंस को टीम का नया कप्तान बनाया गया है. कमिंस ऑस्ट्रेलिया के 47वें टेस्ट कप्तान बने हैं. साथ ही स्टीव स्मिथ को उपकप्तान बनाया गया है. बता दें कि एशेज सीरीज आठ दिसंबर से शुरू हो रही है. पहला मैच ब्रिसबेन के गाबा में खेला जाएगा.