The Lallantop

राहुल गांधी ने E20 फ्यूल का ढक्कन खोल दिया, बोले- 'ये तो पूरी दाल ही काली है'

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल का मुद्दा उठाया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि E20 से लोगों की कार और बाइक खराब हो रही है, वो अब बड़े स्तर पर इस मुद्दे को उठाएंगे.

Advertisement
post-main-image
राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर सरकार को घेरा है. (एक्स)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने E20 फ्यूल से वाहनों के खराब होने का मुद्दा सार्वजनिक रूप से उठाया और इसके खिलाफ जल्द बड़े स्तर पर अभियान चलाने की घोषणा की है।
  • E20 पेट्रोल के विवाद में आरोप हैं कि यह वाहनों को नुकसान पहुंचा रहा है जबकि सरकार की जांच में देश के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर इसका प्रभाव सीमित पाया गया।
  • इस मुद्दे पर भाजपा मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जांच के परिणामों को साझा किया और कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए कुछ लोग इसे भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने E20 का मुद्दा उठाया है. 7 अगस्त को उन्होंने एक वीडियो में कहा कि E20 फ्यूल से लोगों की कार और स्कूटर खराब हो रहे हैं. नेता प्रतिपक्ष ने जोर देकर कहा कि इसमें जमकर करप्शन हो रहा है और लोगों की जेब से पैसे खींचे जा रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा कि जल्दी ही वे इसके खिलाफ कैंपेन चलाएंगे.

Advertisement
‘दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है’

राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें वे कार की टंकी खोलते दिख रहे हैं. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने E20 पेट्रोल के मसले पर बात की. उन्होंने कहा, 

यह E20 का जो मुद्दा है, वह बहुत बड़ा मुद्दा है. नॉर्मली हम कहते हैं कि दाल में कुछ काला है, लेकिन यहां तो पूरी दाल ही काली है.

Advertisement

वीडियो में देश के मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा,

देश में भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों के बहुत सारे मुद्दे हैं. ऐसे में यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि किस बात को पहले उठाया जाए और किस सीक्वेंस में सरकार को घेरा जाए. किसी भी कैंपेन में प्रॉयरिटी को सिलेक्ट करना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि हर तरफ समस्याएं खड़ी हैं.

राहुल गांधी ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे बड़े स्तर पर E20 पेट्रोल के मुद्दे को उठाएंगे. उन्होंने कहा, 

Advertisement

चिंता करने की जरूरत नहीं है, हम जल्दी इस मुद्दे पर बड़े स्तर पर उठाएंगे. क्योंकि यह लोगों की कार खराब कर रहा है, उनकी बाइक और स्कूटर खराब कर रहा है. सच कहूं, तो सीधे सीधे उनकी जेबों से पैसे खींच रहा है.

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत विपक्ष के कई नेता पेट्रोल में इथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं. कांग्रेस के भी कई नेताओं ने इसको लेकर सरकार को घेरा है. लेकिन ये पहला मौका है, जब राहुल गांधी ने सार्वजनिक तौर पर इस मुद्दे को उठाया है.

हरदीप सिंह पुरी का विपक्ष पर निशाना

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देश में चल रहे इथेनॉल ब्लेंडिंग विवाद पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि भारत का बायोफ्यूल ब्लेंडिंग प्रोग्राम शानदार तरीके से आगे बढ़ रहा है. कुछ लोग इस पर बेवजह का विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे है. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने बताया,

 सरकार ने इस मामले की डिटेल्ड जांच कराई है. जांच के दौरान रोज करीब 2,000 पेट्रोल पंपों से सैंपल लिए गए. देश भर के 1 लाख 7 हजार से ज्यादा पेट्रोल पंपों की जांच में केवल चार जगहों पर समस्या मिली है.

हरदीप पुरी ने आगे कहा कि जहां रोज करोड़ों लोग पेट्रोल पंप पर आ रहे हैं, वहां कुछ एक मामलों को आधार बनाकर हवा बनाना पूरी तरह से गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए इस मामले को तूल दे रहे हैं. 

वीडियो: झारखंड विरोध प्रदर्शन पर छात्रों के समर्थन में आए राहुल गांधी

Advertisement