The Lallantop

केरल में मंत्री के जीजा बन गए पर्सनल सेक्रेटरी, नेपोटिस्म का आरोप लगा तो इस्तीफा देना पड़ा

Kerala politics: सनी जोसफ ने अपने जीजा बेनी थॉमस को एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी के रूप में अपॉइंट किया था. जिसके बाद विपक्ष ने मंत्री और पार्टी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. अब बेनी थॉमस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.

Advertisement
post-main-image
केरल मंत्री सनी जोसेफ (right) के जीजा बेनी थॉमस (left) को लेकर राजनीतिक विवाद.

केरल सरकार में ऊर्जा मंत्री और KPCC ( केरल प्रदेश कांग्रेस कमिटी) अध्यक्ष सनी जोसेफ के जीजा को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल सनी जोसफ ने अपने जीजा बेनी थॉमस को ही अपना एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी बनाया था. जिसके बाद उनपर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगा. मामले ने तूल पकड़ी तो बेनी थॉमस को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बेनी थॉमस की नियुक्ति को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. उन्होंने रविवार, 7 जून को मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. मंत्री सनी जोसेफ ने भी इस बात की तस्दीक की है. उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि इस नियुक्ति के कारण पार्टी की भी आलोचना हो रही है, इसलिए वे इस्तीफा दे रहे हैं. बेनी थॉमस ने कहा, 

‘मेरी वजह से पार्टी पर सवाल खड़े हो रहे हैं, इसलिए मैं इस्तीफा दे रहा हूं.’

Advertisement
कांग्रेस भी नाराज़ थी

बेनी थॉमस कांग्रेस नेता हैं और कन्नूर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव हैं. जब उनकी नियुक्ति हुई तो विधानसभा में विपक्षी दलों ने इस बात पर आपत्ति जताई थी. विपक्ष ने इस नियुक्ति को लेकर मंत्री सनी जोसफ पर भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए. कांग्रेस में भी इस फैसले को लेकर नाराजगी थी. हाल ही में हुई केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में भी ये मुद्दा उठा था. 

विपक्षी दल CPI-M ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली UDF सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने तर्क दिया कि पार्टी जिस चीज़ का विरोध करती रही, सत्ता में आने के बाद खुद वही कर रही है. CPI-M के राज्य सचिव एमवी गोविंदन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाई-भतीजावाद पर दोहरा रवैया अपना रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री को भी इस मामले में घेरा. उन्होंने तर्क दिया कि सतीशन ने विपक्ष में रहते हुए इस मुद्दे का विरोध किया लेकिन अब उन्होंने चुप्पी साधी हुई है. 

ये भी पढ़ें: केरल में कांग्रेस की वापसी का जश्न, लेकिन शपथ समारोह से दूर रहेंगे शशि थरूर, वजह भी बताई

Advertisement
सनी जोसेफ ने किया बचाव

ऊर्जा मंत्री सनी जोसेफ ने शुरुआत में अपने जीजा बेनी थॉमस का बचाव किया. उन्होंने बताया कि एडिशनल प्राइवेट सेक्रेटरी पद के लिए बेनी थॉमस का नाम कन्नूर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने सुझाया था. उन्होंने कहा कि बेनी इस पद के लिए योग्य हैं. साथ में ये साफ किया कि पर्सनल स्टाफ में सदस्यों की नियुक्ति के लिए कोई तय मानदंड नहीं है. बेनी थॉमस उलिकल ग्राम पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. सनी जोसेफ ने ये भी बताया कि बेनी ने 2026 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान पेरावुर में बतौर UDF चीफ इलेक्शन एजेंट काम किया है. 

वीडियो: राजधानी: राहुल ने केरल में कैसे बनाया 'सत्ता का बैलेंस'?

Advertisement