दिल्ली में नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन चल रहा है. छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. इस बीच केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी को हटा दिया है. उनको शिक्षा मंत्रालय से ट्रांसफर करके पंचायती राज मंत्रालय में भेज दिया गया है. विनीत जोशी की जगह नरेश पाल गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया है.
देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव, शिक्षा सचिव समेत कई बड़े अधिकारियों के ट्रांसफर
दिल्ली में चल रहे NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन के बीच सरकार ने उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का ट्रांसफर कर दिया है. उनको शिक्षा मंत्रालय से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय भेज दिया गया है. उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को यह जिम्मेदारी दी गई है.

नरेश गंगवार 1994 बैच के IAS
नरेश पाल गंगवार 1994 बैच के IAS अधिकारी हैं. भारत सरकार ने नोटिस जारी कर बताया कि उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी को पद से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय भेज दिया गया है. उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. गंगवार इससे पहले पशुपालन और डेयरी विभाग में काम कर रहे थे. इसके साथ ही स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव भी बदले गए हैं. टी के अनिल कुमार को ग्रामीण विकास विभाग से ट्रांसफर करके वहां भेजा गया है.
इन अधिकारियों के भी हुए ट्रांसफर
कतिकिथला श्रीनिवास : आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय से उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय का सचिव बनाया गया है.
पीयूष गोयल (IAS) : खान मंत्रालय (मिनिस्ट्री ऑफ माइन्स) से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का महासचिव बनाया गया है.
सुशील कुमार लोहानी : पंचायती राज मंत्रालय से पशुपालन और डेयरी विभाग में स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर के तौर पर नियुक्त किया गया है.
अर्चना वर्मा : जल शक्ति मंत्रालय में राष्ट्रीय जल मिशन की मिशन डायरेक्टर बनाई गई हैं.
केशव चंद्रा : केशव चंद्रा को खान मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है.
डी. थारा : आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में पूंजी विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
बी. राजेंद्र : लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के डायरेक्टर बने रहेंगे.
चंद्र भूषण कुमार : चंद्र भूषण कुमार को श्रम और रोजगार मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है.
सत्येंद्र सिंह : कैबिनेट सचिवालय से शहरी विकास विभाग, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है.
सुचिंद्र मिश्रा : वाणिच्य विभाग से अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है.
पेपर लीक के चलते शिक्षा सचिव का ट्रांसफर!
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने शिक्षा सचिव के ट्रांसफर को नीट पेपर लीक से जोड़ा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामले में उदासीनता बरतने वाले शिक्षा सचिव को बदल दिया. पेपर लीक के गुनहगारों समेत शिथिलता या उदासीनता बरतने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी. मोदी गारंटी.
ये भी पढ़ें - ‘पिछले 7 साल में कोई पेपर लीक नहीं’, क्या शिक्षा मंत्री ने लोकसभा में झूठ बोला?
विनीत जोशी के ट्रांसफर को छात्रों के प्रदर्शन और नाराजगी से जोड़ कर देखा जा रहा है. उनकी जगह अब नरेश पाल गंगवार ने ली है. सरकार का यह कदम छात्रों के गुस्से को कम करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है. सरकार ये मैसेज देना चाहती है कि वो सिस्टम में बड़े सुधार लाने के लिए तैयार है. लेकिन दिल्ली समेत देश के तमाम शहरों में प्रदर्शन कर रहे छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम में मानने को तैयार नहीं है.
वीडियो: इस्तीफे की मांग के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पहला बयान आया सामने













