आंध्र प्रदेश के तेनाली से YSR कांग्रेस के विधायक ए शिव कुमार का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे पोलिंग स्टेशन पर एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं. जवाब में वो व्यक्ति भी विधायक को थप्पड़ जड़ देता है. लेकिन इसके बाद विधायक समेत आसपास के लोग उस व्यक्ति पर टूट पड़ते हैं और उसकी बुरी तरह पिटाई कर देते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक विधायक पर वोटिंग के दौरान पंक्ति तोड़ने का आरोप है. इसके कारण ये विवाद शुरू हुआ. वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने मामले में विस्तृत जांच का आदेश दिया है.
वोटर को विधायक ने मारा थप्पड़, उसने भी मारा थप्पड़, पोलिंग बूथ का वीडियो वायरल
YSR कांग्रेस के विधायक ए शिव कुमार का वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने मामले में विस्तृत जांच का आदेश दिया है.

इंडिया टुडे की अपूर्वा जयचंद्रण की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो गुंटूर जिले की एक पोलिंग बूथ का है. विधायक शिव कुमार और बाकी लोग वोट देने के लिए पंक्ति में खड़े थे. लेकिन शिव कुमार कथित रूप से पंक्ति तोड़कर आगे बढ़ गए. एक व्यक्ति ने उन्हें रोकने की कोशिश की. इसी पर विधायक ने पीछे मुड़कर व्यक्ति को थप्पड़ जड़ दिया. जवाब में विधायक को भी एक थप्पड़ मिला. इसके बाद विधायक और उनके समर्थक पोलिंग बूथ पर ही उस व्यक्ति को बुरी तरह पीटने लगे. घटना के बाद पुलिस ने विधायक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना तेनाली विधानसभा क्षेत्र में इटानगर की थी. आंध्र प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी मुकेश कुमार मीणा ने द हिंदू को बताया कि घटना की जानकारी चुनाव आयोग को मिली है और इसमें विस्तृत जांच का आदेश दिया गया है. उन्होंने कहा कि उनके पास बूथ के लाइव वेबकास्टिंग फुटेज हैं. गुंटूर के एसपी को विधायकों और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया गया.
मुकेश कुमार ने आगे बताया कि राज्य में कम से कम 10 छिटपुट हिंसा की घटनाएं हुई हैं. लेकिन पुलिस ने इन घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई की.
ये भी पढ़ें- क्या दिल्ली के CM आवास में स्वाति मालीवाल को पीटा गया? महिला आयोग ने क्या मांग की?
वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने YSR कांग्रेस पर निशाना साधा है. आंध्र प्रदेश बीजेपी ने लिखा कि क्या लोकतंत्र के लिए कोई सम्मान है? वहीं बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने लिखा कि VVIP अहंकार और गुंडागर्दी पूरी तरह दिख रही है.
13 मई को आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई. राज्य में सीएम जगन मोहन रेड्डी की YSR कांग्रेस, INDIA गठबंधन और एनडीए के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. एनडीए गठबंधन में इस बार बीजेपी के साथ पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी और जन सेना भी शामिल है.
वीडियो: लल्लनटॉप चुनाव यात्रा : अमेठी में राहुल गांधी और स्मृति ईरानी के समर्थकों में भयंकर भिड़ंत हो गई!











